Aaj Ki Taja Khabar: राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1330 नए केस आए सामने, 11 लोगों की मौत
By विनीत कुमार | Updated: August 20, 2020 22:06 IST2020-08-20T08:13:14+5:302020-08-20T22:06:04+5:30

20 अगस्त: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 20 अगस्त के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 28 लाख के पार गए हैं। भारत में अब तक 53 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 21 लाख के करीब लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 28,36,926 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 6,86,395 है। दूसरी ओर 20,96,665 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 53,866 हो गई है। ये आंकड़े गुरुवार (20 अगस्त) सुबह तक के हैं।
अन्य खबरों की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण ‘स्वच्छ सर्वेक्षण- 2020’ के नतीजों की आज घोषणा करेंगे। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देश के विभिन्न भागों के स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (एसबीएम-यू) के चुनिंदा ‘स्वच्छाग्रहियों’ और सफाईकर्मियों से भी संवाद करेंगे।
दूसरी ओर से आज से उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। कोरोना महामारी के कारण इस बार सदन की कार्यवाही वर्चुअल तरीके से भी होगी। 65 साल की उम्र से अधिक के विधायकों को वर्चुअल तरीके से कार्यवाही में शामिल किया जाएगा। इससे कम उम्र के विधायक मास्क और ग्लव्स समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही सदन में आ सकेंगे।
वहीं, भारत-चीन सीमा को लेकर परामर्श एवं समन्वय कार्य तंत्र (WMCC) की अहम बैठक आज होगी। इसे डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसमें दोनों पक्षों के सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया के शीघ्र क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा करने की उम्मीद है।
20 Aug, 20 : 09:26 PM
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने गुजरात में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए अधिकारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों की प्रशंसा की। मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि डब्ल्यूएचओ ने बृहस्पतिवार को कोविड-19 से निपटने के कदमों के बारे में जानने के लिए एक वेबिनार आयोजित किया था। रवि ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि डब्ल्यूएचओ के भारत और जिनेवा कार्यालय के 20 विशेषज्ञों ने ऑनलाइन सत्र में हिस्सा लिया। इस वेबिनार में गुजरात सरकार के अधिकारियों ने महामारी से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी। रवि ने कहा, ‘‘ डब्ल्यूएचओ ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम के लिए हमारे द्वारा उठाए गए कदमों की प्रशंसा की। डब्ल्यूएचओ ने लोगों, राजनीतिक नेतृत्व, अधिकारियों और निजी तथा सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की।’’ गुजरात में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 83,262 मामले सामने आए हैं जबकि 2,855 लोगों की मौत हो चुकी है।
20 Aug, 20 : 09:26 PM
व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। उनपर और तीन अन्य लोगों पर ऑनलाइन धन जुटाने की योजना “हम दीवार बनाते हैं” के दानदाताओं से धोखाधड़ी करने का आरोप है। मैनहट्टन संघीय अदालत में लगाए गए अभियोग में आरोप शामिल थे। संघीय अभियोजकों ने आरोप लगाया कि बैनन और तीन अन्य ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर एक दीवार बनाने के लिये ऑनलाइन अभियान के तहत “सैकड़ों-हजारों दानदाताओं के साथ धोखाधड़ी के लिये एक साजिश रची”। इस अभियान के तहत 2.5 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई गई थी। बैनन के वकील के कार्यालय में बृहस्पतिवार सुबह किये गए फोन का किसी ने जवाब नहीं दिया। बैनन की एक प्रवक्ता ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। आरोप के मुताबिक बैनन ने वादा किया था की दान की गई रकम का शत-प्रतिशत इस्तेमाल इस परियोजना के लिये किया जाएगा लेकिन उन्होंने इस रकम में से हजारों डॉलर ऐसे खर्च किये जो संगठन के जन प्रतिनिधित्व वादों से मेल नहीं खाती थी। अभियोग में कहा गया कि उन्होंने फर्जी बिल बनाए और असली खर्च कई दूसरे तरीके से छिपाए।
20 Aug, 20 : 09:26 PM
महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 14,492 नए मामले सामने आए जो किसी एक दिन का सर्वोच्च स्तर है। राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,43,289 तक पहुंच गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार 326 मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 21,359 हो गयी। बयान के अनुसार बृहस्पतिवार को 12,243 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गयी। अब तक 4,59,124 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर 71.37 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 3.32 प्रतिशत है। राज्य में अभी 1,62,491 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं। विभाग ने कहा कि अब तक 34,14,809 लोगों की जांच की गयी है।
20 Aug, 20 : 08:10 PM
पिछले और इस फाइनेंशिइयल ईयर में रेलवे एक्सीडेंट्स में ज़ीरो डेथ रही हैं। 2018-19 में 16 डेथ हुई थीं। पिछले तीन सालों में 29000-30000 दुखद मृत्यु (ट्रेन से झांकते हुए और रेलवे ट्रैक पर गिरने से) हुई हैं। इन्हें कम करने के लिए हम पूरी तरह से प्रयासरत हैं : रेलवे बोर्ड चेयरमैन विनोद
20 Aug, 20 : 07:50 PM
भाजपा ने सार्वजनिक स्थानों पर गणेश चतुर्थी मनाने की अनुमति नहीं देने के लिये बृहस्पतिवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब शराब की दुकानें खुल सकती हैं तो गणेश की मूर्ति क्यों नहीं स्थापित की जा सकती। तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष एल मुरुगन ने पूछा, ''तमिलनाडु सरकार ने शराब की दुकानें खोलने की तो अनुमति दे दी, लेकिन विनायक की मूर्ति स्थापित करने की इजाजत नहीं दे रही। ऐसा क्यों?'' राज्य में 22 अगस्त को गणेश चतुर्थी मनायी जाएगी
20 Aug, 20 : 07:28 PM
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही देश में सूचना एवं संचार क्रांति का आधार रखा। हेमंत सोरेन ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर आज अपने ट्वीट संदेश में उन्हें नमन किया और कहा, ‘‘देश में सूचना और संचार क्रांति का आधार रखने वाले स्वर्गीय राजीव गांधी को सदैव याद किया जाएगा।’’
20 Aug, 20 : 07:28 PM
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 9,393 नए मामले सामने आए जिसके बाद बृहस्पतिवार को कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर तीन लाख 25 हजार हो गई। महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश अकेला राज्य है जहां पिछले कुछ दिनों से हर रोज संक्रमण के लगभग दस हजार मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले चौबीस घंटे में राज्य में 95 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद कोविड-19 से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार पहुंच गई। बुलेटिन एक अनुसार इस दौरान 8,846 मरीज ठीक हो गए। अब तक राज्य में कोविड-19 के 2.35 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 3001 मरीजों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में अभी 87,177 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
20 Aug, 20 : 06:58 PM
वॉल्वो ट्रक्स ने कार्गो ढुलाई में तेजी लाने के लिये बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्रेलर संयोजन पेश करने की घोषणा की। इसे विशेष रूप से रसद कंपनी डेल्हीवरी के साथ साझेदारी में एक्सप्रेस कार्गो ढुलाई के लिये तैयार किया गया है। वॉल्वो और डेल्हीवरी ने एक्सप्रेस कार्गो संचालन के लिये वॉल्वो एफएम 4x2 ट्रैक्टर ट्रेलर का एक साथ परीक्षण किया था। यह सेवाओं के शीघ्र वितरण और लागत में कमी लाने में मददगार है। वीई कमर्शियल व्हीक्ल्स के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विनोद अग्रवाल ने कहा कि समय और लागत में कमी इन ट्रकों की विशेषता है। इसमें टेलीमैटिक्स जैसे फीचर दिये गये हैं, जो पूरी यात्रा के डेटा को जमा करता है।
20 Aug, 20 : 06:56 PM
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारी बारिश के कारण गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि के बाद बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राज्य के सिंचाई विभाग में कनिष्ठ अभियंता अशोक जैन के मुताबिक, गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जिले की पांच बाढ़ चौकियां रामराज, देवल, लालपुर, चुहापुर और रेहड़वा गांव में हैं।
20 Aug, 20 : 06:56 PM
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक वाहन से 70 किलो अफीम बरामद करने के बाद दो संदिग्ध तस्कों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नियमित जांच के दौरान, एक पुलिस टीम ने बुधवार शाम को जखानी क्षेत्र में राजमार्ग पर तलाशी के लिए एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 70 किलो अफीम पाया गया और बेयंत सिंह और सुखविंदर सिंह नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
20 Aug, 20 : 06:56 PM
केरल के इडुक्की जिले में पेत्तीमुदी स्थित भूस्खलन स्थल से बृहस्पतिवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किये जाने के साथ ही मृतक संख्या बढ़ कर 63 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शेष सात लापता लोगों की तलाश जारी रहेगी। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भूस्खलन स्थल से लगभग 14 किमी दूर पुथुकुझी में एक नदी तट के पास शव मिला। अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान में चेन्नई से मंगाये गये दो जमीन खुदाई उपकरण का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। गौरतलब है कि सात अगस्त को राजमला के पेत्तीमुदी में चाय बागान के मजदूरों के कई कच्चे मकान भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन की चपेट में आ गये थे।
20 Aug, 20 : 05:30 PM
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री ए रहमान खान का यहां बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। खान हाल ही में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ठीक हो गए थे। खान के परिजनों ने बताया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। खान के बेटे डॉ सुबैर खान ने पीटीआई-भाषा से कहा, “अस्पताल में एक सप्ताह तक उनका इलाज चला। उन्हें कोविड-19 था लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। आज सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह चल बसे।” द्रमुक मुख्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि तीन दिन तक पार्टी के झंडे आधे फहराए जाएंगे और दिवंगत नेता के सम्मान स्वरूप इस दौरान पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। पार्टी अध्यक्ष एम के स्टालिन ने खान के निधन पर शोक प्रकट किया। खान को पहली बार चेपॉक विधानसभा क्षेत्र से 1977 में चुना गया था और वहां से उन्होंने 1980 और 1984 में भी जीत दर्ज की। पार्क टाउन और रामनाथपुरम सीट से 1989 और 1996 में खान विधानसभा पहुंचे थे। खान ने 2001 और 2006 के चुनाव हारने के बाद चुनाव नहीं लड़ा था।
20 Aug, 20 : 05:18 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद किया और कहा कि आधुनिक भारत बनाने के उनके सपने से सभी भारतीयों की आकांक्षाओं को बल मिला। सिंह ने ट्वीट किया, “पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 76वीं जयंती पर हम उन्हें याद कर रहे हैं। आधुनिक भारत के उनके सपने से सभी भारतीयों की आकांक्षाओं को बल मिला। आइये हम उनके सपने को सच करने के संकल्प के साथ उन्हें याद करें।” राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। वह 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री थे।
20 Aug, 20 : 04:09 PM
जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में बृहस्पतिवार को एक तहसील कार्यालय में एक हैंड ग्रेनेड पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस को दोपहर में ग्रेनेड पड़ा हुआ मिला। बम निरोधक दस्ते ने बाद में ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
20 Aug, 20 : 03:56 PM
थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव में चोर बुधवार रात एक घर से छह लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त विमल कुमार सिंह ने बताया कि बरौला गांव में रहने वाले विजय चौहान ने थाना सेक्टर 49 में रिपोर्ट दर्ज कराई है, कि बीती रात को उनके घर में अज्ञात चोर घुस गए। चोर घर में रखी छह लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चौहान ने बताया कि चोरी के दौरान परिजनों की आंख खुल गई थी और उन्होंने शोर मचाया और चोरों को दबोचने को प्रयास किया, लेकिन वो भागने में सफल रहे। सिंह ने बताया कि वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
20 Aug, 20 : 03:36 PM
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में नशे में धुत होकर कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फाड़ने को लेकर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बुधवार को धनतला पुलिस थाना क्षेत्र के स्कूल पारा इलाके में हुई। एक अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा इस कृत्य का वीडियो बनाने के बाद चंचल बिस्वास नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने दावा किया है कि उसने शराव के नशे में यह काम किया।
20 Aug, 20 : 03:16 PM
पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के 513 नए मामले सामने आए जिसके बाद देश में कोविड-19 महामारी के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 2,90,958 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के अनुसार, पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 से आठ मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद महामारी से मरने वालों की संख्या 6,209 पर पहुंच गई। मंत्रालय ने कहा कि अब तक कोविड-19 के 2,72,804 मरीज ठीक हो चुके हैं और 725 मरीजों की हालत नाजुक है। देश में संक्रमण के कुल मामलों में से सिंध में 1,27,060, पंजाब में 95,800, खैबर पख्तूनख्वा में 35,468, इस्लामाबाद में 15,425, बलूचिस्तान में 12,403 और गिलगित बल्तिस्तान में 2,583 मामले सामने आ चुके हैं।
20 Aug, 20 : 03:16 PM
अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के चलते रुपया गुरुवार को 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75 रुपये के स्तर से नीचे बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने कोविड-19 की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए अर्थव्यवस्था पर इसके गहरे प्रकोप के संकेत दिए हैं। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि मजबूत डॉलर, कमजोर घरेलू शेयर बाजार और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की टिप्पणी से निवेशकों की भावनाएं कमजोर हुईं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में स्थानीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.02 के भाव पर बंद हुई, जो 74.82 के पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे कम है। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने 74.93 के ऊपरी स्तर और 75.05 के निचले स्तर को छुआ। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाना वाला डॉलर सूचकांक 0.31 प्रतिशत बढ़कर 93.17 पर था। आईएफए ग्लोबल के संस्थापक और सीईओ अभिषेक गोयनका ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की टिप्पणी आने के बाद अमेरिकी डॉलर में जोरदार मजबूती हुई।
20 Aug, 20 : 02:53 PM
पुडुचेरी में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 554 नये मामले सामने आये जिससे इस केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,292 हो गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक एस मोहन कुमार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक पिछले 24 घंटों में कुल 1,388 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 554 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। राज्य में पहली बार एक दिन में संक्रमण के 500 से अधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि नौ और मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर 137 हो गई। संक्रमण से जान गंवाने वाले इन मरीजों में से अधिकतर को अन्य बीमारियां भी थीं और उनकी आयु 54 से 84 वर्ष के बीच थी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 322 मरीजों की ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई। कुल 9,292 मामलों में से 3,521 मरीज उपचाराधीन हैं और अभी तक 5,634 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
20 Aug, 20 : 02:45 PM
नोएडा थाना बादलपुर पुलिस ने राजमार्ग पर लूटमार करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सुबह एक सूचना के आधार पर थाना बादलपुर पुलिस ने राजमार्ग पर गाड़ियों तथा ट्रकों के चालक व परिचालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया । उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम कुलदीप, आशीष, अनुज, तथा देव बताया है। उन्होंने बताया कि इनके दो साथी मुकुल व बिजय मौके से भाग गए। अपर उपायुक्त ने बताया कि इन बदमाशों के पास से पुलिस ने दो देशी तमंचे, कारतूस आदि बरामद किए हैं और पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
20 Aug, 20 : 02:33 PM
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के श्वसन संबंधी मापदंडों में हल्का सुधार आया है लेकिन अब भी वह जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं। सेना के ‘रिसर्च एंड रेफरल’ अस्पताल ने यह जानकारी दी। मुखर्जी (84) को 10 अगस्त को यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी मस्तिष्क की सर्जरी की गई थी। इससे पहले कोविड-19 जांच में उनके संक्रमित होने की भी पुष्टि हुई थी। मुखर्जी का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। अस्पताल ने एक बयान में कहा, ‘‘माननीय श्री प्रणब मुखर्जी के श्वसन संबंधी मापदंडों में हल्का सुधार है लेकिन अब भी वह जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं। उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञों का एक दल उनकी हालत पर निगरानी रख रहा है।’’ मुखर्जी 2012 से 2017 तक देश के राष्ट्रपति थे।
20 Aug, 20 : 02:16 PM
तेलंगाना में कोविड-19 के 1,724 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 97,424 हो गई। वहीं 10 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 729 हो गई है। राज्य सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बुलेटिन में बुधवार 19 अगस्त रात आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी दी गई। राज्य में संक्रमण से बेहद प्रभावित ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में 395 नए मामले सामने आए। इसके बाद रंगारेड्डी में 169, मेडचल-मलकाजगिरि में 105 और करीमनगर में 101 नए मामले सामने आए। बुलेटिन के अनुसार राज्य में मृत्यु दर 0.74 प्रतिशत है। राज्य में अभी तक 75,186 लोग ठीक हो चुके हैं और 21,509 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 77.17 प्रतिशत है। इसमें बताया गया कि यहां अभी तक 8,21,311 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
20 Aug, 20 : 02:05 PM
कोरोना वायरस से संक्रमित दादरी विधानसभा से भाजपा विधायक तेजपाल नागर को बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के ‘कैलाश अस्पताल’ में भर्ती कराया गया। विधायक के बेटे दीपक नागर ने बताया कि वह कल विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ गए थे। नियमानुसार विधानसभा जाने से पहले उनकी कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। विधायक ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में उनके सम्पर्क में आए लोगों से कोविड-19 की जांच कराने का अनुरोध भी किया है। उनके बेटे ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उन्हें इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के ‘कैलाश अस्पताल’ में भर्ती कराया गया। दीपक नागर ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। परिवार वालों और उनके सम्पर्क में आए लोगों की भी कोविड-19 की जांच की जाएगी।
20 Aug, 20 : 02:02 PM
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लगाए गए सप्ताह में दो दिन के लॉकडाउन की वजह से बृहस्पतिवार को जन-जीवन प्रभावित रहा। यह लॉकडाउन शुक्रवार को भी लागू रहेगा। इस दौरान दवा और दूध की दुकानें और पेट्रोल पम्प खुले रहते हैं। कोलकाता और अन्य जिलों में अधिकतर लोगों के घरों में रहने से सन्नाटा पसरा रहा और आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों के अलावा अधिकतर सार्वजनिक तथा अन्य वाहन सड़कों से नदारद रहे। कोलकाता और अन्य जिलों में प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मी तैनात हैं ताकि लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलने से रोका जा सके। यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान सेवाएं निलंबित हैं और हावड़ा और सियालदह टर्मिनल से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। अंतर-राज्य जलमार्ग पर फेरी सेवाएं भी निलंबित हैं। पश्चिम बंगाल में बुधवार तक कोविड-19 के 1,25,922 मामले सामने आ चुके थे, जिनमें से 2,581 लोगों की जान जा चुकी है।
20 Aug, 20 : 01:27 PM
गूगल की ईमेल सेवा जीमेल में बृहस्पतिवार सुबह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और इससे दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कुछ उपयोगकर्ता प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने अभी तक सेवा बाधित होने की वजह नहीं बताई है। जी सूट स्टेटस डैशबोर्ड के अनुसार गूगल ‘‘जीमेल के साथ एक समस्या की रिपोर्ट पर जांच कर रही है।’’ बाद में गूगल ने बताया, ‘‘हम अभी भी समस्या की जांच कर रहे हैं। हम 20 अगस्त को 1330 बजे (अंतरराष्ट्रीय मानक समय) इस बारे में ताजा जानकारी देंगे। तब तक हमें समस्या के समाधान की उम्मीद है।’’ डैशबोर्ड के अनुसार, गूगल ड्राइव, गूगल डॉक्स और गूगल मीट जैसी गूगल की अन्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
20 Aug, 20 : 01:24 PM
कश्मीर के बारामूला जिले के क्रेरी इलाके में मारे गए तीन आतंकवादी
जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कश्मीर के बारामूला जिले के क्रेरी इलाके में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। उनकी पहचान उत्तरी कश्मीर के लश्कर के सबसे बड़े कमांडर सज्जाद हैदर, उनके पाकिस्तानी साथी उस्मान और स्थानीय सहयोगी अनातुल्ला के रूप में हुई है।
Three terrorists were killed in Kreeri, Baramulla. They were North Kashmir's biggest commander of LeT, Sajjad Haidar, his Pakistani accomplice Usman and local aide Anaitulla: J&K DGP Dilbag Singh pic.twitter.com/VE6bzyLFC5
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 01:24 PM
मन्दिर निर्माण में लगने वाले पत्थरों को जोड़ने के लिए तांबे की पत्तियों का उपयोग किया जाएगा। निर्माण हेतु 18इंच लम्बी, 3mm गहरी,30 mm चौड़ी 10,000 पत्तियों की आवश्यकता होगी। तीर्थ क्षेत्र श्रीरामभक्तों का आह्वान करता है कि तांबे की पत्तियां दान करें:श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र
20 Aug, 20 : 01:18 PM
भारत में वाणिज्यिक रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सलारपुरिया सत्व अपनी आवासीय परियोजनाओं का विस्तार कर रही है और वह करीब 600 करोड़ रुपये के निवेश से बेंगलुरु में तीन परियोजनाएं शुरू करेगी। सलारपुरिया सत्व के समूह प्रबंध निदेशक विजय अग्रवाल ने कहा कि आवासीय बिक्री और निर्माण गतिविधियां अप्रैल-मई के दौरान बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, लेकिन जून से हालात में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अगले डेढ़ साल में विभिन्न परियोजनाओं के लिए लगभग 1,300 करोड़ रुपये की पूरी तरह तैयार आवासीय इकाइयों को बेचने का लक्ष्य तय किया है। नई परियोजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि कंपनी बेंगलुरु में सितंबर में तीन नई आवासीय परियोजनाएं शुरू करने की योजना बना रही है, जिनमें लगभग 1,200 इकाइयां होंगी। इनमें से एक परियोजना किफायती आवास श्रेणी की होगी। अग्रवाल ने कहा कि तीनों परियोजनाओं के लिए करीब 600 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवास की मांग में उतनी अधिक गिरावट नहीं आई है, जितनी कि आशंका थी।
20 Aug, 20 : 01:18 PM
केंद्र सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण के बृहस्पतिवार को घोषित नतीजों में इंदौर को लगातार चौथे साल भारत का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। सर्वेक्षण में इस बार दूसरा स्थान सूरत और तीसरा स्थान नवी मुंबई को मिला है। केंद्र सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी को ‘गंगा किनारे बसा हुआ सबसे अच्छा शहर’ घोषित किया गया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2020 की घोषणा की।
20 Aug, 20 : 01:03 PM
शिवराज सिंह चौहान ने दी इंदौर को बधाई
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर को सबसे साफ शहर का खिताब मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने शहर के लोगों को बधाई दी और कहा था कि अभी चौका लगा है। भविष्य में छक्का भी लगेगा।
Congratulations to the people of Indore for achieving first position in being India's cleanest city in Swachh Survekshan 2020. The city has hit a four this time & surely will hit a six in the coming future: Madhya Pradesh CM Shivraj Singh Chouhan pic.twitter.com/ZdojFa8Gr1
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 01:00 PM
इंदौर लगातार चौथे साल देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित
केंद्र सरकार द्वारा किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण के बृहस्पतिवार को जारी नतीजों में इंदौर को लगातार चौथे साल भारत का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। सर्वेक्षण में दूसरा स्थान सूरत और तीसरा स्थान नवी मुंबई को मिला। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2020 की घोषणा की। पूरी खबर पढ़ें
20 Aug, 20 : 12:59 PM
ओडिशा कोरोना अपडेट
ओडिशा में कोविड-19 के 2,898 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 70,020 हो गए। वहीं वायरस से आठ और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 380 हो गई : स्वास्थ्य अधिकारी ।
20 Aug, 20 : 12:58 PM
नोएडा में कोविड-19 के 85 नए मामले
गौतम बुद्ध नगर में कोविड-19 के 85 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के मामले बढ़कर बृहस्पतिवार को 6,776 हो गए। जिला निगरानी अधिकारी डॉ. मनोज कश्यप ने बताया कि कोविड-19 के 85 नए मामले सामने आने के बाद जनपद में संक्रमण के मामले बढ़कर 6,776 हो गए। इनमें से 5,939 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और 794 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। वायरस से अभी तक यहां 43 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक यहां 1,24,413 नमूनों की कोविड-19 की जांच हुई है। जनपद में मरीजों के ठीक होने की दर करीब 86.65 प्रतिशत है। वहीं मृत्यु दर 0.63 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि पिछले 19 दिनों में यहां कोरोना वायरस से किसी की मौत नहीं हुई है।
20 Aug, 20 : 11:38 AM
दिल्ली में 29.1 फीसदी लोगों में कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी
देश की राजधानी दिल्ली में करीब 29.1 प्रतिशत लोगों में कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी तैयार हो चुकी है। इसका खुलासा सीरो सर्वे से हुआ है। ये सीरो सर्वे 1 से 7 अगस्त के बीच किया गया था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी। जैन ने बताया कि दिल्ली में दूसरे सीरो सर्वे के दौरान 15000 लोगों सैंपल लिए गए। पूरी खबर पढ़ें
20 Aug, 20 : 10:48 AM
राजस्थान कोविड-19 अपडेट
राजस्थान में कोरोना के 690 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब 65,979 हो गई है। ये आंकड़े आज सुबह 10.30 बजे तक के हैं। राज्य में एक्टिव केस 14,671 है। वहीं 50,393 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं। अब तक राज्य में कोरोना से 915 लोगों की मौत हुई है।
Rajasthan's #COVID19 case tally now stands at 65,979 with 690 new infections reported today till 1030 hours. The total numbers of active and recovered cases in the state are 14,671 & 50,393 respectively. Death toll 915: State Health Department pic.twitter.com/UgEVwRKnk7
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 10:44 AM
‘स्वच्छ सर्वेक्षण- 2020’ के नतीजे पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे घोषित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर में दिन में 11 बजे स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के परिणमों की घोषणा करेंगे। इसे पीएम मोदी की ओर से 2016 में शुरू किया गया था और ये इसका पांचवां संस्करण है।
20 Aug, 20 : 10:28 AM
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक गिरा
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के निराशाजनक आर्थिक परिदृश्य की बात कहने के बाद वैश्विक बाजारों में निवेशकों की भावनाएं कमजोर हुईं, जिसका असर घरेलू बाजारों पर भी देखने को मिला और बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार के दौरान प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक गिर गया। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 344.53 अंक या 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,270.26 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 92.80 अंक या 0.81 प्रतिशत गिरकर 11,315.60 पर था।
20 Aug, 20 : 10:14 AM
राहुल गांधी ने राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि
दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पिता राजीव गांदी की जंयती पर वीर भूमि जाकर उन्हें श्रद्दांजलि दी।
Delhi: Congress leader Rahul Gandhi pays tribute to Former Prime Minister Rajiv Gandhi on his birth anniversary at Veer Bhumi pic.twitter.com/Yptrhtv3n1
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 10:07 AM
भारत में कोरोना मामले 28 लाख के पार
भारत में कोरोना मामलों में एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी उछाल दर्ज की गई है। 24 घंटे में देश में कोरोना के 69,652 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल मामलों की संख्या अब 28 लाख के पार हो गई है। पूरी खबर पढ़ें
20 Aug, 20 : 09:17 AM
पीएम मोदी ने राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर बृहस्पतिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने ट्वीट किया,‘‘ पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि।’’ गांधी का जन्म आज ही के दिन यानी 20 अगस्त 1944 को हुआ था। उन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर 1984 से 1989 तक देश का नेतृत्व किया। एक चुनाव प्रचार के दौरान 1991 में उनकी हत्या कर दी गई थी।
20 Aug, 20 : 08:18 AM
एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सबसे ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 9 लाख से अधिक टेस्ट एक दिन में हुए हैं।
More than 9 lakh #COVID19 tests conducted in the last 24 hours: Ministry of Health pic.twitter.com/L0bsOwpnsP
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 08:16 AM
बारिश के बाद नोएडा में सेक्टर 39 का हाल
उत्तर प्रदेश के नोएडा में बारिश के बाद सेक्टर 39 में पानी जमा हो गया है। कुछ ऐसे ही दृश्य दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 के भी हैं।
Gautam Buddh Nagar: Water logging in Sector 39 of Noida following heavy rainfall in the area. pic.twitter.com/WzcsikQSVC
— ANI UP (@ANINewsUP) August 20, 2020
Delhi: Water logging at Mayur Vihar Phase 3 following overnight rainfall in the national capital. pic.twitter.com/ApntXMJYcp
— ANI (@ANI) August 20, 2020
20 Aug, 20 : 08:14 AM
भारी बारिश से जलजमाव
दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के अन्य इलाकों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश के बाद कई जगह जलजमाव की समस्या हो गई है।