राजस्थान प्रशासनिक सेवाः जोधपुर की सड़कों पर झाड़ू लगाई, 2 बच्चों की परवरिश कर आरएएस अधिकारी बनीं आशा कंडारा
By सतीश कुमार सिंह | Published: July 15, 2021 05:37 PM2021-07-15T17:37:54+5:302021-07-15T17:39:13+5:30
जोधपुर की सड़कों पर झाड़ू लगाने वाली आशा कंडारा ने इतिहास रच दिया है। आठ साल पहले पति से घरेलू विवाद के बाद तलाक हो गया था।
जयपुरः राजस्थान प्रशासनिक सेवा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। मेहनत और लगन के बल पर कई छात्रों ने मुकाम हासिल किया है।
कई अभ्यर्थियों ने परचम लहराया है। कई एक-दूसरे के प्रेरणास्रोत बन गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोधपुर की सड़कों पर झाड़ू लगाने वाली आशा कंडारा ने इतिहास रच दिया है। आठ साल पहले पति से घरेलू विवाद के बाद तलाक हो गया था।
लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी। 2 बच्चों को पालन-पोषण करते हुए झंडा लहरा दिया। जोधपुर नगर निगम में कार्यरत आशा ने आरएएस अधिकारी बनकर दिखा दिया। मंगलवार रात को घोषित किए आरएएस परीक्षा-2018 के परिणामों में आशा ने 728वीं रैंक प्राप्त की है।
परीक्षा के 12 दिन बाद ही उसकी नियुक्ति सफाई कर्मचारी के पद पर हुई थी। इस दौरान सड़क पर झाड़ू लगाई और हिम्मत नहीं हारी। इससे पहले आशा ने ग्रेजुएशन भी पास कर दिखाया था। आशा अपनी सफलता पर खुश हैं। वह आगे कहती हैं कि अपने बच्चों को आईएएस अधिकारी बनाना है।
आशा कंडारा के पिता राजेंद्र कंडारा अकाउंटेंट सेवा से रिटायर हो चुके हैं। पिता ने कहा कि बेटी ने दिन-रात मेहनत की। ऑनलाइन क्लॉस भी की। इसके अलावा काम के प्रति कभी लापरवाही नहीं की। अगस्त में प्री पास करते ही मेंस परीक्षा में लग गई।
दो बच्चों की जिम्मेदारी रखने वालीं आशा ने कभी पढ़ाई करना नहीं छोड़ा। वह दिन में जोधपुर की सड़कों पर सफाई का काम करतीं और वक्त मिलने पर पढ़ाई करतीं, अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह मेहनत करती रहीं।