अरविंद कृष्ण बने IBM के CEO, गूगल समेत इन 9 कंपनियों में भी इस पद पर भारतीयों की धूम
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: February 1, 2020 04:39 AM2020-02-01T04:39:00+5:302020-02-01T04:39:00+5:30
57 वर्षीय कृष्ण ने आईबीएम के साथ अपनी पारी की शुरुआत 1990 में की थी। उन्होंने आईआईटी कानपुर से स्नातक की डिग्री ली है और यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है।
भारतीय मूल के दिग्गज प्रौद्योगिकी अधिकारी अरविंद कृष्ण को अमेरिका की प्रमुख आईटी कंपनी आईबीएम का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चुना गया है। वह कंपनी की मौजूदा सीईओ वर्जिनिया रोमेटी की जगह लेंगे। आईबीएम के निदेशक मंडल ने कृष्ण को कंपनी के सीईओ और निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में चुना है।
उनकी नियुक्ति छह अप्रैल से लागू होगी। कृष्ण वर्तमान में आईबीएम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (क्लाउड एवं कोगनिटिव सॉफ्टवेयर) हैं। रोमेटी करीब 40 साल कंपनी से जुड़े रहने के बाद इस साल के अंत में सेवानिवृत्त होंगी।
57 वर्षीय कृष्ण ने आईबीएम के साथ अपनी पारी की शुरुआत 1990 में की थी। उन्होंने आईआईटी कानपुर से स्नातक की डिग्री ली है और यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है।
कंपनी की ओर से जारी प्रेस बयान में कृष्ण ने कहा, "मैं आईबीएम का नया कार्यकारी अधिकारी चुने जाने को लेकर रोमांचित हूं। गिन्नी और निदेशक मंडल ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उसके लिए मैं आभारी हूं।"
बता दें कि दुनिया की दिग्गज कंपनियों और भी कई भारतीय उच्च पदों पर आसीन हैं और भारत का नाम रौशन कर रहे हैं। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल के सीईओ के पद पर कार्यरत हैं। पिचाई ने मैटेरियल इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया था और 2004 में वह प्रबंधन कार्यकारी के रूप में गूगल से जुड़ गए थे।
अमेरिका की बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ पद पर भारतीय मूल के सत्या नडेला आसीन हैं।
अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंप्यूटर सॉफ्टवेयर कंपनी अडोबी की बात करें तो इसके सीईओ भी भारतीय मूल के शांतनु नारायण हैं।
भारतीय मूल के अजयपाल सिंह बंगा अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा निगम मास्टरकार्ड के सीईओ हैं।
फिनलैंड की बहुराष्ट्रीय दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी नोकिया के सीईओ भारतीय मूल के राजीव सूरी है।
ब्रिटिश बहुराष्ट्रीय मादक पेय कंपनी डियाजियो के सीईओ इवान मिनेजिस भी भारतीय मूल के हैं।
भारतीय मूल के लक्ष्मण नरसिम्हन ब्रिटिश मल्टीनेशनल कंज्यूमर गुड्स कंपनी रेकिट बेंकीजर के सीईओ हैं।
दुनियाभर में ऑटोमेकर के लिए उत्पाद बनाने वाली कंपनी हारमैन के सीईओ भी भारतीय मूल के दिनेश पालीवाल हैं।
भारतीय मूल के वसंत नरसिम्हन स्विस बहुराष्ट्रीय दवा कंपनी नोवार्टिस के सीईओ हैं।
(पीटीआई-भाषा इनपुट के साथ)