मोदी के खिलाफ अजय राय होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, प्रियंका के लड़ने की अटकलों पर विराम

By भाषा | Published: April 26, 2019 02:48 AM2019-04-26T02:48:30+5:302019-04-26T02:48:30+5:30

Ajay Rai against Modi, Congress candidate, pauses on speculation that Priyanka will fight | मोदी के खिलाफ अजय राय होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, प्रियंका के लड़ने की अटकलों पर विराम

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी ने साबित किया है कि वह पार्टी की स्टार प्रचारक हैं

Highlightsप्रियंका ने खुद इसे हवा तब दी जब उन्होंने मंगलवार को कहा था कि वह इस मसले पर पार्टी के फैसले से बंधी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनका (प्रियंका गांधी) प्रभाव पूरे देश पर होगा।

वाराणसी लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अजय राय को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने संबंधी अटकलों पर विराम लग गया। राय का नाम सामने आने के बाद ‘प्रियंका हां-प्रियंका नहीं’ के सवाल पर छाये संशय के बादल छंट गये।

राय ने 2014 में भी मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा था लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें करीब 75 हजार वोट मिले थे। मोदी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को करीब 3.75 लाख वोटों के भारी अंतर से मात दी थी। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, वाराणसी से अजय राय और गोरखपुर से मधुसूदन तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है।

गोरखपुर से भाजपा ने प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन को टिकट दिया है। पिछले कई हफ्ते से यह अटकलें चल रही थीं कि प्रियंका वाराणसी से मोदी को चुनौती दे सकती हैं। पार्टी और खुद प्रियंका की तरफ से ऐसे संकेत मिले थे जिनसे इस अटकल को और बल मिला था। पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक साक्षात्कार में कहा था कि प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर फैसला हो गया है और इस पर संशय बने रहने दीजिए।

प्रियंका ने खुद इसे हवा तब दी जब उन्होंने मंगलवार को कहा था कि वह इस मसले पर पार्टी के फैसले से बंधी हैं। प्रियंका को वाराणसी सीट से टिकट नहीं दिये जाने के सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा, ‘‘प्रत्याशियों को उतारने के लिए हमारे पाास अपनी प्रक्रिया और तंत्र है। हमारा विश्वास है कि पूरे राज्य (उत्तर प्रदेश) और पूरे देश को प्रियंका गांधी के नेतृत्व की आवश्यकता है। वह राज्य के एक बड़े हिस्से की महासचिव हैं। हमारा लक्ष्य क्षेत्र से अधिकतम सीटों पर विजयी होना है और मतदाताओं पर उनके नेतृत्व एवं सादगी का प्रभाव पड़ता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका (प्रियंका गांधी) प्रभाव पूरे देश पर होगा।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी ने साबित किया है कि वह पार्टी की स्टार प्रचारक हैं और उनके रोडशो एवं रैलियों में उत्साही लोगों की भीड़ उमड़ रही है। समाजवादी पार्टी ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुईं शालिनी यादव को टिकट दिया है। वाराणसी में 19 मई को मतदान होगा।

इन दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद कांग्रेस ने 424 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिये है। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को वाराणसी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। 

Web Title: Ajay Rai against Modi, Congress candidate, pauses on speculation that Priyanka will fight