Aaj Ki Taja Khabar: हरियाणा में कोरोना के आज 755 नए केस आए सामने, 3 लोगों की मौत
By विनीत कुमार | Updated: August 6, 2020 21:56 IST2020-08-06T09:02:26+5:302020-08-06T21:56:30+5:30

Aaj Ki Taja Khabar: हरियाणा में कोरोना के आज 755 नए केस आए सामने, 3 लोगों की मौत
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 6 अगस्त के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 19 लाख के पार हो गए हैं। हाल के दिनों में अब कोरोना की चपेट में बड़े-बड़े चेहरे आने लगे हैं। भारत में अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 12 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
वैसे, आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 19,64,537 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 19,64,537 है। दूसरी ओर 13,28,337 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 40,699 हो गई है। ये आंकड़े गुरुवार (6 अगस्त) सुबह तक के हैं।
इन सब के बीच बुघवार को अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भूमिपूजन किया। वहीं, मुंबई में बारिश से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कई जगहों पर लोकल ट्रेनें ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण फंस गई। मुंबई, ठाणे और पालघर में आज भी बारिश के आसार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के चलते उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
दूसरी ओर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को अब जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल के तौर पर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिरीश चंद्र मूर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इससे पहले बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने इस्तीफा दे दिया था।
06 Aug, 20 : 09:45 PM
भारत ने जम्मू कश्मीर को लेकर तुर्की की टिप्पणी को बृहस्पतिवार को ‘तथ्यात्मक रूप से गलत, पक्षपातपूर्ण और अवांछनीय ’बताया । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने तुर्की को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने से बचने को कहा । प्रवक्ता से तुर्की की उस टिप्पणी के बारे में पूछा गया था जिसमें उसने कहा था कि जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने से क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता को कोई फायदा नहीं हुआ है। उन्होंने आनलाइन मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘ यह बयान तथ्यात्मक रूप से गलत, पक्षपातपूर्ण और अवांछनीय है। हम तुर्की की सरकार से आग्रह करते हैं कि वह जमीनी स्थिति की उपयुक्त समझ प्राप्त करे और भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने से बचे । ’’ गौरतलब है कि तुर्की के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा था कि जम्मू कश्मीर से विशेष दर्जे को वापस लेने से स्थिति और जटिल हो गई है । इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता को फायदा नहीं हुआ । तुर्की ने यह आलोचना भारत के जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने की पहली वर्षगांठ के दिन की।
06 Aug, 20 : 09:24 PM
महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 11,514 नए मामले सामने आए। यह राज्य में किसी एक दिन में सामने आए संक्रमण के मामलों की सबसे अधिक संख्या है। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,79,779 तक पहुंच गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी विभाग ने एक बयान में बताया कि वायरस के कारण 316 मरीजों की मौत हो गयी जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16,792 हो गयी। बृहस्पतिवार को 10,854 मरीज स्वस्थ हो गए और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। राज्य में अब तक 3,16,375 मरीज बीमारी से उबर चुके हैं। बयान के अनुसार राज्य में अभी 1,46,305 रोगी हैं और अब तक 24,87,990 लोगों की जांच की गयी है।
06 Aug, 20 : 09:12 PM
पाकिस्तान के सैनिकों ने बुधवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास दो सेक्टर में भारी गोलाबारी की जिसका भारतीय सैनकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने बताया कि गोलाबारी में कुछ ढांचों को नुकसान हुआ है। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि रात करीब आठ बजे पाकिस्तान की सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास बालाकोट और मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलियां बरसाईं और मोर्टार दागे। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। पाकिस्तान की सेना ने पिछले महीने 51 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और राजौरी, पुंछ, कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में नियंत्रण रेखा के पास रोजाना गोलाबारी की।
06 Aug, 20 : 09:12 PM
मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में कोविड-19 के आठ नए मामले सामने आए, जिससे इलाके में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,597 पहुंच गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बुधवार को इस क्षेत्र में संक्रमण का एक मामला सामने आया था। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र से अब कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 82 हो गई है। उन्होंने बताया कि 2,257 मरीज पहले ही संक्रमण से उबर चुके हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, नगर निकाय ने पिछले महीने से इस क्षेत्र में कोविड-19 से होने वाली मौतों (अगर हुई हो तो) का खुलासा करना बंद कर दिया है। 2.5 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैले धारावी को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गियों में से एक माना जाता है, जिसकी आबादी साढ़े छह लाख से अधिक है।
06 Aug, 20 : 08:05 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह जहरीली शराब कांड से पीड़ित परिवारों से मिलने शुक्रवार को तरन तारन जिला जाएंगे। पंजाब में जहरीली शराब कांडमें अभी तक 113 लोगों की मौत हुई है। सिंह के साथ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़, पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता और उनके मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार भी जाएंगे। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रावीन ठुकराल ने ट्वीट किया है, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर जहरीली शराब कांड से पीड़ित परिवारों से मिलने कल सुबह तरन तारन जाएंगे। उनके साथ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़, पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता और उनके मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार भी होंगे।’’
06 Aug, 20 : 07:53 PM
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत ब्याज दर को यथावत रखे जाने के बाद बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 74.94 पर पूर्ववत बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में सुबह रुपया 74.82 पर मजबूत खुला। दिन के कारोबार के दौरान यह मजबूती कायम नहीं रह सकी और अंत में रुपया 74.94 प्रति डॉलर पर अपरिवर्तित रुख लिए बंद हुआ। कारोबार के दौरान विनिमय दर 74.77-74.96 रुपये प्रति डालर के बीच ऊपर नीचे होती रही। रिजर्वबैंक ने बृहस्पतिवार को रेपो दर चार प्रतिशत वार्षिक पर अपरिवर्तित रखा ताकि मुद्रास्फीति पर लगाम लगाने में मदद मिले। तीस शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स अंत में 362.12 अंक की तेजी के साथ 38,025.45 अंक पर बंद हुआ।
06 Aug, 20 : 07:27 PM
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि लेह-मनाली राजमार्ग पर बन रही 8.8 किलोमीटर लंबी रोहतांग सुरंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सितंबर के अंतिम सप्ताह में किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सुरंग से राज्य के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों तक सभी मौसम में यातायात संपर्क कायम हो सकेगा। उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यह परियोजना लगभग 3,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, " यह सुरंग अटल बिहारी वाजपेयी का सपना थी और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर के अंतिम सप्ताह में इसका उद्घाटन कर सकते हैं।’’ यह सुरंग देश की सबसे लंबी सड़क सुरंगों में से एक है और यह हिमालय के पूर्वी पीर पंजाल रेंज में रोहतांग दर्रे के नीचे 10,171 फुट की ऊंचाई पर बनाई जा रही है। इससे मनाली और लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग के बीच की दूरी लगभग 45 किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चीन की सीमा से लगे क्षेत्रों में हेलीपैड विकसित करने में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के साथ सहयोग कर रही है।
06 Aug, 20 : 07:12 PM
दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 1,299 नये मामले सामने आये, जिससे शहर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1.41 लाख से अधिक हो गई। वहीं, मृतक संख्या बढ़कर 4,059 हो गई। यह जानकारी प्राधिकारियों ने दी। नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 15 मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई। बुधवार को 1,076 नए मामले सामने आए थे और 11 मरीजों की मौत हुई थी। बुलेटिन के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 10,348 हो गई, जो कि कल 10,072 थी। गत 23 जून को राष्ट्रीय राजधानी में एक दिन में सबसे अधिक 3,947 नये मामले सामने आये थे। बृहस्पतिवार की बुलेटिन में कहा गया है कि मृतक संख्या बढ़कर 4,059 हो गई है, जबकि संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,41,531 हो गई है।
06 Aug, 20 : 06:06 PM
संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिविल सेवा परीक्षा, 2019 के जरिए चयनित 829 लोगों के अलावा उसने उम्मीदवारों की एक आरक्षित (रिजर्व) सूची भी रखी है। सरकार ने कुल 927 रिक्तियों की घोषणा की थी। आयोग ने एक बयान में यह जानकारी दी। यूपीएससी का यह बयान उन खबरों की पृष्ठभूमि में आया है कि परीक्षा के माध्यम से कम उम्मीदवारों का चयन किया गया है। बयान में कहा गया है, ‘‘सिविल सेवा परीक्षाओं के तहत सेवाओं/पदों पर भर्ती के लिए आयोग पूरी सख्ती के साथ भारत सरकार द्वारा अधिसूचित नियमों के तहत काम करता है। यहां यह स्पष्ट किया जाता है कि सिविल सेवा परीक्षा, 2019 के तहत 927 रिक्तियों के मुकाबले, आयोग ने पहली बार में 829 उम्मीदवारों का परिणाम घोषित किया है और एक आरक्षित सूची भी रखी गई है। ’’ बयान में कहा गया है कि दशकों से इसी तरह से काम किया जा रहा है। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों की घोषणा मंगलवार को की थी।
06 Aug, 20 : 05:20 PM
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि मूसलाधार बारिश ने सूडान में भारी तबाही मचायी है जिससे 50,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र मानवीय कार्य समन्वय कार्यालय (यूएनओसीएचए) ने बुधवार देर रात कहा कि सूडान के 18 प्रांतों में से 14 प्रांत पिछले कई दिनों में भारी बाढ़-बारिश का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर दारफुर, व्हाइट नील, सेन्नार और कासला प्रांत तूफान और बाढ़ की से प्रभावित हैं। यूएनओसीएचए ने कहा, "सूडान मौसम विज्ञान प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि देश के अधिकांश हिस्सों में अगस्त और सितंबर के दौरान अधिक भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे आगे और बाढ़ आ सकती है।" पिछले हफ्ते भारी बारिश के कारण ब्लू नील प्रांत में बाउट बांध के गिरने से 1,200 घर बर्बाद हो गए और देश भर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। सूडान सरकार और मानवीय एजेंसियां स्थिति की निगरानी कर रही हैं और प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान कर रही हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले साल जुलाई और अगस्त के बीच सूडान के 16 प्रांतों में बाढ़ ने कुल 78 लोगों की जान ले ली।
06 Aug, 20 : 05:20 PM
दक्षिण गोवा के एक गांव में बृहस्पतिवार को ट्रक पलटने से उसमें सवार बिजली विभाग के तीन कर्मियों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिजली के खंभों से लदा ट्रक दोपहर के समय बोरिम गांव में ज़ुआरी नदी के ऊपर बने एक पुल के नजदीक पलट गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में सवार तीन कर्मचारी वाहन में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा दमकल एवं आपात सेवाओं के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और क्रेन के जरिये ट्रक को सीधा करके उसके नीचे दबी लाशों को बाहर निकाला। गोवा के ऊर्जा मंत्री नीलेश कबराल ने घटनास्थल का मुआयना करने और मृत कर्मियों के परिवारों के लिये मुआवजा घोषित करने की बात कही।
06 Aug, 20 : 05:18 PM
वित्तीय प्रोद्योगिकी एवं सेवा कंपनी पेटीएम ने भावेश गुप्ता को अपने ऋण कारोबार का मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि गुप्ता पेटीएम के अध्यक्ष अमित नायर के प्रति जवाबदेह होंगे। पेटीएम ने कहा कि गुप्ता के नेतृत्व में कंपनी भारत के लोगों और यहां की सूक्ष्म एवं मझोली इकाइयों के लिए नये नये वित्तीय उत्पाद व सुविधाएं प्रस्तुत करने के लिए नवप्रवर्तन व सरलीकरण का काम जारी रखेगी। गुप्ता हाल में क्लिक्स कैपिटल के संस्थापक सदस्य और सीईओ के तौर पर काम कर चुके हैं। क्लिक्स कैपिटल पहले जीई कैपिटल इंडिया के नाम से जानी जाती थी। वह आईडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से भी जुड़ रहे हैं।
06 Aug, 20 : 04:53 PM
कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी गिरोह के एक वांछित बदमाश को थाना कासना पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस उपायुक्त विशाल पांडे ने बताया कि थाना कासना पुलिस ने गैंगस्टर कानून के तहत वांछित कदीम को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि यह बदमाश कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी के लिए काम करता है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
06 Aug, 20 : 04:53 PM
बेरुत के बंदरगाह पर हुए विस्फोट के बाद फ्रांस उनके साथ खड़ा है यह जताने के लिए राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों यहां आए हैं। फ्रांस और अन्य देशों ने आपात सहायता और खोज एवं बचाव दलों को यहां भेजा है। लेकिन पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे लेबनान को वापस खड़े करने के लिए बड़ी अंतरराष्ट्रीय मदद की जरुरत होगी। विस्फोट में कम से कम 135 लोग मारे गए हैं, हजारों की संख्या में लोग घायल हैं और बेरुत का बंदरगाह बर्बाद हो गया है। गौरतलब है कि सरकार ने बुधवार को बंदरगाह के सभी अधिकारियों को नजरबंद कर दिया और इस भीषण विस्फोट की जांच के आदेश दिए। वहीं बृहस्पतिवार को लेबनान की सेना ने अपने बुलडोजरों की मदद से मलबे को हटाया और बंदरगाह तबाह होने के कारण अवरुद्ध हो गई सड़कों को खोला। विस्फोट मंगलवार को हुआ था। ऐसा लग रहा है कि दुर्घटनावश लगी आग के कारण बंदरगाह पर रखे अमोनियम नाइट्रेट के जखीरे में विस्फोट हो गया और बंदरगाह पूरी तरह तबाह हो गया। दुर्घटना में कम से कम 135 लोग की मौत हुई है जबकि 5,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
06 Aug, 20 : 04:51 PM
सरकारी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि कर्नाटक के एक सरकारी अस्पताल को दो एम्बुलेंस दान में दिए गए हैं। एचएएल ने बाउरिंग एंड लेडी कर्जन चिकित्सा कॉलेज एवं अनुसंधान संस्थान (बीएलसीएमसीएंडआरआई) को ये एम्बुलेंस कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत दिए हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति में एचएएल सीएमडी आर माधवन को यह कहते हुए उद्धृत किया गया है कि इनका इस्तेमाल उन मरीजों को लाने-ले जाने में किया जा सकता है, जिन्हें चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत होती है। राज्य चिकित्सा शिक्षा मंत्री के सुधाकर और सरकार तथा एचएएल के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एक कार्यक्रम में अस्पताल को ये दो एम्बुलेंस सौंपे गए।
06 Aug, 20 : 04:50 PM
भारतीय मूल की अमेरिकी चिकित्सक हिरल टिपिरनेनी ने एरिजोना से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल की है। इस सीट पर उनका मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के मौजूदा सांसद डेविड श्विकर्ट से होगा। नये सर्वेक्षण से पता चला है कि वह रिपब्लिकन उम्मीदवार से महज तीन अंक पीछे चल रही हैं। इस सीट को रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माना जाता है। टिपिरनेनी ने कहा, ‘‘मैं एरिज़ोना के छठे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में नामित होकर सम्मानित महसूस कर रही हूं।’’ भारत से जब टिपिरनेनी का परिवार अमेरिका गया, तब वह केवल तीन वर्ष की थीं। वह और उनके पति डॉ. किशोर टिपिरनेनी एरिजोना में रहते हैं और उनके तीन बच्चे हैं। कैलिफोर्निया की भारतीय-अमेरिकी सीनेटर कमला हैरिस सहित डेमोक्रेटिक पार्टी के कई नेताओं ने उनका समर्थन किया है। भाषा
06 Aug, 20 : 04:43 PM
भगोड़े हीरा व्यवसायी नीरव मोदी की हिरासत अवधि 27 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। दो अरब डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले और धनशोधन मामले के आरोपी नीरव को ब्रिटेन की एक अदालत के समक्ष वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेश किया गया। पिछले वर्ष मार्च में गिरफ्तारी के बाद से ही 49 वर्षीय हीरा व्यवसायी दक्षिण पश्चिम लंदन की वांड्सवर्थ जेल में बंद है। उसे लंदन में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत में जिला न्यायाधीश वेनेसा बेरेटसर के समक्ष वीडियो कांफ्रेंस से पेश किया गया। उसे बताया गया कि सात सितम्बर से पांच दिनों की सुनवाई से पहले होने वाली सुनवाई मामला प्रबंधन सुनवाई होगी। न्यायाधीश बेरेटसर ने कहा, ‘‘आप फिर से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेश होंगे। आपके वकील अदालत में उपस्थित रह सकते हैं।’’ मोदी के प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई के पहले चरण में मई में जिला न्यायाधीश सैम्युअल गूजी ने सुनवाई की थी और दूसरे चरण की सुनवाई सात से 11 सितम्बर के बीच होनी है। अगले महीने होने वाली सुनवाई में मोदी के खिलाफ प्रथमदृष्ट्या मामला तय करने के लिए जिरह पूरी होगी और भारतीय अधिकारी दूसरी बार प्रत्यर्पण का आग्रह करेंगे, जिसे इस वर्ष की शुरुआत में ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने मंजूर किया था।
06 Aug, 20 : 04:42 PM
जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बृहस्पतिवार को बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए एक 'मेडिसिन वैन' को हरी झंडी दिखाई। जनजातीय मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार दिल्ली स्थित ठाकुरद्वारा ट्रस्ट ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 15 लाख रुपये की दवाइयां उपलब्ध कराई हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए करीब 2,000 कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। मंत्री ने ठाकुरद्वारा ट्रस्ट में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी भूरे लाल और उनके सहयोगियों की समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा की सराहना की। बिहार में बाढ़ के कारण नौ लोगों की मौत हो गयी है। राज्य के 16 जिलों में 66 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं।
06 Aug, 20 : 03:57 PM
बदायूं जिले के थाना इस्लामनगर क्षेत्र में जर्जर सरकारी मकान की छत गिरने से सेवानिवृत कर्मचारी, उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया की कस्बा इस्लामनगर में स्वास्थ्य विभाग के एक पुराने सरकारी मकान में स्वास्थ्य विभाग के अवकाश प्राप्त नर्सिंग असिस्टेंट सुशील अपने परिवार के साथ रहते थे। आवास बेहद जर्जर हालत में था और तेज बारिश की वजह से उसकी छत गिर गयी थी। आवास के पास से बृहस्पतिवार को बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
06 Aug, 20 : 03:26 PM
महाराष्ट्र सरकार ने अमृत आहार योजना के तहत गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को अतिरिक्त दूध भंडार से निर्मित दूध पाउडर की आपूर्ति करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि दूध के पाउडर को पैक करके 6.51 लाख बच्चों और 1.21 लाख गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को मुहैया कराया जाएगा। बयान के अनुसार यह योजना एक वर्ष के लिए 121 करोड़ रुपये की लागत से लागू की जाएगी, जबकि दूध के पाउडर की लागत 246 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक है। दूध के पाउडर में 34 फीसदी प्रोटीन होता है, जो बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए आवश्यक है। बयान के अनुसार, अप्रैल से जुलाई तक लॉकडाउन के दौरान, राज्य सरकार ने किसानों से 5.94 करोड़ लीटर दूध खरीदा और 4,927 मीट्रिक टन से अधिक दूध पाउडर और 2,575 मीट्रिक टन मक्खन का उत्पादन किया गया।
06 Aug, 20 : 03:25 PM
भारत ने अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास की पाकिस्तान की आलोचना को बृहस्पतिवार को सिरे से खारिज करते पड़ोसी देश से ‘साम्प्रदायिक भावना भड़काने’ से बचने को कहा । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने पाकिस्तान को भारत के मामलों में हस्तक्षेप करने से दूर रहने को भी कहा । श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ हमने भारत के आंतरिक मामले पर इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान के प्रेस बयान को देखा है। उसे (पाकिस्तान) भारत के मामलों में हस्तक्षेप करने से दूर रहना चाहिए और साम्प्रदायिक भावना भड़काने से बचना चाहिए । ’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘ यह एक ऐसे देश के संबंध में आश्चर्यजनक नहीं है जो सीमापार आतंकवाद का अनुपालन करता है और अपने ही अल्पसंख्यकों को धार्मिक अधिकारों से वंचित करता है। ’’ उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणी निंदनीय है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बुधवार को राम मंदिर के भूमिपूजन और शिलान्यास की आलोचना की थी ।
06 Aug, 20 : 02:45 PM
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी सरकार को अवैध रूप से संचालित और कोविड-19 जांच के लिये नमूने एकत्रित कर रहे ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति प्रतीक जालान ने इन कथित अवैध ऑनलाइन सेवा प्रदाताओं के कोविड-19 जांच नमूने एकत्रित करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। यह याचिका एक चिकित्सक ने दायर की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि ये संस्थाएं खुद को चिकित्सा जांच प्रयोगशालाएं बताकर धोखाधड़ी कर रही हैं। अदालत ने दिल्ली सरकार की ओर से पेश हुए अतिरिक्त स्थायी वकील संजय घोष और अधिवक्ता उर्वी मोहन को इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। याचिकाकर्ता-चिकित्सक रोहित जैन ने वकील शशांक देव सुधी के माध्यम से दायर अपनी याचिका में कहा था कि ये स्वास्थ्य सेवा संस्थाएं ''आम लोगों के जीवन और सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।''
06 Aug, 20 : 02:42 PM
रिजर्व बैंक ने हाल में छह प्रतिशत से ऊपर निकल चुकी महंगाई पर अंकुश रखने के लिये बृहस्पतिवार को नीतिगत ब्याज दर रेपो में कोई बदलाव नहीं किया। इसके साथ ही केन्द्रीय बैंक ने कहा है कि कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आने से अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। धीमी पड़ी आर्थिक गतिविधियों को देखते हुये केन्द्रीय बैंक ने कंपनियों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के कर्ज पुनर्गठन की मंजूरी दे दी है। दूसरी तरफ घर- परिवारों को सोने के जेवर तथा आभूषणों के बदले मिलने वाले ऋण की सीमा 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत कर दी है। रिजर्व बैंक इससे पहले दो मार्च अंत और मई अंत में हुई दो मौद्रिक नीति समीक्षा बैठकों में रेपो दर में कुल 1.15 प्रतिशत की बड़ी कटौती कर चुका है। इसके बाद पिछले तीन दिन से चल रही मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने बैठक में गहन विचार विमर्श के बाद प्रमुख नीतिगत दर रेपा को चार प्रतिशत पर बरकरार रखने का एकमत से फैसला किया है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैठक के बाद निर्णय की जानकारी देते हुये कहा कि एमपीसी ने रेपो दर को चार प्रतिशत, रिवर्स रेपो दर 3.35 प्रतिशत और सीमांत स्थायी सुविधा (एमएसएफ) को 4.25 प्रतिशत पर बरकरार रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि एमपीसी ने आर्थिक वृद्धि को फिर से पटरी पर लाने, कोविड-19 के प्रभाव को कम करने के लिये जब तक जरूरी समझा जायेगा मौद्रिक नीति के रुख को नरम बनाये रखने का फैसला किया है। हालांकि इसके साथ ही मुद्रास्फीति को तय दायरे में रखने पर भी ध्यान रहेगा।
06 Aug, 20 : 02:41 PM
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कश्मीर मामला उठाने की एक और कोशिश करने पर चीन पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि चीन को ऐसे निष्फल कोशिशों से उचित सीख लेनी चाहिए । भारत ने कहा कि वह देश के आंतरिक मामलों में चीन के ‘‘हस्तक्षेप’’ को ‘दृढ़ता से’ खारिज करता है। चीन ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कश्मीर मुद्दे पर चर्चा कराने के पाकिस्तान के प्रयास का समर्थन किया। यह प्रयास भारत द्वारा जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन की पहली वर्षगांठ के दिन ही किया गया था। हालांकि यह प्रयास सफल नहीं रहा । विदेश मंत्रालय ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह चीन द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप को दृढ़ता से खारिज करता है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा ‘‘हमने गौर किया है कि चीन ने भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से जुड़े मामलों पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चर्चा शुरू की।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘यह पहली बार नहीं है, जब चीन ने ऐसे विषय को उठाने की कोशिश की है, जो पूरी तरह से भारत का आंतरिक मामला है। पहले की तरह इस बार भी इस कोशिश को अंतरराष्ट्रीय समुदाय का खास समर्थन नहीं मिला।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम हमारे आंतरिक मामलों में चीन के हस्तक्षेप को दृढ़ता से खारिज करते हैं और उससे इस प्रकार की निष्फल कोशिशों से उचित सीख लेने का आग्रह करते हैं।’’
06 Aug, 20 : 02:12 PM
तेलंगाना सरकार ने रोजाना कोविड-19 की 40,000 जांच करने का निर्णय लिया है। साथ ही पूरे राज्य में आक्सीजन की सुविधा के साथ 10,000 बिस्तर तैयार रखने का फैसला लिया है। बुधवार रात में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव नीत मंत्रिमंडल की बैठक में संक्रमण के प्रसार और संक्रमितों के उपचार समेत सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा की गई। मंत्रिमंडल ने उन निजी अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी चर्चा की जो कोविड-19 मरीजों को इलाज मुहैया कराने में अनियमितता बरत रहे हैं। विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘ हालांकि ऐसे निजी मेडिकल कॉलेज जो मुफ्त में चिकित्सा सेवा मुहैया करा रहे हैं, वहां दवाइयां, इंजेक्शन और खाने का खर्चा सरकार उठाएगी। संबंधित अधिकारियों को रोजाना 40,000 जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
06 Aug, 20 : 02:12 PM
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) ने घर में पृथक-वास में रहने वाले रोगियों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिये अमल में लाई जाने वाली विशेष संचालन प्रक्रियाओं से संबंधित प्रस्ताव गोवा सरकार को सौंपा है। आईएमए गोवा के प्रमुख डॉक्टर एस सैमुएल ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकार से इस प्रकार के रोगियों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिये आईएमए के सदस्य निजी डॉक्टरों की सेवाएं लेने का अनुरोध किया है। राज्य सरकार को बुधवार को सौंपे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी/चिकित्सा अधिकारी आईएमए गोवा द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार अपने क्षेत्राधिकार में चिकित्सा संघ (आईएमए) के सदस्य डॉक्टर को नामित करेंगे। प्रस्ताव में कहा गया है, ''वे आईएमए चिकित्सक रोगी की देखभाल के लिये हर समय फोन पर उपलब्ध रहेंगे और आपात स्थिति में उनसे जुड़ी चिकित्सा जानकारियां संबंधित चिकित्सा/ स्वास्थ्य अधिकारी को देंगे, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इसमें रोगी को नजदीकी कोविड-19 देखभाल केंद्र ले जाना भी शामिल है।’’
06 Aug, 20 : 01:53 PM
तेलंगाना मंत्रिमंडल ने एक नयी नीति को मंजूरी दी है जिसके तहत राज्य में स्थित उद्योगों में अधिकांश नौकरियां स्थानीय लोगों को दी जाए और स्थानीय युवकों को नौकरियां देने वाली कंपनियों को अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। अतिरिक्त प्रोत्साहन देने के लिए कंपनियों को दो श्रेणियों में परिभाषित किया जाएगा। बुधवार रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार पहली श्रेणी में 70 प्रतिशत अर्द्ध कुशल और 50 प्रतिशत कुशल श्रम बल स्थानीय होना चाहिए जबकि दूसरी श्रेणी में 80 प्रतिशत अर्द्ध कुशल और 60 प्रतिशत कुशल श्रमबल स्थानीय होना चाहिए। कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को प्रौद्योगिकी शिक्षा संस्थान जैसे कि आईआईटी और पॉलिटेक्निक्स से जोड़ा जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘मंत्रिमंडल को लगता है कि राज्य में लगाए जा रहे उद्योगों में स्थानीय लोगों को अधिक अवसर मिलने चाहिए। मंत्रिमंडल ने स्थानीयों को नौकरियों के अधिक अवसर मुहैया करा रहे उद्योगों को प्रोत्साहन देने का फैसला भी किया है।’’ इसमें बताया गया कि उद्योग मंत्री के टी राम राव के नेतृत्व में उद्योग विभाग ने एक नीति का मसौदा तैयार किया है जिस पर बुधवार को मंत्रिमंडल ने चर्चा की। मंत्रिमंडल में राज्य में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का भी फैसला किया है।
06 Aug, 20 : 01:52 PM
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधान हटाए जाने का एक साल पूरा होने के मौके पर बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और नजरबंद किए गए अन्य लोगों की रिहाई की मांग के लिए सामूहिक आवाज उठनी चाहिए। गौरतलब है कि पिछले साल पांच अगस्त को सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटा दिए थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्रियों फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और मुख्यधारा के कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था। अब फारूक और उमर रिहा हो चुके हैं। पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम ने ट्वीट किया, ‘‘आज 6 अगस्त है सभी राजनीतिक दल और सही सोच वाले नागरिक कृपया उस आभासी जेल के बारे में सोचें जिसमें 75 लाख कश्मीरी पिछले एक साल से रह रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘दुनिया भारत में मानवाधिकारों के हनन को देख रही है। एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक देश के रूप में भारत का गौरवपूर्ण रिकॉर्ड हर दिन कम होता जा रहा है।’’ चिदंबरम ने कहा, ‘‘ हम सभी को अपनी सामूहिक आवाज उठानी चाहिए और मांग करनी चाहिए कि महबूबा मुफ्ती को जल्द से जल्द रिहा किया जाए और उन नजरबंद लोगों भी छोड़ा जाए जो संविधान के तहत इसके हकदार हैं।’’
06 Aug, 20 : 01:40 PM
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि वह अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन समारोह पर दिए गए प्रियंका गांधी वाद्रा के बयान से हैरान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस का धर्मनिरपेक्षता को लेकर ''निश्चित रुख'' होता तो देश आज ऐसे हालात का सामना नहीं कर रहा होता। विजयन ने कहा कि रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मुद्दे में कांग्रेस पार्टी का रुख इतिहास का हिस्सा है और यह पार्टी मस्जिद का ढांच ध्वस्त किये जाने के समय ''मूकदर्शक'' बनी हुई थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने मंगलवार को कहा था कि भगवान राम सबमें हैं और सबके हैं तथा ऐसे में पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए होने जा रहा भूमि पूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बनना चाहिए।
06 Aug, 20 : 01:24 PM
रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में महंगाई की दर ऊंची रह सकती है पर वर्ष की दूसरी छमाही में यह नीचे आ जाएगी। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने यहां मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक के निष्कर्ष और निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि आपूर्ति की राह में अड़चने बनी हुई हैं इससे तमाम वर्ग की चीजों पर मुद्रास्फीति का दबाव है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी आर्थिक कारोबार कमजोर और कोविड-19 महामारी के बढ़ने से पुनरूद्धार के शुरुआती जो संकेत दिखते थे वह कमजोर पड़े हैं। आरबीआई प्रमुख ने भारत के कृषि क्षेत्र पर उम्मीद व्यक्त करते हुये कहा कि खरीफ की फसल अच्छी रहने से ग्रामीण क्षेत्र में मांग सुधरेगी। उन्होंने कहा कि भारत में कारोबार तेज होने लगा था लेकिन कारोना संक्रमण के मामले बढ़ने से मजबूरन कई जगह लॉकडाउन लगाना पड़ गया।
06 Aug, 20 : 01:23 PM
सोशल मीडिया मंच फेसबुक ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की वह पोस्ट हटा दी है, जिसमें बच्चों के कोविड-19 से ‘‘लगभग सुरक्षित’’ होने का दावा किया गया था। फेसबुक ने कहा कि यह कोरोना वायरस को लेकर गलत जानकारी फैलाने के खिलाफ उसकी नीति का उल्लंघन है। सोशल मीडिया मंच ने पहली बार ट्रम्प की कोई पोस्ट अपने मंच से हटाई है। ट्रम्प के प्रचार अभियान दल ने बुधवार को ‘फॉक्स न्यूज चैनल’ को दिए ट्रम्प के एक साक्षात्कार का क्लिप (वीडियो) साझा किया था। वीडियो में अमेरिका के राष्ट्रपति ने दावा किया था कि बच्चे कोविड-19 से ‘‘लगभग सुरक्षित’’ हैं। फेसबुक नीति के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘वीडिया में गलत दावा किया गया है कि लोगों का एक समूह कोविड-19 से सुरक्षित है। यह कोविड-19 को लेकर गलत सूचना फैलाने की हमारी नीति का उल्लंघन है।’’ उस पोस्ट पर अब लिखा आ रहा है ‘‘यह पोस्ट अब मौजूद नहीं है।’’ फेसबुक ने पहली बार ट्रम्प की कोई पोस्ट हटाई है।
06 Aug, 20 : 01:22 PM
भाजपा नेता और सरपंच सजाद अहमद खांडे की दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में उनके घर के पास आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने यहां से 60 किलोमीटर दूर काजीगुंड इलाके के वेस्सू में भाजपा नेता को करीब से गोली मारी। ऐसा लगता है कि आतंकवादियों ने इलाके की अच्छी तरह से रेकी की थी। उन्होंने बताया कि खांडे को फौरन अनंतनाग जिले के एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से 48 घंटे से भी कम समय पहले कुलगाम जिले में भाजपा से जुड़े एक पंचायत सदस्य आरिफ अहमद खान को गोली मारी गई थी। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
06 Aug, 20 : 12:51 PM
ओडिशा कोरोना अपडेट
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,699 और मरीज मिलने के बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 40,717 हुई। 10 रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 235 पर पहुंची।
06 Aug, 20 : 11:00 AM
अस्पताल हादसा: विजय रूपाणी ने की मुआवजे की घोषणा
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अहमदाबाद के श्रेय अस्पताल में आग लगने के हादसे में मरने वालों के परिवार के लिए 4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
Chief Minister Vijay Rupani announces ex-gratia of Rs 4 lakhs each to the family of deceased and Rs 50,000 to the injured, in Shrey Hospital fire incident: Chief Minister's Office, Gujarat
— ANI (@ANI) August 6, 2020
06 Aug, 20 : 10:51 AM
राजस्थान कोरोना अपडेट
राजस्थान में कोरोना के 539 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में पॉजिटिल केस 48,383 हो गए हैं। मृतकों की संख्या भी बढ़कर 753 हो गई है। अब तक राज्य में 34,318 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।
539 new #COVID19 positive cases reported in Rajasthan till 10:30 am today. A total of positive cases in the state rises to 48,383. Death toll mounts to 753 & 34,318 recovered in the state so far : Rajasthan Health department pic.twitter.com/8N9EGNYpoV
— ANI (@ANI) August 6, 2020
06 Aug, 20 : 10:49 AM
कुलगाम में बीजेपी नेता और सरपंच सज्जाद अहमद को आतंकियों गोली मारी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के वेसु में एक सरपंच की आतंकियों ने गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने सरपंच सज्जाद अहमद खांडेय को उनके ही घर के बाहर गोली मारी। इसके बाद उन्हें एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल इस पूरे मामले में और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। सज्जाद अहमद बीजेपी से जुड़े थे। पूरी खबर पढ़ें
06 Aug, 20 : 10:38 AM
अरुणाचल प्रदेश में भूकंप
अरुणाचल प्रदेश के तवांग से 42 किलोमीटर दूर भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये भूकंप सुबह 9.46 बजे आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.0 मापी गई।
Earthquake of magnitude 3.0 occurred at 0946 hours 42kms from Tawang in Arunachal Pradesh: National Centre for Seismology
— ANI (@ANI) August 6, 2020
06 Aug, 20 : 10:03 AM
कोरोना अपडेट
देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 56,282 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या 19,64,536 हो गई और मृतकों की संख्या 40,699 हो गई है। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 5,95,501 मरीजों का इलाज चल रहा है और 13,28,336 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
06 Aug, 20 : 10:02 AM
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 183 अंक बढ़कर 37,846.33 पर, निफ्टी 52.70 अंक चढ़कर 11,154.35 पर आया।
06 Aug, 20 : 09:18 AM
मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में अगले तीन से चार घंटे में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। कई जगहों पर ठनका गिरने की भी आशंका है।
Mumbai city and suburbs are very likely to receive few spells of moderate to heavy rainfall during next 3-4 hours accompanied with strong winds reaching 60-70 kmph. Possibility of thunder/lightning in some areas: India Meteorological Department
— ANI (@ANI) August 6, 2020
06 Aug, 20 : 09:10 AM
मशहूर लेखिका एवं कार्यकर्ता सादिया देहलवी का निधन
दिल्ली की मशहूर लेखिका एवं कार्यकर्ता सादिया देहलवी का कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद शहर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 63 वर्ष की थी। सादिया ने बुधवार को अंतिम सांस ली। हाल ही में उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें
06 Aug, 20 : 09:07 AM
अहमदाबाद के कोविड-19 अस्पताल में आग से 8 की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में एक अस्पताल में लगी भीषण आग से कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार ये आग नवरंगपुरा इलाके में स्थित श्रे अस्पताल में लगी। इस अस्पताल में कोरोना मरीजों का भी इलाज हो रहा है। घटना के बाद करीब करीब 35 मरीजों को भी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पूरी खबर पढ़ें
06 Aug, 20 : 09:05 AM
मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिरीश चंद्र मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इससे पहले बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने इस्तीफा दे दिया था। पूरी खबर पढ़ें
06 Aug, 20 : 09:05 AM
अहमदाबाद अस्पताल हादसे के जांच के आदेश
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अहमदाबाद के श्रे अस्पताल में लगी आग की घटना के मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह विभाग) संगीता सिंह इस जांच का नेतृत्व करेंगी। मुख्यमंत्री ने तीन दिनों में जांच की रिपोर्ट मांगी है। ये जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई है।
CM Vijay Rupani has ordered a probe in the incident of fire at Shrey Hospital in Ahmedabad. Sangeeta Singh, Additional Chief Secretary (Home Department) will be leading the probe. The CM has ordered for a report within 3 days: Gujarat Chief Minister's Office (CMO) (file pic) pic.twitter.com/RLOfthZ4yR
— ANI (@ANI) August 6, 2020