अखिलेश यादव के काफिले के साथ हरदोई में हादसा, गाड़ियां आपस में टकराई, कई लोग घायल
By विनीत कुमार | Published: February 3, 2023 04:45 PM2023-02-03T16:45:01+5:302023-02-03T16:56:59+5:30
यूपी के हरदोई में अखिलेश यादव का काफिला एक हादसे का शिकार हो गया। अखिलेश यादव के काफिले की गाड़ियां दरअसल आपस में टकरा गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
हरदोई: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला शुक्रवार को एक हादसे का शिकार हो गया। उनके काफिले की कम से कम चार गाड़ियां आपस में टकरा गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हादसा हरदोई में हुआ। सामने आई जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव जिस गाड़ी में बैठे हुए थे, उसे कोई नुकसान नहीं हुआ।
अखिलेश यादव दरअसल अपने काफिले के साथ हरपालपुर के बैठापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी बीच फरहत नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास मल्लावा बिलग्राम रोड पर तीखा मोड़ होने की वजह से एक गाड़ी ने ब्रेक लगाया। इससे काफिले में पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं।
हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें गाड़ियां क्षतिग्रस्त दिख रही हैं। एंबुलेंस भी वहां नजर आ रहा है। साथ ही कई लोग घटनास्थल के आसपास जमा नजर आ रहे हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव आज #हरदोई के दौरे पर हैं। एक्सप्रेस-वे से होकर मल्लावां के रास्ते हरपालपुर जाने के दौरान उनके काफिले में शामिल छह गाड़ियां कटरा-बिल्हौर हाइवे पर फरहत नगर रेलवे क्रासिंग के करीब हादसे का शिकार हो गईं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।#hardoi#akhileshyadavpic.twitter.com/rxYUpINSmC
— Tariq Iqbal (@tariq_iqbal) February 3, 2023