अपने नए आशियाने में पहुंचे अखिलेश यादव, पूजा-पाठ कर किया गृह प्रवेश
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: June 16, 2018 08:35 AM2018-06-16T08:35:13+5:302018-06-16T08:36:45+5:30
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नए घर में प्रवेश कर लिया है। आज उन्होंने अपने परिवार के साथ नए घर में गृह प्रवेश किया। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीटर पर दी।
लखनऊ, 16 जून: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नए घर में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने आज अपने परिवार के साथ नए घर में गृह प्रवेश किया। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीटर पर दी।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आज ट्वीटर पर पत्नी डिंपल और अपने बच्चों संग गृह प्रवेश की पूजा की तस्वीर शेयर की है। अब अखिलेश यादव का नया घर अंसल के न्यू टाउनशिप में बनी सुशांत गोल्फ सिटी पर है, जिसका मकान नंबर C/02/0190 है। आज गृह प्रवेश की पूजा भी हुई और सबके आशीर्वाद से नये घर में प्रवेश का शुभ-कार्य भी संपन्न हुआ।
खास बात ये है कि इसी सुशांत गोल्फ सिटी के इलाके में मुलायम सिंह यादव का भी घर है, जहां वह शिफ्ट हो चुके हैं। कहा जा रहा है कि अखिलेश अगले 2 सालों तक इसी मकान में रहेंगे, जब तक विक्रमादित्य मार्ग में उनका निजी मकान बनकर तैयार नहीं हो जाता। इससे पहले बंगला खाली करने के बाद अखिलेश इससे पहले लखनऊ के ही होटल ताज में रह रहे थे।
वहीं, अखिलेश यादव पर सरकारी बंगले को छोड़ने के बाद तोड़फोड़ के आरोप लग रहे हैं जबकि बाद में इन आरोपों पर उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया था। अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उन्हें केवल बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले वो घर सीएम के तौर पर मुझे मिलने वाला था।
तभी मैंने अपनी पसंद से इसे बनवाया था। फिर उन्होंने टोटी दिखाते हुए कहा 'आज मैं टोटी यहां लेकर आया हूं, अब सरकार गिनती बता दे तो मैं पूरी टोटी दे दूंगा। उन्होंने आगे बताया कि उस बंगले के एक कोने में थोड़ा सा लड़की बना हिस्सा टूटा हुआ था। उसी एक चीज की फोटो लेकर ये कहा जा रहा है कि घर की तोड़फोड़ की गई है। अखिलेश यादव ने कहा 'लोग प्यार में अंधे होंगे पर जलन और नफरत में अंधे होते हैं ये मैंने देखा है।