Aaj Ki Taja Khabar: सुशांत केस: सांताक्रूज पुलिस स्टेशन से निकली रिया चक्रवर्ती
By विनीत कुमार | Updated: August 28, 2020 22:00 IST2020-08-28T08:00:29+5:302020-08-28T22:00:07+5:30

28 अगस्त: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 28 अगस्त के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 33 लाख के पार हो गए हैं। भारत में अब तक 61 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 25 लाख के ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 33,87,501 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 7,42,023 है। दूसरी ओर 25,83,948 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 61,529 हो गई है। ये आंकड़े शुक्रवार (28 अगस्त) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो NEET-JEE परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस ने देश में प्रदर्शन की योजना बनाई है। कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी पार्टियां कोरोना संकट के इस दौर में परीक्षा को टालने की मांग कर रही हैं। हालांकि, सरकार इस बात पर अड़ी है कि परीक्षा तय समय पर पूरी तैयारी के साथ करा लिए जाएंगे।
दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट की ओर से फाइनल ईयर की परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद पर भी फैसला आ सकता है। यूजीसी ने विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों को कोविड-19 महामारी के बीच अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 30 सितंबर तक आयोजित कराने को कहा है। कोर्ट में यूजीसी के इस फैसले को चुनौती दी गई है। कोर्ट ने 18 अगस्त को इस विषय पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
पंजाब विधानसभा का एक दिन सत्र भी आज आयोजित होना है। खेलों की दुनिया की बात करें तो इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच आज से तीन टी20 मैचों की सीरीज का आगाज हो रहा है। पहला मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 30 अगस्त और तीसरा 1 सितंबर को खेला जाना है।
28 Aug, 20 : 09:54 PM
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन (एससअीओ) के एक अहम सम्मेलन में भाग लेने के लिए अगले सप्ताह रूस जा सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य और भू-रणनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा हो सकती है। एससीओ के रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब उसके दो सदस्य देश भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में गतिरोध की स्थिति है। सूत्रों ने कहा कि सिंह तीन सितंबर को मॉस्को के लिए रवाना हो सकते हैं और अगले दिन सम्मेलन होने की संभावना है। जून महीने के बाद सिंह की यह दूसरी रूस यात्रा होगी। उन्होंने 24 जून को मॉस्को में विक्ट्री डे परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया था जो द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित की गयी थी। रूस ने 10 सितंबर को एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव से बृहस्पतिवार को जब पूछा गया कि क्या जयशंकर मॉस्को जाएंगे तो उन्होंने कहा कि मंत्री को न्योता मिला है और उनके भाग लेने के बारे में फैसला होने पर जानकारी दी जाएगी।
28 Aug, 20 : 09:53 PM
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार संवेदनशील रवैया दिखाते हुए जेईई और नीट परीक्षा स्थगित कर देगी। गहलोत ने कहा कि कोई नहीं चाहता कि परीक्षा नहीं हो, लेकिन इस समय देश के हालात ऐसे नहीं हैं कि परीक्षाएं कराई जा सकें। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कहा, ‘‘ (केंद्र) सरकार को छात्रों व अभिभावकों की सोच को देखते हुए निर्णय करना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि सरकार संवेदनशीलता के साथ पेश आएगी और परीक्षाएं स्थगित करने के लिए तैयार हो जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि सरकार को इस बारे में जल्द फैसला करना चाहिए और परीक्षा स्थगित करने से हिचकना नहीं चाहिए।
28 Aug, 20 : 09:46 PM
इसराइल की एल आल एयरलाइन्स सोमवार को अबू धाबी के लिए उड़ान संचालित करेगी जो इसराइल से संयुक्त अरब अमीरात के लिए पहली व्यावसायिक यात्री उड़ान होगी। इससे पहले दोनों देशों ने रिश्ते सामान्य करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में समझौता किया था। इसराइल विमानपत्तन प्राधिकरण की वेबसाइट पर शुक्रवार को उड़ान को सूचीबद्ध किया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने पहले कहा था कि इस उड़ान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार और दामाद जेयर्ड कुशनेर के नेतृत्व में अधिकारी सवार होंगे। विमान में सवार अन्य अमेरिकी अधिकारियों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओब्रायन, पश्चिम एशिया में राजदूत एवि बर्कोविज तथा ईरान में राजदूत ब्रायन ब्रायन हुक शामिल होंगे। इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पहले घोषणा की थी कि उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मीर बेन-शब्बात इसराइली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगे। इसराइल और यूएई में अधिकारियों ने उड़ान के संबंध में तत्काल कोई पुष्टि नहीं की। अबू धाबी में अमेरिकी दूतावास ने इस बारे में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दोनों देशों ने 13 अगस्त को रिश्ते सामान्य करने पर सहमति जताई थी।
28 Aug, 20 : 09:40 PM
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 21 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.296 अरब डॉलर बढ़कर 537.548 अरब डॉलर पर पहुंच गया। शुक्रवार को जारी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। विदेशी मुद्रा भंडार इससे पहले 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.939 अरब डॉलर घटकर 535.252 अरब डॉलर रह गया था। विदेशी मुद्रा भंडार इससे भी पहले सात अगस्त को समाप्त सप्ताह में 3.623 अरब डॉलर बढ़ककर 538.191 अरब डॉलर की रिकॉर्ड ऊंचाई को छू गया था। विदेशीमुद्रा भंडार में वृद्धि का मुख्य कारण विदेशीमुद्रा आस्तियों का बढ़ना रहा है जो मुद्राभंडार का अहम हिस्सा होता है। समीक्षाधीन अवधि में देश की विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.618 अरब डॉलर बढ़कर 494.168 अरब डॉलर के बराबर रहीं।
28 Aug, 20 : 09:40 PM
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14,361 नए मामले सामने आए और इसके साथ संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7,47,995 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वायरस की वजह से राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 23,775 तक पहुंच गयी। राज्य में एक दिन में 331 मरीजों की मौत हो गयी। राज्य में अभी 1,80,718 लोग वायरस से संक्रमित हैं। इस बीच स्वस्थ होने के बाद 11,607 लोगों को छुट्टी दे दी गई। स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या 5,43,170 हो गई है। राज्य की राजधानी मुंबई में दिन में संक्रमण के 1,217 नए मामले सामने आए और 30 मरीजों की मौत हो गयी।
28 Aug, 20 : 09:09 PM
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने मानव तस्करों की मदद से सीमा पार कर बांग्लादेश जाने की कोशिश करने वाले दो भारतीय नागरिकों को पकड़ा है। बीएसएफ ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, इन्हें पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के सीमावर्ती क्षेत्र से बृहस्पतिवार को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान बीएसएफ ने दोनों व्यक्तियों के पास से 7,500 रुपये, एक मोबाइल फोन, एक भारतीय सिम कार्ड और एक बांग्लादेशी सिम कार्ड के अलावा एक आधार कार्ड भी बरामद किया। विज्ञप्ति के मुताबिक, बाद में दोनों को भीमपुर पुलिस थाने के हवाले कर दिया गया।
28 Aug, 20 : 08:38 PM
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से लोकसभा सदस्य एच वसंतकुमार का शुक्रवार को यहां एक अस्पताल में कोविड-19 से निधन हो गया। पार्टी ने यह जानकारी दी। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पहली बार सांसद बने 70 वर्षीय वसंतकुमार को कोरोना वायरस संक्रमित पाये जाने के बाद 10 अगस्त को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था और संक्रमण से उनका निधन हो गया। इससे पहले अपोलो अस्पताल ने एक बयान में बताया था कि सांसद की हालत गंभीर है और उन्हें गंभीर कोविड निमोनिया हो गया है जिसका उपचार डॉक्टरों का एक दल कर रहा है। वसंतकुमार दो बार विधायक भी रहे हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गये थे।
28 Aug, 20 : 08:37 PM
एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान विनेश फोगट ने शुक्रवार कहा कि वह कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाई गयी है। इस साल देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार ‘राजीव गांधी खेल रत्न’ के लिए चुनी गयी विनेश, इन दिनों अपने कोच ओम प्रकाश की देख-रेख में सोनीपत में अभ्यास कर रही थी। विनेश ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ खेल पुरस्कारों की तैयारियों के तहत कोरोना वायरस के जांच के लिए सोनीपत में मेरा नमूना लिया गया था, जांच में इसका नतीजा पॉजिटिव आया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान ने चाहा तो मैं जल्द ठीक हो जाऊंगी।’’
28 Aug, 20 : 08:37 PM
मौसम विभाग ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कहा कि मध्य प्रदेश के छह जिलों नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, होशंगाबाद और टीकमगढ़ में अगले 24 घंटे में बहुत अधिक भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार इन छह जिलों में शनिवार सुबह तक कहीं-कहीं पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ बिजली चमकने व गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून प्रबल तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा। इसके आलवा, मौसम विभाग ने प्रदेश के सागर संभाग तथा 10 अन्य जिलों-कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मण्डला, विदिशा, रायसेन, सीहोर, हरदा, धार, देवास एवं श्योपुर में अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं पर अति भारी वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बिजली चमकने व गिरने की चेतावनी भी दी है।
28 Aug, 20 : 08:21 PM
मेघालय के दक्षिणी गारो हिल्स जिले में एक जंगल क्षेत्र से गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा संदेह है कि बरामद कारतूस प्रतिबंधित संगठन गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) के हैं। जिला पुलिस अधीक्षक प्रियांशु पांडे ने बताया, ‘‘एक गोपनीय सूचना पर पुलिस के एक दल ने बृहस्पतिवार को चोकपोट थाना क्षेत्र के चिबोकग्रे गांव के पास एक जंगल में खोजबीन अभियान चलाया और एक बॉक्स को जब्त किया जिसमें राइफल के 85 कारतूस थे। ऐसा माना जा रहा है कि जीएनएलए के उग्रवादियों ने ये कारतूस छोड़ दिये थे।’’ सूत्रों ने बताया कि इससे पूर्व दक्षिण, पूर्व और पश्चिम गारो हिल्स जिले के जंगल क्षेत्रों में जीएनएलए ठिकानों का पता लगा था।
28 Aug, 20 : 08:21 PM
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ, लेकिन अब भी राज्य के 18 जिलों के 830 गांव इससे प्रभावित हैं। प्रदेश के राहत आयुक्त संजय गोयल ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है और 18 जिलों के 830 गांव बाढ़ प्रभावित हैं। इनमें से 477 गांव पूरी तरह बाढ़ से घिर गए हैं। बृहस्पतिवार को राज्य के 17 जिलों के 883 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित थे और 562 पूरी तरह बाढ़ से घिरे थे । उन्होंने बताया कि बाढ. प्रभावित जिलों में अंबेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, देवरिया, फर्रूखाबाद, गोंडा, गोरखपुर, कासगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, मऊ, शाहजहांपुर, संतकबीर नगर और सीतापुर शामिल हैं।
28 Aug, 20 : 08:18 PM
अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में कोरोना वायरस संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं जिससे शुक्रवार को कुल संक्रमितों की संख्या 3,018 हो गई। वहीं एक और व्यक्ति की मौत के बाद केंद्रशासित प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर 42 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नए मामलों की जानकारी रोगी से संपर्क में आए लोगों को पहचानने के क्रम में मिली। अधिकारी ने बताया कि अभी यहां 602 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं 65 और लोगों के स्वस्थ होने के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके लोगों की संख्या 2,374 हो गई। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 78,900 जांच इस द्वीपसमूह पर की जा चुकी हैं।
28 Aug, 20 : 08:16 PM
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने शुक्रवार को अपने पेंशनभोगियों के लिये मोबाइल ऐप जारी किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बल के एक प्रवक्ता ने कहा, ''यह ऐप वेब और एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। इसमें पेंशनभोगियों को अपने डेटा तक पहुंच की सुविधा मिलेगी। इस ऐप में पेंशनभोगियों को नजदीकी सीआईएसएफ इकाई में होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का निमंत्रण भी भेजा जाएगा। '' उन्होंने कहा कि बल में फिलहाल 36,000 पेंशनभोगी हैं। उन्होंने कहा कि ऐप्पल फोन के लिये इसका आईओएस वर्जन जल्द ही तैयार किया जाएगा।
28 Aug, 20 : 07:39 PM
फिल्म निर्माता रोनी स्क्रूवाला ने शुक्रवार को कहा कि उनकी आगामी फिल्म ‘तेजस’ की शूटिंग दिसंबर में शुरु होगी। इस फिल्म में अभिनेत्री कंगान रनौत मुख्य भूमिका में हैं। स्क्रूवाला के आरएसवीपी मूवीज के बैनर तले बन रही इस फिल्म में कंगना वायुसेना पायलट के किरदार में नजर आएंगी। निर्माता ने ट्वीट किया, “कंगना रनौत अभिनीत तेजस की शूटिंग दिसंबर में शुरु होगी। यह फिल्म भारत के बहादुर वायु सेना पायलटों के लिए हमारी भेंट हैं। जय हिंद।” सर्वेश मेवाड़ा के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘तेजस’ की शूटिंग जुलाई में शुरु होने वाली थी। कोरोना वायरस महामारी के कारण शूटिंग टाल दी गई थी। फिल्म का पहला पोस्टर फरवरी में रिलीज कर दिया गया था।
28 Aug, 20 : 06:42 PM
पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को बृहस्पतिवार पत्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी हीरा सिंह को लेकर अहम जानकारी मिली। इस सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने रसडा की ओर भाग रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस दल पर गोली भी चलाने का प्रयास किया। उसके पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। यादव के अनुसार पूछताछ के दौरान हीरा ने पत्रकार की हत्या का गुनाह स्वीकार कर लिया है। पुलिस इससे पूर्व छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में पत्रकार के पिता विनोद सिंह ने 10 व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कराया था।
28 Aug, 20 : 06:41 PM
कोविड-19 से पीड़ित तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस सांसद एच वसंतकुमार की हालत गंभीर है। उनका इलाज कर रहे अस्पताल ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी। अस्पताल के मुताबिक 70 वर्षीय नेता को 10 अगस्त को यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपोलो अस्पताल के निदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. आर के वेंकटसलाम ने एक विज्ञप्ति में कहा, “उनका अभी गहन देखभाल इकाई में चिकित्सकों के एक दल द्वारा इलाज किया जा रहा है। वह गंभीर कोविड निमोनिया से पीड़ित हैं और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।” तमिलनाडु से पहली बार सांसद बने वसंतकुमार पूर्व में दो बार विधायक भी रह चुके हैं। यहां अपोलो अस्पताल के ग्रीम्स रोड स्थित केंद्र में उनका इलाज चल रहा है।
28 Aug, 20 : 05:09 PM
जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। पुलिस ने ऐसी जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जिले के किलूरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बल के तलाशी दल पर गोली चला दी और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। अधिकारी ने बताया कि दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है और इलाके में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। घटना के और विवरण का इंतजार है।
28 Aug, 20 : 04:51 PM
पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक बारुदी सुरंग में विस्फोट होने पर, सात से 12 साल की उम्र के चार कबायली बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट अशांत दक्षिण वजीरिस्तान जिले में, वाना और तियारजा इलाके के बीच सीमावर्ती इलाके में हुआ। घायल बच्चे अहमदजई समुदाय के हैं जिनकी पहचान रहीला (7), शकीला (8), जियाउल्लाह (12) और मीना (5) के तौर पर हुई है। घायल बच्चों को वाना में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
28 Aug, 20 : 04:30 PM
बिहार से लापता 24 वर्षीय एक व्यक्ति शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में मृत पाया गया। उसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी। पुलिस को यह व्यक्ति थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिला। उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अपर उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि परी चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की जेब में एक पर्ची मिली, जिसपर उसके परिजनों का फोन नंबर लिखा था। इस नंबर पर उसके परिजनों से बात की गई।
28 Aug, 20 : 04:01 PM
मुहर्रम के अवसर पर लोगों को जुलूस निकालने से रोकने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को कश्मीर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगा दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़गाम और बारामुला जिलों में तथा श्रीनगर के कुछ हिस्सों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कर दी गई है। श्रीनगर में शहीदगंज, एम ए रोड, राम मुंशी बाग और मैसुमा में पूर्ण रूप से और बटमालू क्षेत्र में आंशिक रूप से प्रतिबंध लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर प्रतिबंध लगाया गया है वहां दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे और सार्वजनिक परिवहन नहीं चलेगा। अधिकारियों ने कहा कि कोई अप्रिय घटना न घटित हो इसके लिए घाटी के अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि आठवीं मुहर्रम के मद्देनजर यह प्रतिबंध लगाए गए हैं।
28 Aug, 20 : 03:54 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेईई और नीट परीक्षाओं के आयोजन को टालने की विपक्षी राजनीतिक दलों की मांग के बीच शुक्रवार को स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इन परीक्षाओं के आयोजन का समर्थन करती है। योगी ने यहां लोकभवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा, ''प्रदेश सरकार नीट तथा जेईई परीक्षाओं के आयोजन का समर्थन करती है।'' उन्होंने कहा, ''गत नौ अगस्त, 2020 को राज्य में बीएड की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें लगभग पांच लाख अभ्यर्थी थे। इस परीक्षा में कहीं से भी संक्रमण (कोरोना वायरस) की कोई खबर नहीं आई।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश की परीक्षा भी संपन्न कराई गई है।
28 Aug, 20 : 03:52 PM
झारखंड के देवघर जिले में कुंडा थानांतर्गत कुंड़ा मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार दो किशोरों को कुचल दिया। इस घटना में दोनों किशोरों की मौत हो गई । देवघर के पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि आज सुबह कुंडा मोड़ पर यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल दोनों दोनों किशोरों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है। उधर, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने किशोरों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
28 Aug, 20 : 02:07 PM
दवा कंपनी डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी दवा नियामक यूएसएफडीए ने कंपनी की सुधारात्मक कार्रवाई के मूल्यांकन के बाद आंध्र प्रदेश और तेलंगाना स्थित उसके तीन संयंत्रों के लिए जारी चेतावनी पत्र को वापस ले लिया है। कंपनी ने बताया कि नवंबर 2015 में उसे तीन स्थानों के लिए अमेरिकी खाद्य एवं दवा प्रशासन (यूएसएफडीए) से चेतावनी पत्र मिले थे। ये संयंत्र में आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और दुवड्डा तथा तेलंगाना के मिर्यालगुडा में स्थित हैं।
28 Aug, 20 : 02:07 PM
अहमदाबाद में शुक्रवार तड़के एक दो मंजिला व्यावसायिक इमारत के ढहने से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अहमदाबाद अग्निशमन एवं आपात सेवा के अधिकारी जयेश खादिया ने बताया कि अहमदाबाद शहर के कुबेरनगर क्षेत्र में स्थितप्रेम कॉम्प्लेक्स दशकों पुरानी इमारत थी और इसमें करीब 10 दुकानें थी। इमारत के ढहने की जानकारी मिलने के बाद खादिया और उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची और तलाश तथा बचाव अभियान शुरू किया। अभियान सुबह करीब सात बजकर 30 मिनट पर खत्म हुआ। खादिया ने बताया, ‘‘ हम दो लोगों को मलबे से जीवित निकालने में सफल रहे। तीसरे व्यक्ति की मौत हो गई थी और हमें उनका शव ही मिला।’’ उन्होंने बचाव अभियान खत्म होने के बाद बताया कि इन लोगों के अलावा मलबे से कोई और नहीं मिला।
28 Aug, 20 : 01:51 PM
त्रिपुरा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 509 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद पूर्वोत्तर राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 10,436 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि चार लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 89 हो गई। अगरतला सरकारी चिकित्सा कॉलेज (एजीएमसी) अस्पताल से बृहस्पतिवार को 142 लोगों को छुट्टी मिली जिसके बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 6,839 हो गई। अधिकारी ने बताया कि कुल 509 नए मामलों में से 205 पश्चिमी त्रिपुरा, 63 धलाई, 55 सिपाहीजाला, 47 उनाकोटी, 44 खोवई, 30 उत्तरी त्रिपुरा, 41 गोमती और 24 मामले दक्षिणी त्रिपुरा से सामने आए हैं। त्रिपुरा में 3,489 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। वहीं 19 लोग राज्य से बाहर जा चुके हैं। अब तक राज्य में 2,60376 नमूनों की जांच हुई है।
28 Aug, 20 : 01:50 PM
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश के बाद लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, बारापुला फ्लाईओवर और निजामुद्दीन में बारिश हुई। शहर में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। आर्द्रता का स्तर 77 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आकाश में बादल छाए रहने और शाम तक मध्यम बारिश की संभावना जाहिर की है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
28 Aug, 20 : 01:49 PM
दिल्ली: इंडियन जिम वेलफेयर फेडरेशन ने राजधानी में जिम खोलने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इंडियन जिम वेलफेयर फेडरेशन के अध्यक्ष ने बताया, "हमारी मांग है कि जिम 30 अगस्त से पहले खोले जाएं, अगर जिम नहीं खुलते तो ये आंदोलन बड़ा होगा।"
28 Aug, 20 : 01:13 PM
गुमला जिले के विशुनपुर थानांतर्गत नेतरहाट घाटी के लुटी मोड़ पर शुक्रवार सुबह अनियंत्रित होकर बॉक्साइट लदा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बॉक्साइट लदा यह ट्रक नेतरहाट घाटी में लुटी मोड़ पर पलट कर खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक में सवार तीन लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव का कार्य में जुटी हुई है। ट्रक में अभी भी एक व्यक्ति के फंसे होने की सूचना है।
28 Aug, 20 : 01:13 PM
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस को एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि परी चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के ‘कैलाश अस्पताल’ में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि उसकी जेब में एक पत्र था, जिसमें उसके परिवार वालों के नम्बर लिखे थे। उसके परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान दिलीप मल्ला (24) के तौर पर हुई। वह बिहार का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार वालों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह पांच महीने पहले बिना बताए घर से चला गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
28 Aug, 20 : 01:12 PM
उच्चतम न्यायालय ने राज्य स्तर पर अल्पसंख्यकों की पहचान करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के केंद्र को निर्देश देने का अनुरोध करने वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार से शुक्रवार को जवाब मांगा। इसमें कहा गया कि हिंदू 10 राज्यों में अल्पसंख्यक हैं। न्यायमूर्ति एस के पॉल की अध्यक्षता वाली पीठ ने गृह मंत्रालय, न्याय एवं विधि मंत्रालय और अल्पसंख्यक मामला मंत्रालय को नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता की तरफ से पेश हुए, वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि हिंदू 10 राज्यों में अल्पसंख्यक हैं लेकिन उन्हें अब तक अल्पसंख्यक घोषित नहीं किया गया है। भाजपा नेता एवं अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय द्वारा दायर याचिका में अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थान कानून के लिए राष्ट्रीय आयोग कानून 2004 की धारा 2 (एफ) की वैधता को भी चुनौती दी गई है।
28 Aug, 20 : 12:25 PM
जयपुर: सचिन पायलट भी उतरे सड़क पर
राजस्थान के जयपुर में सचिन पायलट ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, अगर हम मुद्दे को उठाते रहेंगे तो केंद्र तो JEE-NEET परीक्षाओं को टालने पर विचार करना ही होगा।
If we keep raising the matter, Centre will have to consider the demands of people and postpone #JEE_NEET examinations: Sachin Pilot, Congress in Jaipur#Rajasthanpic.twitter.com/BSUKD99ZZS
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 12:23 PM
तमिलानाडु-गुजरात में प्रदर्शन
तमिलनाडु और गुजरात के अहमदाबाद से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के JEE-NEET परीक्षा के खिलाफ प्रदर्शन की तस्वीरें आई हैं। अहमदाबाद में पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
28 Aug, 20 : 12:21 PM
कर्नाटक में प्रदर्शन
कर्नाटक: एनएसयूआई के सदस्य बेंगलुरू में रेस कोर्स रोड पर NEET और JEE परीक्षा के सितंबर में आयोजित करने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
Karnataka: National Students' Union of India stages protest against holding of #JEE_NEET examinations, at Race Course Road in Bengaluru. pic.twitter.com/mfcKQIsfbS
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 12:18 PM
राजस्थान में कोरोना के 557 नये मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से सात और मौतों के साथ शुक्रवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 1012 हो गयी। वहीं, राज्य में 557 नये संक्रमित सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे तक बीते लगभग 12 घंटे में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से सात और मौत हुई हैं। इसके साथ ही संक्रमण के 557 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 76,572 हो गयी। फिलहाल 14730 रोगी उपचाराधीन हैं।
28 Aug, 20 : 12:00 PM
JEE-NEET परीक्षा पर घमासान
दिल्ली: जेईई और एनईईटी परीक्षाओं के सितंबर में आयोजित करने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता शास्त्री भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Delhi: Congress holds protest outside Shastri Bhawan against holding of the JEE & NEET examinations in September. pic.twitter.com/SIfStMV39z
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 11:35 AM
लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई टली
झारखंड हाईकोर्ट ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की चारा घोटाला मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई को 11 सितंबर के लिए टाला।
28 Aug, 20 : 11:33 AM
चुनाव आयोग को निर्देश देने से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया है जिसमें कोविड-19 और बाढ़ खत्म होने तक बिहार में चुनाव नहीं करने के लिए चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग की गई थी।
Supreme Court refuses to entertain a plea seeking directions for Election Commission to refrain from holding upcoming election in Bihar till the State is declared COVID-19 and flood free. pic.twitter.com/q7TFOKcPco
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 11:29 AM
पंजाब: छत गिरने से तीन की मौत
अमृतसर में एक बिल्डिंग की छत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग घायल हुए हैं। ये हादसा पिछली रात भारी बारिश के बाद गुरु नानक पुरा क्षेत्र में हुआ है।
Amritsar: Three people killed, four injured after roof of a building collapses, in Guru Nanak Pura area, following heavy rainfall last night pic.twitter.com/YePkMlopla
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 11:14 AM
यूनिवर्सिटी और कॉलेजों के फाइनल ईयर की परीक्षाएं होंगी। सुप्रीम कोर्ट ने पूरे विवाद पर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि बिना परीक्षा फाइनल ईयर के छात्र पास नहीं किए जा सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें
28 Aug, 20 : 09:37 AM
भारत में कोरोना टेस्ट के आंकड़े
आईसीएमआर के अनुसार देश में अब तक 3,94,77,848 सैंपल के कोरोना टेस्ट हुए हैं। ये आंकड़े 27 अगस्त तक के हैं। इसमें कल गुरुवार को ही 9,01,338 सैंपल के टेस्ट हुए।
28 Aug, 20 : 09:33 AM
भारत में कोरोना के रिकॉर्ड नए मामले
भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 77,266 मामले सामने आए हैं। ये संक्रमण का एक दिन में देश में अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 1057 लोगों की मौत हुई है। भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 33.87 लाख हो गई है। इसमें एक्टिव केस 7,42,023 हैं। वहीं, 25,83,948 लोग ठीक हो चुके हैं। कुल मृतकों की संख्या 61,529 हो गई है।
India's #COVID19 case tally at 33.87 lakh with a record spike of 77,266 fresh cases, & 1,057 deaths in the last 24 hours.
— ANI (@ANI) August 28, 2020
COVID-19 case tally in the country stands at 33,87,501 including 7,42,023 active cases, 25,83,948 cured/discharged/migrated & 61,529 deaths: Health Ministry pic.twitter.com/uANJwfrbey
28 Aug, 20 : 08:05 AM
ग्रेट अंडमानी जनजाति के 10 लोग संक्रमित
ग्रेट अंडमानी जनजाति के दस लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। संघ शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह में इस जनजाति के लोगों की संख्या बहुत ही कम रह गयी है। हाल ही में पोर्ट ब्लेयर में इस जनजाति के लोगों के छह सदस्यों के संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्ट्रेट द्वीप पर एक दल को भेजा था। पूरी खबर पढ़ें
28 Aug, 20 : 08:03 AM
तीन चौथाई से ज्यादा कोरोना के मरीज ठीक
पिछले पांच महीनों में तीन चौथाई से ज्यादा कोरोना के मरीज ठीक हुए हैं। फिलहाल देश में एक चौथाई ही ऐक्टिव केस हैं। केंद्र की रणनीति और टेस्टिंग के परिणामस्वरूप ज्यादा रिकवरी और कम मौतें हो रही हैंः स्वास्थ्य मंत्रालय
In the past 5 months, more than 3/4 of cases have recovered and less than 1/4 are active now. Effective implementation of Centre's strategic and graded Test-Track-Treat approach has led to higher recoveries and lower fatality: Ministry of Health & Family Welfare pic.twitter.com/0F372hUZTz
— ANI (@ANI) August 28, 2020
28 Aug, 20 : 08:02 AM
मिजोरम में कोरोना के 1000 से अधिक मामले
मिजोरम में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 29 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1003 हो गई है। अब तक 500 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस 503 हैं।
29 new #COVID19 cases reported in Mizoram in the last 24 hours, taking the total cases in the state to 1003. A total of 500 people cured/discharged so far. Active cases stand at 503: Department of Information and Public Relations, Government of Mizoram pic.twitter.com/0YrHlMAWBa
— ANI (@ANI) August 28, 2020