राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन में किया बड़ा फेरबदल, अहमद पटेल को बनाया कोषाध्यक्ष

By भाषा | Published: August 21, 2018 03:28 PM2018-08-21T15:28:47+5:302018-08-21T15:28:47+5:30

वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है।

Ahmed Patel appointed Congress treasurer | राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन में किया बड़ा फेरबदल, अहमद पटेल को बनाया कोषाध्यक्ष

राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन में किया बड़ा फेरबदल, अहमद पटेल को बनाया कोषाध्यक्ष

नई दिल्ली, 21 अगस्तःकांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि अब तक इस जिम्मेदारी को संभाल रहे मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी के स्थान पर लुईजिन्हो फ्लेरियो को पूर्वोत्तर के राज्यों (असम को छोड़कर) का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है।

वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया गया है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी बतौर कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना करती है।’’ वोरा पिछले 17 वर्षों से पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल को कोषाध्यक्ष बनाए जाने को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को पूर्वोत्तर प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि जोशी राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और इसी के मद्देनजर उनको राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। 

Web Title: Ahmed Patel appointed Congress treasurer

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे