असम की कार्रवाई के बाद मिजोरम पुलिस एक्शन में, हिमंत बिस्व सरमा समेत 6 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर
By विनीत कुमार | Published: July 31, 2021 07:37 AM2021-07-31T07:37:27+5:302021-07-31T07:42:20+5:30
मिजोरम पुलिस की ओर से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा समेत 6 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले असम की ओर से भी मिजोरम के 6 पुलिसकर्मियों को समन भेजा गया था।
असम- मिजोरम सीमा विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ है। इस विवाद ने शुक्रवार को नया रूप उस समय ले लिया जब असम ने मिजोरम के कोलासिब जिले के छह अधिकारियों को समन भेज दिया और साथ ही राज्य के इकलौते राज्य सभा सांसद के. वनलालवेना को भी पूछताछ के लिए 1 अगस्त को बुलाया है।
वहीं, असम की इस कार्रवाई के बाद मिजोरम पुलिस ने भी कोलासिब जिले के वैरेंगते नगर के बाहरी हिस्से में हुई हिंसा के मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, राज्य पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों और दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश के मामले दर्ज
मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) जॉन एन ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि सीमा नगर के पास मिजोरम और असम पुलिस बल के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद सोमवार देर रात को राज्य पुलिस द्वारा वैरेंगते थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि असम पुलिस के 200 अज्ञात कर्मियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किये गए हैं। इससे पहले असम की ओर से सांसद के. वनलालवेना के लिए पुलिस की टीम भी उनके आवास में भेजी गई। हालांकि वे नहीं मिले।
असम जारी कर चुका है ट्रैवल एडवायजरी
इससे पहले गुरुवार को असम सरकार ने एक यात्रा परामर्श जारी करके राज्य के लोगों से अशांत परिस्थितियों के मद्देनजर मिजोरम की यात्रा से बचने और वहां काम करने वाले और रहनेवाले राज्य के लोगों से ‘अत्यंत सावधानी बरतने’ को कहा।
बता दें कि इसी हफ्ते सोमवार को दोनों राज्यों में सीमा पर विवाद के बीच मिजोरम पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में असम के पांच पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत हो गई थी। साथ ही 50 अन्य घायल हो गए थे।
(पीटीआई इनपुट के साथ)