पंजाबः खनन माफियों के हमले से AAP विधायक अमरजीत सिंह घायल, अस्पताल में भर्ती 

By भाषा | Published: June 22, 2018 05:09 AM2018-06-22T05:09:07+5:302018-06-22T05:09:07+5:30

पुलिस ने बताया कि विधायक का सुरक्षाकर्मी, हेड कांस्टेबल सुखदीप सिंह को भी चोट आई है। दोनों पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया गया। यह घटना तब हुई है जब तीन दिन पहले मोहाली जिले में कथित तौर पर रेत खनन माफिया के सदस्यों ने वन विभाग के छह अधिकारियों पर हमला किया था जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

AAP MLA Amarjit Singh Sandoa injured in attack by sand mafia in Punjab | पंजाबः खनन माफियों के हमले से AAP विधायक अमरजीत सिंह घायल, अस्पताल में भर्ती 

पंजाबः खनन माफियों के हमले से AAP विधायक अमरजीत सिंह घायल, अस्पताल में भर्ती 

रोपड़/चंडीगढ़, 22 जूनः पंजाब के रूपनगर जिले में कथित तौर पर रेत खनन माफिया के लोगों ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर हमला किया। आम आदमी पार्टी ने बताया कि स्थानीय विधायक पर उस समय हमला किया गया जब वह नुरपूर बेदी के समीप बेनहारा गांव में अवैध रेत खनन की रिपोर्टों की पुष्टि करने गए थे। पार्टी ने बताया कि वह अस्पताल में हैं और उनकी हालत स्थिर है।

पुलिस ने बताया कि विधायक का सुरक्षाकर्मी, हेड कांस्टेबल सुखदीप सिंह को भी चोट आई है। दोनों पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया गया। यह घटना तब हुई है जब तीन दिन पहले मोहाली जिले में कथित तौर पर रेत खनन माफिया के सदस्यों ने वन विभाग के छह अधिकारियों पर हमला किया था जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद रूपनगर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया तथा दो ओर लोगों की तलाश जारी है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रोपड़ उपायुक्त से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। विपक्षी दलों ने घटना पर आक्रोश जताया है।

पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आप के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि संदोआ पर खनन माफियाओं के गुंडों ने हमला किया। हालांकि, रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज बच्चन सिंह संधू ने कहा कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि क्या यह अवैध खनन का मामला है। हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान आप विधायक की पगड़ी उछाली गई और उनके सुरक्षाकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की गई। संधू ने बताया कि पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि विधायक के दो सुरक्षाकर्मी उनकी रक्षा करने में विफल कैसे रहे। उन्हें पुलिस लाइंस भेज दिया गया है।

आप विधायक अपने सहयोगियों और कुछ मीडिया कर्मियों के साथ रेत खदान में गए थे। विधायक को चंडीगढ़ में पीजीआईएमईआर अस्पताल ले जाया गया। बाद में हेड कांस्टेबल को भी वहीं भर्ती कराया गया। विपक्षी दलों ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है।

खैरा ने दिल्ली से चंडीगढ़ लौटते वक्त फोन पर बताया कि अगर यह निर्वाचित प्रतिनिधियों की हालत है जिन्हें सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है, तो आप आम नागरिकों के बारे में कल्पना कीजिए। शिरोमणि अकाली दल-भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल वी पी  सिंह बदनौर को एक ज्ञापन सौंपा। पंजाब भाजपा प्रमुख श्वेत मलित ने बाद में पत्रकारों से कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार में कानून का राज नहीं है।

जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनकी पहचान जसविंदर सिंह गोल्डी, मनजीत सिंह और अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। ये सभी बेनहारा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि इनके पास से एक एसयूवी और 12 बोर की दो बंदूकें बरामद की गई हैं। पुलिस अभी मुख्य आरोपी अजविंदर सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस ने कहा कि अजविंदर की आपराधिक पृष्ठभूमि है और उस पर पहले ही कई मामले चल रहे हैं।

लोकमत न्यूज के लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो और स्पेशल पैकेज के लिए यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें!

Web Title: AAP MLA Amarjit Singh Sandoa injured in attack by sand mafia in Punjab

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे