'आप' की गुजरात-हिमाचल में करारी हार के बावजूद इस बड़ी उपलब्धि की ओर पार्टी! मनीष सिसोदिया ने किया ऐलान
By विनीत कुमार | Published: December 8, 2022 12:34 PM2022-12-08T12:34:44+5:302022-12-08T13:04:50+5:30
मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी है। चुनाव आयोग ने इसका कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, गुजरात चुनाव के आ रहे नतीजे बताते हैं कि 'आप' को देश की 8वीं राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल सकता है।

'आप' देश की 8वीं राष्ट्रीय पार्टी बनने के करीब (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि गुजरातियों का वोट आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना देगा। उन्होंने ट्वीट कर साथ ही कहा, 'पहली बार राष्ट्रीय राजनीति में शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे अपनी छाप छोड़ रहे हैं।'
सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, 'गुजरात की जनता के वोट से आम आदमी पार्टी आज राष्ट्रीय पार्टी बन रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य की राजनीति पहली बार राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बना रही है। इसके लिए पूरे देश को बधाई।'
गुजरात की जनता के वोट से आम आदमी पार्टी आज राष्ट्रीय पार्टी बन रही है.
— Manish Sisodia (@msisodia) December 8, 2022
शिक्षा और स्वास्थ्य की राजनीति पहली बार राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बना रही है.
इसके लिए पूरे देश को बधाई.
बता दें कि दिल्ली, पंजाब और गोवा में पहले से ही 'आप' राज्य की पार्टी के रूप में मान्यता प्राप्त कर चुकी है। नियमों के अनुसार 'आप' राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने से अब सिर्फ एक राज्य दूर है।
एक राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने के लिए एक राजनीतिक संगठन को कम से कम चार राज्यों में मान्यता प्राप्त करने की जरूरत होती है। एक राज्य में पार्टी के रूप में मान्यता प्राप्त करने के लिए उसे कम से कम दो सीटों और विधानसभा चुनाव में 6 प्रतिशत वोट जीतने की जरूरत होती है।
ऐसे में गुजरात चुनाव में 'आप' को सिर्फ दो सीटें जीतने और 6 फीसदी वोट हासिल करने की जरूरत है। गुजरात चुनाव के आ रहे मौजूदा नतीजों को देखें तो वह 6 सीट पर आगे चल रही है। साथ ही करीब 13 प्रतिशत वोट शेयर उसके पाले में है। ऐसे में संभव है कि चुनाव आयोग अगले कुछ दिनों में 'आप' के राष्ट्रीय पार्टी होने के संबंध में घोषणा कर सकता है। हिमाचल प्रदेश में 'आप' का प्रदर्शन निराशानजक है और पार्टी खाता भी खोलती नजर नहीं आ रही है।
देश में अभी कितनी राष्ट्रीय पार्टी?
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार देश में अभी 7 राष्ट्रीय पार्टियां हैं। आप इस उपलब्धि को हासिल करती है तो वह देश की 8वीं राष्ट्रीय पार्टी बन जाएगी। फिलहाल राष्ट्रीय पार्टी का दर्ज जिन्हें प्राप्त है, वे हैं- एनसीपी, कांग्रेस, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्कसिस्ट), कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, भाजपा, बसपा और तृणमूल कांग्रेस।