Aaj Ki Taja Khabar: पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 2198 नए मामलों की पुष्टि

By रामदीप मिश्रा | Updated: July 18, 2020 22:02 IST2020-07-18T09:11:59+5:302020-07-18T22:02:16+5:30

Aaj ki Taja Khabar 18 july Hindi Samachar Latest News in Hindi | Aaj Ki Taja Khabar: पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 2198 नए मामलों की पुष्टि

कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें

नई दिल्लीः देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 34,884 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 10,38,716 हो गई, जिनमें से 671 लोगों की मौत हो जाने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 26,273 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार अभी तक 6,53,750 लोग संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। देश में इस समय 3,58,692 संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक 62.94 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’ 

संक्रमित लोगों की कुल संख्या में विदेशी भी शामिल है। यह लगातार तीसरा दिन है, जब देश में कोविड-19 संक्रमण के 30,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में 671 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 258, कर्नाटक में 115, तमिलनाडु में 79, आंध्र प्रदेश में 42, उत्तर प्रदेश में 38, पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली में 26-26, गुजरात मे 17, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में नौ-नौ, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में आठ-आठ, तेलंगाना में सात, हरियाणा में पांच, झारखंड, बिहार एवं ओडिशा में चार-चार, असम एवं पुडुचेरी में तीन-तीन, छत्तीसगढ़ एवं गोवा में दो-दो और केरल एवं उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारत में कोविड-19 के मौजूदा 3.42 लाख मरीजों में से 1.94 फीसदी लोग ही आईसीयू में हैं और 0.35 प्रतिशत लोग वेंटिलेटर पर हैं। 2.81 फीसदी लोगों को ऑक्सीजन दिया जा रहा है जबकि ठीक होने की दर 63.33 फीसदी तक पहुंच गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 का वास्तविक आंकड़ा तीन लाख 42 हजार 756 है जबकि 6.35 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। 

मंत्रालय ने कहा कि दुनिया की दूसरी सर्वाधिक आबादी वाले देश भारत में प्रति दस लाख में 727.4 मामले हैं जो कुछ यूरोपीय देशों की तुलना में चार से आठ गुना कम हैं। इसके साथ ही देश में महामारी से मृत्यु दर प्रति दस लाख में 18.6 है जो दुनिया में सबसे कम दर में से एक है। मंत्रालय ने कहा कि सभी राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के समन्वित प्रयास, घर-घर सर्वेक्षण, संपर्क का पता लगाने, निरूद्ध जोन की निगरानी, लगातार जांच और समय पर उपचार के कारण ऐसा संभव हो सका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत ने कोविड-19 रोगियों की अलग-अलग श्रेणी के लिए देखभाल के मानक प्रोटोकॉल का अनुपालन किया है। प्रभावी क्लीनिकल प्रबंधन नीतियों का सकारात्मक परिणाम भी मिला है। 

18 Jul, 20 : 09:56 PM

हरियाणा में बलात्कार के आरोपी एक व्यक्ति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 15 वर्षीय पीड़िता को कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया। पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। किशोरी के परिवार के मुताबिक जब वह बृहस्पतिवार देर रात को सो रही थी तब दोनों आरोपियों ने उसे आग के हवाले कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को किशोरी के परिजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय एक युवक ने किशोरी का बलात्कार किया और उसका वीडियो बनाया। अधिकारी ने कहा कि युवक वीडियो के जरिये किशोरी को ब्लैकमेल करता था। भिवानी सदर पुलिस थाने के प्रभारी श्री भगवान ने फोन पर बताया, “झुलसने से शुक्रवार को रोहतक स्थित पीजीआईएमएस में किशोरी की मौत हो गई।”

18 Jul, 20 : 09:55 PM

हरियाणा के पानीपत जिले में 45 वर्षीय महिला और उसकी बेटी अपने घर पर मृत मिलीं। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पानीपत मॉडल टाउन के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने फोन पर बताया कि महिला और उसकी बेटी (17) दोनों का गला रेता गया था और उनके शरीर पर धारदार हथियार से किये गए वार के निशान थे। कुमार ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी शुक्रवार रात को मिली जब पड़ोसियों ने दोनों के रक्तरंजित शव देखे। उन्होंने बताया कि पड़ोसी मां-बेटी को इसलिए देखने गए थे क्योंकि उनके टेलीविजन से तेज आवाज आ रही थी। कुमार ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

18 Jul, 20 : 09:54 PM

नागपुर शहर में प्रेमी ने कथित तौर पर 25 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पीड़िता का शव शहर के अभय नगर इलाके में शुक्रवार शाम को एक निर्माणधीन इमारत से बरामद किया गया। अजनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि झुग्गी बस्ती में रहने वाले 23 वर्षीय आरोपी प्रेम उर्फ सोनू पंकज गणवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया, “ अभय नगर इलाके के कुछ निवासियों को शुक्रवार शाम छह बजे निर्माणाधीन इमारत में एक युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। जांच के दौरान पता चला कि पास की बस्ती के कुछ असामाजिक तत्व इस जगह पर आते रहते थे।”

18 Jul, 20 : 09:54 PM

प्रतापगढ़ जिले के मानधाता थाना अंतर्गत उड़ी का डीह गांव में शनिवार सुबह एक बच्चे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय ने बताया कि उड़ी का डीह गांव निवासी अमर पाल का बेटा अनुराग (छह साल) शुक्रवार शाम घर के निकट खेल रहा था। उसी दौरान वह अचानक गायब हो गया। शनिवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूर झाड़ियों में पाया गया। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे की हत्या किए जाने की आशंका है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।

18 Jul, 20 : 09:54 PM

मथुरा जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की ढुलाई का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति ने कथित रूप से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रिफाइनरी क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक वरुण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह (40) की पत्नी राधा ने बताया कि शिवराज गुरुवार रात 11 बजे घर पहुंचा था और इसके बाद खाना खाकर सो गया था। वह सात करीब दो बजे उठा और उसने अवैध तमंचे से कथित रूप से स्वयं को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिंह ने बताया कि राधा ने अपने सास-ससुर को इसकी जानकारी दी। ससुर ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने कहा, ‘‘सीसीटीवी कैमरे से स्पष्ट हो रहा है कि कारोबारी ने आत्महत्या की है। फिर भी हर तथ्य की जांच की जाएगी। जिस पिस्तौल से उसने कथित रूप से आत्महत्या की, वह अवैध असलहा था। शिवराज के परिजन ने हत्या की कोई आशंका व्यक्त नहीं की है।’’

18 Jul, 20 : 09:53 PM

फ्लोरिडा पुलिस ने एक अधिकारी पर हमला करने वाले 19 वर्षीय काले व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया। ‘फ्लोरिडा टाइम्स-यूनियन’ की खबर के मुताबिक जाडेन डोमानी पर्किन्स को अटलांटिक बीच में बृहस्पतिवार तड़के पनेरा ब्रेड रेस्तरां के बाहर गोली मारी गई। अटलांटिक बीच फ्लोरिडा के जैक्सनविले शहर के पूर्व में स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि रेस्तरां के कर्मचारियों ने पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति के परेशानी पैदा करने की पुलिस से शिकायत की थी। अंतरिम प्रमुख विक्टर गुआलिलो ने बताया कि पर्किन्स ने सबसे पहले वहां पहुंचे अधिकारी पर हमला कर दिया।

18 Jul, 20 : 09:53 PM

इलिनॉइस में एक महिला को कई वर्षों तक अपने बच्चे का शारीरिक एवं मानसिक रूप से शोषण करने और पीट-पीट कर उसकी हत्या करने के मामले में 35 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है। जॉएन कनिंघम ने अपने पांच साल के बेटे एंड्रयूज की हत्या करने का अपराध दिसंबर में स्वीकार किया था। पुलिस को आठ महीने पहले बच्चे का शव महिला के घर के पास प्लास्टिक में लिपटा हुआ मिला था, जिसे जमीन में गड्ढा खोदकर छुपाया गया था। मैकहेनरी काउंटी के जज रॉबर्ट बिलब्रांड्ट ने महिला को शुक्रवार को 35 साल कारावास की सजा सुनाई। कनिंगघर ने अदालत से बृहस्पतिवार को दया का अनुरोध करते हुए कहा था कि वह अपने बच्चे से प्यार करने वाली मां थी, जो अपने बेटे को बहुत याद करती है। कनिंघम को उसके अपराध के लिए 20 से 60 साल कारावास की सजा हो सकती थी। अदालत ने इस बात पर गौर किया कि महिला नशे की आदी थी लेकिन साथ ही कहा, ‘‘उसका नशे का आदी होना उसके अपने बेटे के प्रति उसके भयावह व्यवहार को सही नहीं ठहरा सकता।’’ एंड्रयूज के पिता पर भी हत्या के आरोप लगाए गए हैं लेकिन उसने स्वयं को बेकसूर बताया है और उसके मामले की सुनवाई लंबित है।

18 Jul, 20 : 09:26 PM

जयपुर की एक अदालत ने आडियो टेप प्रकरण में गिरफ्तार किए गए संजय जैन को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) ने जैन को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया था। उन्हें शनिवार को यहां की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एसओजी ने जैन की आवाज के नमूने लेने की अनुमति की अर्जी लगाई है। उस मामले में अब सोमवार को सुनवाई होगी। इस बीच एसओजी की टीम आडियो टेप प्रकरण में विधायक भंवरलाल शर्मा का पता नहीं लगा पाई है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने इस आडियो टेप को लेकर आरोप लगाया है कि इसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, विधायक भंवरलाल शर्मा और संजय जैन की आवाज है जो कथित रूप से सरकार गिराने की साजिश करते लग रहे हैं। हालांकि शेखावत ने कहा है कि आडियो में उनकी आवाज नहीं है और वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। शर्मा एवं भाजपा ने इस आडियो को फर्जी बताया है।

18 Jul, 20 : 09:26 PM

लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रदेश में केंद्रीय दल भेजने पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ट्वीट किया, “कोरोना को बिहार में नियंत्रण में लाने और प्रदेशवासियों को इस महामारी के बढ़ते प्रकोप से बचाने के लिये केंद्र सरकार ने दल भेजने का जो निर्णय लिया है उसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को धन्यवाद।” स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक केंद्र सरकार ने बिहार में बढ़ते मामलों की समीक्षा और इस महामारी के प्रबंधन में समन्वय के लिये एक बहुपक्षीय दल तैनात करने का फैसला किया है।

18 Jul, 20 : 09:23 PM

मुंबई के उपनगर चांदीवली में स्थित किलिक निक्सन स्टूडियो की इमारत की छत पर शनिवार अपराह्न आग लग गई। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बज कर पचास मिनट पर लगी आग में छत पर रखा कबाड़ जलकर राख हो गया। अधिकारी ने बताया कि स्टूडियो साकी विहार रोड पर स्थित है। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

18 Jul, 20 : 09:22 PM

पाकिस्तान की एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने शनिवार को यहां प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो नेताओं को आतंकी वित्त पोषण के मामलों में 15 साल कैद की सजा सुनाई है। आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) ने एक बयान में कहा, “आज लाहौर की आतंकवाद विरोधी अदालत (एटीसी) ने प्रतिबंधित संगठन एलईटी के दो नेताओं- लुकमान शाह और मसूद-उर-रहमान- के खिलाफ पंजाब पुलिस के सीटीडी द्वारा 2019 में दर्ज और अन्वेषित मामलों में मुकदमे की सुनवाई खत्म की।” इसमें कहा गया कि अदालत ने आरोपियों को आतंकवाद निरोधी कानून 1997 की धारा 11-एन के तहत आतंकवाद के वित्त पोषण का दोषी पाया। दोनों को 15 साल की कैद के साथ ही जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

18 Jul, 20 : 09:09 PM

अहमदाबाद जिले में कपड़े के एक कारखाने में शनिवार को रसायनों के एक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना ढोलका शहर के कोथ इलाके में ‘विशाल फैब्रिक्स’ के परिसर में हुयी। पुलिस उपाधीक्षक नीतेश पांडे ने कहा कि रासायनिक कचरे के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार श्रमिकों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच की जारी है।

18 Jul, 20 : 09:09 PM

पाकिस्तान ने शनिवार को भारतीय उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर नियंत्रण रेखा पर भारतीय बलों द्वारा संघर्षविराम का कथित रूप से उल्लंघन किए जाने को लेकर ‘‘कड़ा विरोध’’ दर्ज कराया। विदेश विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, शुक्रवार को राखचिकरी और बरोह सेक्टरों में ‘‘बिना किसी उकसावे के की गई गोलीबारी’’ में दो महिलाएं घायल हो गयीं। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया था कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कई अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई गोलाबारी में एक दंपत्ति और उनका बेटा मारे गए हैं। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।

18 Jul, 20 : 08:45 PM

केरल में शनिवार को कोविड-19 के 593 नए मामले सामने आए और इस महामारी से दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11,659 हो गई और मृतकों की संख्या 39 हो गई। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि नए मामलों में से 364 मरीज संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से संक्रमण के शिकार हुए। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में अभी कोविड-19 के 6,416 मरीजों का इलाज चल रहा है और शनिवार को 204 मरीज ठीक हो गए। विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि संक्रमितों में से 116 विदेश से आए थे और 90 व्यक्ति अन्य राज्यों से आए थे। लगभग एक लाख 73 हजार लोगों पर निगरानी रखी जा रही है और विभिन्न अस्पतालों में 6,774 मरीज भर्ती हैं। राज्य में पिछले चौबीस घंटों में 18,967 नमूनों की जांच की गई।

18 Jul, 20 : 08:00 PM

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र पटपड़गंज में पूर्वी दिल्ली में पहले सार्वजनिक ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। सिसोदिया ने कहा, "इलेक्ट्रिक वाहन ही भविष्य में दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे। आने वाले दिनों में ये स्टेशन पेट्रोल पंपों की तरह सर्वव्यापी होंगे।" बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड (बीवाईपीएल) के एक प्रवक्ता ने कहा कि ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन कंपवनी और ईवी मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक साझेदारी के तहत स्थापित किया गया है। दिल्ली सरकार के एक बयान में कहा गया है कि स्टेशन एक समय में चार वाहनों को चार्ज कर सकता है। वाहन के प्रकार के आधार पर इसमें 45 से 90 मिनट का समय लगेगा। इस सुविधा के लिये प्रारंभिक शुल्क सीमित अवधि के लिए 10.50 रुपये प्रति यूनिट होगा, जो कि दिल्ली में मौजूदा ईवी टैरिफ दरों में सबसे कम है। आई पी एक्सटेंशन के केंद्र में स्थित इस चार्जिंग स्टेशन को 'प्लगएनगो' ब्रांड नाम दिया गया है।

18 Jul, 20 : 08:00 PM

मुंबई के धारावी क्षेत्र में शनिवार को कोरोना वायरस के छह नये मामले सामने आये। बृहन्मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एशिया के सबसे बड़े झुग्गी क्षेत्र धारावी में अब इस महामारी के मामलों की संख्या 2,444 हो गई है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में अभी कोविड-19 के केवल 107 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस क्षेत्र में लगभग 6.5 लाख लोग रहते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने धारावी में महामारी को नियंत्रित करने में नगर निकाय अधिकारियों की सफलता का हाल में जिक्र किया था।

18 Jul, 20 : 07:46 PM

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को उमस भरा मौसम रहा। शहर का एक बड़ा हिस्सा अभी भी वर्षा से वंचित हैं। भारतीय मौसम विभाग ने हालांकि अगले दो दिनों के दौरान शहर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘मानसून उत्तर की ओर बढ़ना शुरू हो गया है। अगले दो दिनों में दिल्ली में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद है।’’ उन्होंने हालांकि कहा कि राजधानी में ‘‘अच्छी’’ बारिश अगले सात दिनों के दौरान होने की उम्मीद है। सफदरजंग वेधशाला ने जुलाई में अब तक 47.9 मिमी बारिश दर्ज की है, जो सामान्य के 109.4 मिमी से 56 प्रतिशत कम है।

18 Jul, 20 : 07:34 PM

‘राइफल फैक्टरी इशापुर’ (आरएफआई) की रक्षा उत्पादन इकाई से जुड़े 32 कर्मचारी अब तक कोविड-19 का संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी शनिवार को ओएफबी के एक अधिकारी ने दी। आरएफआई के एक अधिकारी के मुताबिक फैक्टरी में सौ फीसदी कर्मचारी काम कर रहे हैं ताकि इसके उत्पादन और आपूर्ति प्रतिबद्धताओं को पूरा किया जा सके। आयुध निर्माणी बोर्ड (ओएफबी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य मंत्रालय के 18 मई के सर्कुलर के मुताबिक आरएफआई काम कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि आरएफआई के 14 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से तीन व्यक्ति ठीक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आरएफआई से जुड़े रक्षा सेवा कोर के 18 अन्य सदस्य संक्रमित पाए गए हैं जिनमें चार ठीक हो चुके हैं।

18 Jul, 20 : 07:18 PM

पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि राज्य में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में है। मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते कोलकाता या राज्यभर में पूर्ण लॉकडाउन लगाने की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि निरूद्ध क्षेत्रों में केवल पाबंदियों को कड़ाई से लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में स्थिति नियंत्रण में है। मृत्यु दर जो पहले अधिक थी अब कम होकर 2.7 प्रतिशत हो गई है, जो राष्ट्रीय औसत 2.5 प्रतिशत के बहुत करीब है।’’ सिन्हा ने कहा कि सरकार ने एक हेल्पलाइन की शुरूआत की है जिसके जरिये घरों में पृथक रहने वाले लोग राय और सुझाव ले सकते हैं। राज्य में इस समय 676 निरूद्ध क्षेत्र हैं और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए इन क्षेत्रों में पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है।

18 Jul, 20 : 06:45 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रख्यात गणितज्ञ सी. एस. शेषाद्रि के निधन पर दुख जताया और कहा कि एलजेब्रा ज्यामिति में उनके कार्य को आगामी पीढ़ियां याद रखेंगी। शेषाद्रि का शुक्रवार को 88 वर्ष की उम्र में चेन्नई में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘प्रोफेसर सी. एस. शेषाद्रि के निधन से हमने एक महान बुद्धिजीवी को खो दिया है जिन्होंने गणित में शानदार कार्य किए । उनके प्रयास खासतौर पर एलजेब्रा ज्यामिती में पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।’’ मोदी ने लिखा, ‘‘उनके परिवार और प्रशंसकों से संवेदना। ओम शांति।’’

18 Jul, 20 : 06:39 PM

कोरोना वायरस से पीड़ित एक गर्भवती महिला ने शनिवार को यहां के अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। यह जानकारी अस्पताल के अधिकारियों ने दी। महिला को सुबह में प्रसव पीड़ा हुई। अधिकारियों के मुताबिक चिकित्सकों ने पाया कि उसे कुछ दिक्कतें आ रही हैं और इसी मुताबिक उसकी छोटी सर्जरी की गई। उन्होंने कहा कि महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया जिसका वजन 2.7 किलोग्राम है।

18 Jul, 20 : 06:14 PM

आंध्र प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 3,963 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 44,609 पहुंच गयी। इसके अलावा शनिवार को सर्वाधिक 52 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार नए संक्रमित मरीजों में से कोई भी व्यक्ति दूसरे राज्य या दूसरे देश नहीं आया था। इस महामारी से और 52 मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या 586 पर पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में कुल 23,872 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 3,963 नमूनों में संक्रमण की पुष्टि हुई जो कि करीब 18 फीसदी है। पूर्वी गोदावरी जिले में संक्रमण के 994 नए मामले सामने आने के बाद आंकड़ा 5,499 पहुंच गया वहीं कुरनूल में 550 नए मामले सामने आने के बाद आंकड़ा 5,681 पहुंच गया।

18 Jul, 20 : 05:28 PM

बेंगलुरु शहर में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच कर्नाटक सरकार ने शनिवार को बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका आयुक्त बी एच अनिल कुमार को स्थानांतरित कर दिया और उनकी जगह राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव एन मंजूनाथ प्रसाद को नियुक्त किया। एक सरकारी आदेश के अनुसार, प्रसाद राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन में प्रमुख सचिव के पद का कार्यभार भी संभालेंगे। बीबीएमपी में प्रसाद का यह दूसरा कार्यकाल है। वह अनिल कुमार से पहले शहर नागरिक निकाय के आयुक्त थे। अनिल कुमार को सार्वजनिक उद्यम विभाग में वी रश्मि महेश के स्थान पर अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

18 Jul, 20 : 05:21 PM

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले कुछ हफ्तों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी का कारण त्वरित एंटीजन जांच है। यह बात शनिवार को अधिकारियों ने कही। साथ ही मामलें में ठीक होने की दर भी 65 फीसदी तक चली गई है जबकि मृत्यु दर घटकर 2.65 रह गई है। जिले के स्वास्थ्य अधिकारी की तरफ से 17 जुलाई को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक हैदराबाद और बेंगलुरू की तरह पुणे भी कोविड-19 के नये शहरी हॉटस्पॉट के तौर पर उभरा है। पुणे शहर में 17 जुलाई को 1705 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद कोविड-19 के मामले 34,040 हो गए हैं। पुणे जिले में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 917 है। पुणे जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 46,283 है जबकि 15,308 मरीज अब भी अपना उपचार करा रहे हैं। 666 रोगियों की हालत गंभीर है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 30,283 है। नगर निकाय के अधिकारियों ने कहा कि रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी का कारण रैपिड एंटीजन जांच है जो विभिन्न प्रयोगशालाओं में जारी है।

18 Jul, 20 : 04:39 PM

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने लोगों से एक साथ रहने और काम करने की भारतीय परंपरा को बनाये रखने और बढ़ावा देने की शनिवार को अपील की और उनसे ‘साझा और देखभाल करने’ के सिद्धांत का पालन करने को कहा। तत्कालीन मैसूर रियासत के 25वें शासक जयचमराजा वाडियार की जन्म शताब्दी के मौके पर एक समारोह को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए नायडू ने इतिहास को आकार देने वाले सभी महान शासकों और राजनेताओं के ज्ञान, देशभक्ति और दृष्टिकोण का जश्न मनाने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति ने जयचमराजा वाडियार को एक सक्षम प्रशासक बताते हुए हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता से पहले भारत में एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील राज्य का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि वाडियार लोगों के शासक थे जो हमेशा उनके संपर्क में रहना चाहते थे और उनकी भलाई सुनिश्चित करते थे। उन्होंने कहा, ‘‘देश, विश्व और पूरी मानवता के लिए एक साथ रहने और काम करने की भारतीय परंपरा को बनाये रखने और उसे बढ़ावा देकर हम श्री जयचमराजा जैसे दिग्गजों को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि दे सकते हैं।’’

18 Jul, 20 : 04:38 PM

दिल्ली सरकार द्वारा संचालित गुरु तेग बहादुर अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को एक विशिष्ट पहचान संख्या दी जाएगी और उनके रिकॉर्ड ऑनलाइन रखे जाएंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जीटीबी अस्पताल को नोडल अधिकारी बिनय भूषण ने कहा, “हमने इसे पूरी तरह कंप्यूटरीकृत करने की प्रक्रिया शुरू की है। अब मरीजों को भारी-भरकम फाइलें लेकर यहां-वहां नहीं भागना पड़ेगा।” अधिकारी ने कहा कि मरीजों को एक विशिष्ट पहचान संख्या दी जाएगी जो इलाज के दौरान उनके रिकॉर्ड ऑनलाइन हासिल करने में इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिये एक सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है और किसी भी कमी को दूर करने के लिये फिलहाल इसका परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जुलाई के अंत तक मरीज का पूरा चिकित्सा इतिहास, प्रत्येक जांच की रिपोर्ट मरीजों और चिकित्सकों के लिये ऑनलाइन उपलब्ध होगी।” पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में जल्द ही कोविड-19 के मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा बैंक भी शुरू होने जा रहा है।

18 Jul, 20 : 04:13 PM

मुथूट फाइनेंस ने प्रस्तावित शेयर विभाजन योजना को टाल दिया है। कोरोना वायरस के बीच की आर्थिक स्थिति को देखते यह कदम उठाया गया है। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गयी सूचना में कहा, ‘‘निदेशक मंडल ने शेयर विभाजन प्रस्ताव पर गहराई से विचार किया। हालांकि, पिछले कुछ माह से शेयर कीमत के उतार-चढ़ाव और वित्तीय संकेतक मौजूदा परिदृश्य में शेयर विभाजन के अनुकूल हैं, लेकिन निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से कंपनी के शेयरों को विभाजित करने की योजना को आगे की तारीख के लिए टाल दिया।’’ कंपनी ने कहा कि कोविड-19 की वजह से मौजूदा आर्थिक अनिश्चितता की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। कंपनी ने कहा कि इस बारे में और जानकारी आगे दी जाएगी। गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) ने तीन जुलाई को शेयर विभाजन के प्रस्ताव की जानकारी दी थी।

18 Jul, 20 : 04:12 PM

भारतीय सेना के डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) के एक संतरी ने जम्मू- कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। सेना की जम्मू- कश्मीर लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट से सेवानिवृत्त होने के बाद मोहम्मद बशीर (48) ने डीएससी में नौकरी कर ली थी। पुलिस ने बताया कि वह जिले के मेंढर क्षेत्र में तैनात था। एक अधिकारी ने कहा कि बशीर ने सुबह अपने शिविर के भीतर खुद को गोली मार ली। उन्होंने कहा कि बशीर ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इससे संबंधित अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

18 Jul, 20 : 04:11 PM

हरियाणा के पानीपत जिले में 45 वर्षीय महिला और उसकी बेटी अपने घर पर मृत मिलीं। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पानीपत मॉडल टाउन के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने फोन पर बताया कि महिला और उसकी बेटी (17) दोनों का गला रेता गया था और उनके शरीर पर धारदार हथियार से किये गए वार के निशान थे। कुमार ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी शुक्रवार रात को मिली जब पड़ोसियों ने दोनों के रक्तरंजित शव देखे। उन्होंने बताया कि पड़ोसी मां-बेटी को इसलिए देखने गए थे क्योंकि उनके टेलीविजन से तेज आवाज आ रही थी। कुमार ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

18 Jul, 20 : 03:58 PM

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि दलहन और तिलहन की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद राज्य के कुल उत्पादन के 25 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत की जाए। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में स्वीकृत लक्ष्य 25 प्रतिशत के अनुरूप चने की पूरी खरीद किये जाने का भी अनुरोध किया है। गहलोत ने इस बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी से उपजे संकट में राज्य विषम आर्थिक परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में किसानों को समर्थन मूल्य खरीद योजना का पूरा लाभ दिलाकर आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा दलहन व तिलहन खरीद के लक्ष्य को 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जाना किसानों के हित में होगा। पत्र में कहा गया है कि रबी सीजन 2020-21 में प्रथम अनुमान 26.85 लाख टन उत्पादन के आधार पर चना खरीद के लिए राज्य सरकार ने 6.71 लाख टन के प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा था लेकिन केंद्र सरकार ने 6 लाख 15,750 टन के प्रस्ताव ही स्वीकृत किये जो भारत सरकार द्वारा निर्धारित कुल उत्पादन की 25 प्रतिशत खरीद के लक्ष्य से 2.07 प्रतिशत कम हैं।

18 Jul, 20 : 03:57 PM

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए और वहां पूजा अर्चना की। सिंह के साथ प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत और थलसेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे भी थे। सिंह ने मंदिर परिसर में करीब एक घंटा बिताया। सिंह ने पवित्र गुफा में पूजा करते हुए एक क्लिप के साथ ट्वीट किया, ‘‘जम्मू कश्मीर में श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा में पूजा अर्चना करने के बाद बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं।’’ अमरनाथ गुफा को हिंदू धर्म के पवित्रतम धर्म स्थलों में से एक माना जाता है और हर साल हजारों श्रद्धालु यहां तीर्थयात्रा पर आते हैं। सिंह ने जम्मू कश्मीर के दौरे के दूसरे दिन अमरनाथ गुफा के दर्शन किए। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा हालात की समीक्षा की थी। उन्होंने सशस्त्र बलों से पाकिस्तान के किसी भी गलत कृत्य का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा। उच्च स्तरीय बैठक में रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों से पाकिस्तान के साथ लगती नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भी कहा।

18 Jul, 20 : 03:54 PM

नोएडा थाना दादरी पुलिस ने बढ़पुरा गांव के पास से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दादरी थाना पुलिस ने शनिवार को एक सूचना के आधार पर बढ़पुरा के पास से मोहित उर्फ रंगीला को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि मोहित के पास से पुलिस ने 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। सिंह ने बताया कि पुलिस मोहित को विभिन्न मामलों में पहले भी पांच बार गिरफ्तार कर चुका है।

18 Jul, 20 : 03:45 PM

महाराष्ट्र में एक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये है। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य की रैपिड एंटीजन जांच की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वह कोरोना वायरस से संक्रमित मिले है और उन्हें औरंगाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ इससे पहले कैबिनेट मंत्री जितेंद्र अव्हाड, धनंजय मुंडे और अशोक चव्हाण कोरोना वायरस से संक्रमित हुए और इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

18 Jul, 20 : 03:33 PM

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के 66 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामले शनिवार को बढ़ कर 609 हो गए। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य के निगरानी अधिकारी डॉ. एल. जम्पा ने बताया कि 66 नये मामलों में 58 मामले राजधानी परिसर क्षेत्र में, दो मामले पूर्वी सियांग जिले में, जबकि नमसाई और निचले सियांग जिले में एक-एक मामले सामने आये हैं। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को एक दिन में सर्वाधिक 75 मामले सामने आए थे। डॉ. जम्पा ने बताया कि नये मामलों में कोविड-19 ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ का जवान भी शामिल है। उन्होंने बताया कि चांगलांग जिले में दो स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित हो गये हैं। अब तक, राज्य में राजधानी परिसर क्षेत्र में कोविड-19 के सर्वाधिक 295 मामले सामने आये हैं, जबकि चांगलांग में 37, नमसाई में 29, पूर्वी सियांग में 21 और निचले सुबनसिरी में 12 मामले सामने आये हैं।

18 Jul, 20 : 03:27 PM

यूरोपीय संघ के नेता इसके 1.85 हजार अरब यूरो (2.1 हजार अरब डॉलर) के अभूतपूर्व बजट पर और कोरोना वायरस संकट से उबरने के लिये कोष को लेकर लगातार दूसरे दिन शनिवार को एक समझौते पर पहुंचने की जद्दोजहद करते नजर आये। उल्लेखनीय है कि यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों के 27 नेताओं के बीच शुक्रवार को दिन भर और रात में चली चर्चा में इस बड़ी रकम को खर्च करने के तरीके पर सहमति नहीं बन पाई। नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूट ने शुक्रवार की लंबी बातचीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज दोपहर की तुलना में आज शाम का माहौल कहीं अधिक गर्म है। मुझे लगता है कि इसमें (किसी सहमति पर पहुंचने में) समय लगने जा रहा है।’’ एक यूरोपीय राजनयिक ने कहा कि बातचीत मुश्किल दौर से गुजर रही है और कोष को खर्च करने के तरीके पर गतिरोध है। गौरतलब है कि 27 देशों की सदस्यता वाले आर्थिक संगठन ईयू के देशों में करीब 1,35,000 लोगों की कोविड-19 महामारी से मौत हुई है। बैठक में सदस्य देशों के नेता मास्क पहने हुए थे।

18 Jul, 20 : 03:27 PM

फ्रांस के पश्चिम शहर नैनटेस में शनिवार को गोथिक गिरजाघर में आग लग गई जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गये। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे है। सिटी हॉल के एक अधिकारी ने बताया कि गिरजाघर (कैथेड्रल) के अंदर शनिवार की सुबह आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। इस घटना से निवासियों और पर्यटकों में दहशत फैल गई। इस शहर के लॉयर नदी पर इस शहर के ऐतिहासिक केन्द्र में सेंट पीटर और सेंट पॉल कैथेड्रल के आसपास के इलाकों को आपातकालीन कर्मचारियों ने घेर लिया है। स्थानीय दमकल कर्मियों ने लोगों को क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है जबकि आग पर काबू पाने के प्रयास किये जा रहे है।

18 Jul, 20 : 03:26 PM

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई जिसके नीचे दबकर कम से कम तीन व्यक्तियों की मौत हो गई और 19 घायल हो गए जिनमें ज्यादातर मजदूर हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मीरपुर जिले के चकसावारी क्षेत्र में तीन मंजिला एक मैरिज हॉल की इमारत में मरम्मत कार्य चल रहा था तभी शुक्रवार को इमारत ढह गई और उसके नीचे दर्जनों मजदूर फंसे गए। सेना ने कहा कि फौज की शहरी खोजी और बचाव इकाई और नागरिक प्रशासन के अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया जो शनिवार की सुबह तक जारी था। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 22 लोगों को बचाया जा चुका है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों में मैरिज हॉल के मालिक नदीम और उसका बेटा भी शामिल है। ज्यादातर घायल गरीब मजदूर हैं जो इमारत की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार जब इमारत ढही तब उसमें 40 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे इसलिए आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।

18 Jul, 20 : 02:28 PM

ओडिशा में पिछले एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 591 नए मामले सामने आए तथा महामारी से तीन और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 16,701 हो गई है और अब तक 86 लोग इस महामारी की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंजाम जिले में दो और गजपति में एक व्यक्ति की मौत हुई। उन्होंने कहा कि तीनों मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि नए मामलों में से 394 विभिन्न पृथक-वास केंद्रों से सामने आए और 197 मामले, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के दौरान सामने आए।

18 Jul, 20 : 02:28 PM

नोएडा के सेक्टर-59 में शनिवार सुबह एक कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर 59 में स्थित एक कंपनी के बाहर सुबह ओम जी नामक व्यक्ति ने अपनी कार खड़ी थी। वह जैसी ही कार से बाहर निकला, कार में अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

18 Jul, 20 : 02:27 PM

नोएडा के सेक्टर-59 में शनिवार सुबह एक कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर 59 में स्थित एक कंपनी के बाहर सुबह ओम जी नामक व्यक्ति ने अपनी कार खड़ी थी। वह जैसी ही कार से बाहर निकला, कार में अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

18 Jul, 20 : 02:23 PM

मिजोरम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के चार कर्मियों समेत 10 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य में शनिवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 282 हो गए। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि पांच नए मामले आइजोल से, तीन सियाहा और दो चम्फाई जिले से आए हैं। उन्होंने बताया कि नए मरीजों में एनडीआरएफ के वे चार कर्मी भी शामिल हैं जो दूसरे राज्यों से लौटे थे। वे आइजोल के समीप लुंगवेर में तैनात थे। उनकी आयु 21 से 50 वर्ष के बीच है। अधिकारी ने बताया कि 10 नए मरीजों में से सात में बीमारी के लक्षण नहीं हैं जबकि तीन में कोविड-19 के लक्षण देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि नए मामलों से राज्य में अब उपचाराधीन संक्रमित मरीजों की संख्या 122 हो गई है जबकि 160 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

18 Jul, 20 : 02:22 PM

मैक्सिको में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,257 और मामले सामने आए हैं तथा इस संक्रमण के कारण 736 और लोगों की मौत हो गई है। मैक्सिको में इस वैश्विक महामारी से अब तक 7,257 लोगों की मौत हो चुकी है जो दुनिया में इस बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों की चौथी सर्वाधिक संख्या है। साथ ही मैक्सिको में संक्रमण के 3,24,000 मामले सामने आए हैं। संक्रमण के मामलों में मैक्सिको दुनिया में सातवें स्थान पर है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बताया कि तबास्को राज्य में अस्पताल 85 प्रतिशत तक भर चुके हैं और उत्तरी सीमावर्ती राज्य नुएवो लियोन में भी अस्पतालों में बहुत अधिक संख्या में मरीज भर्ती हैं। देश के राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्राडोर ने कहा कि वह तबास्को राज्य के हालात से चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि और मरीजों के इलाज के लिए वहां एक सरकारी अस्पताल का विस्तार किया जाएगा।

18 Jul, 20 : 11:27 AM

ओडिशा में कल (17 जुलाई) कोरोना वायरस के 591 नए मामले सामने आए हैं और 453 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। साथ ही साथ 3 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 16,701 है जिसमें 5,259 सक्रिय मामले, 11,330 ठीक हो चुके मामले और 86 मौतें शामिल हैं। यह जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई है।  

18 Jul, 20 : 11:21 AM

राजस्थान में शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे तक कोरोना के 184 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 88 लोग ठीक हुए हैं और चार मरीजों की मौत हो गई है। राज्य में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या अब 27,973 पर पहुंच गई है, जिसमें से अभी 6,737 सक्रिय मामले और और 550 मरीजों की मौत हो चुकी है। यह जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई है। 

18 Jul, 20 : 10:02 AM

मिजोरम में NDRF के चार कर्मी समेत 10 लोग कोरोना संक्रमित

मिजोरम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के चार कर्मियों समेत 10 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य में शनिवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 282 हो गए। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि पांच नए मामले आइजोल से, तीन सियाहा और दो चम्फाई जिले से आए हैं। उन्होंने बताया कि नए मरीजों में एनडीआरएफ के वे चार कर्मी भी शामिल हैं जो दूसरे राज्यों से लौटे थे। वे आइजोल के समीप लुंगवेर में तैनात थे। उनकी आयु 21 से 50 वर्ष के बीच है। अधिकारी ने बताया कि 10 नए मरीजों में से सात में बीमारी के लक्षण नहीं हैं जबकि तीन में कोविड-19 के लक्षण देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि नए मामलों से राज्य में अब उपचाराधीन संक्रमित मरीजों की संख्या 122 हो गई है जबकि 160 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

18 Jul, 20 : 10:01 AM

कोविड-19: मैक्सिको में मृतकों की संख्या 7,200 के पार

मैक्सिको में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,257 और मामले सामने आए हैं तथा इस संक्रमण के कारण 736 और लोगों की मौत हो गई है। मैक्सिको में इस वैश्विक महामारी से अब तक 7,257 लोगों की मौत हो चुकी है जो दुनिया में इस बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों की चौथी सर्वाधिक संख्या है। साथ ही मैक्सिको में संक्रमण के 3,24,000 मामले सामने आए हैं। संक्रमण के मामलों में मैक्सिको दुनिया में सातवें स्थान पर है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बताया कि तबास्को राज्य में अस्पताल 85 प्रतिशत तक भर चुके हैं और उत्तरी सीमावर्ती राज्य नुएवो लियोन में भी अस्पतालों में बहुत अधिक संख्या में मरीज भर्ती हैं। देश के राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्राडोर ने कहा कि वह तबास्को राज्य के हालात से चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि और मरीजों के इलाज के लिए वहां एक सरकारी अस्पताल का विस्तार किया जाएगा।

18 Jul, 20 : 09:16 AM

लखनऊ में लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर वाहनों की कम आवाजाही दिखी। उत्तर प्रदेश में कल(17 जुलाई) रात 10 बजे से सोमवार(20 जुलाई) सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन रहेगा, लॉकडाउन में जरूरी सेवाओं की अनुमति दी गई है। 



 

18 Jul, 20 : 09:14 AM

बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन राज्यों को वायरस का संक्रमण रोकने और मृत्यु दर एक प्रतिशत से नीचे रखने के लिए नए सिरे से प्रयास करने को कहा है। इन राज्यों में लॉकडाउन को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जोर दिया है कि संक्रमण के मामलों का जल्द पता लगाने और मृत्यु दर कम करने के लिए पाबंदी का इस्तेमाल निषिद्ध क्षेत्र पर ध्यान देने, संक्रमण के ज्यादा मामले वाले क्षेत्रों में जांच और निगरानी बढ़ाने के वास्ते किया जाए। स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने इन राज्यों के प्रधान सचिवों (स्वास्थ्य) को इस संबंध में एक पत्र लिखा है । इसमें कहा गया है कि नए मामलों के कम से कम 80 प्रतिशत संपर्क का पता लगाना और संक्रमण की पुष्टि होने पर 72 घंटे के भीतर पृथक-वास करना सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एक कार्यालय पत्र के मुताबिक केंद्र ने महामारी से निपटने की दिशा में समन्वय और समीक्षा को लेकर बिहार के लिए एक बहु-विषयक टीम भी तैनात करने का फैसला किया है।

18 Jul, 20 : 09:13 AM

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने कहा है कि कल (17 जुलाई) तक कोरोना वायरस के लिए कुल 1,34,33,742 सैंपल का टेस्ट किया गया, इसमें से 3,61,024 सैंपल का टेस्ट कल किया गया।

18 Jul, 20 : 09:12 AM

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में सर्वाधिक 34,956 मामले सामने आने के साथ शुक्रवार को कोविड-19 का आंकड़ा दस लाख से अधिक हो गया। महज तीन दिन पहले यह आंकड़ा नौ लाख के पार हुआ था। 

18 Jul, 20 : 09:12 AM

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एन95 मास्क और निजी सुरक्षा उपकरण की भी कोई कमी नहीं है। बताया गया कि केंद्र ने राज्य, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को 235.58 लाख एन95 मास्क और 124.26 लाख पीपीई किट उपलब्ध कराई हैं। 
 

Web Title: Aaj ki Taja Khabar 18 july Hindi Samachar Latest News in Hindi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे