'दिल्ली से नहीं उड़ने दिया जा रहा मेरा हेलिकॉप्टर, मुजफ्फरनगर जाने से रोका', अखिलेश यादव का आरोप

By विनीत कुमार | Published: January 28, 2022 03:42 PM2022-01-28T15:42:06+5:302022-01-28T16:02:11+5:30

यूपी विधानसभा चुनाव: अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर आरोप लगाया कि उन्हें दिल्ली से मुजफ्फरनगर जाने से साजिश के तहत रोकने का प्रयास हुआ। बाद में उन्होंने एक और ट्वीट किया वे उड़ान भरने जा रहे हैं।

Akhilesh Yadav alleges his chopper not being allowed to fly from Delhi To UP as a conspiracy | 'दिल्ली से नहीं उड़ने दिया जा रहा मेरा हेलिकॉप्टर, मुजफ्फरनगर जाने से रोका', अखिलेश यादव का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए साजिश के आरोप (फोटो- ट्विटर)

Highlightsअखिलेश यादव ने शुक्रवार दोपहर एक ट्वीट कर भाजपा पर साजिश रचने के आरोप लगाए।अखिलेश ने कहा कि बिना वजह उनके हेलिकॉप्टर को मुजफ्फरनगर के लिए उड़ान भरने से रोका गया।अखिलेश ने कहा- 'भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं, हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साजिश है'

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी भाजपा के लिए चुनौती पेश कर रहे समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बड़ा आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने शुक्रवार  दोपहर आरोप लगाया कि उनके हेलिकॉप्टर को बिना वजह काफी देर तक दिल्ली में रोककर रखा गया और मुजफ्फरनगर जाने नहीं दिया जा रहा है। इसके कुछ देर बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया और बताया वे उड़ान भरने जा रहे हैं।

'भाजपा रच रही हताशा भरी साजिश'

अखिलेश यादव ने सबसे पहले एक अपनी तस्वीर के साथ दोपहर करीब ढाई बजे ट्वीट करते हुए लिखा, 'मेरे हेलिकॉप्टर को अभी भी बिना किसी कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है। जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साजिश है। जनता सब समझ रही है।'

इसके कुछ देर बाद उन्होंने एक और ट्वीट कर लिखा, 'सत्ता का दुरूपयोग हारते हुए लोगों की निशानी है…समाजवादी संघर्ष के इतिहास में ये दिन भी दर्ज होगा! हम जीत की ऐतिहासिक उड़ान भरने जा रहे हैं…' 

अखिलेश यादव ने ये बड़ा बयान उस समय लगाया है जब अगले कुछ दिनों में 10 फरवरी को यूपी में पहले चरण के तहत विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं।

यूपी विधानसभा चुनाव की शुरुआत इस बार भी पिछली बार की तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हो रही है, जहां जाट और मुस्लिम वोट बेहद अहम हैं। मुजफ्फरनगर में भी पहले चरण में मतदान होना है। मुजफ्फरनगर जिले में 6 विधानसभा सीटें हैं।

मुजफ्फरनगर में आज ही आरएलडी के जयंत चौधरी के साथ अखिलेश यादव को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करनी है। दोनों नेता दो प्रेस कॉन्फ्रेंस आज साथ मिलकर करने वाले हैं। पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस मुजफ्फरनगर में और दूसरी मेरठ में होनी है।

Web Title: Akhilesh Yadav alleges his chopper not being allowed to fly from Delhi To UP as a conspiracy

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे