Aaj Ki Taja Khabar: दिल्ली: सीरे सर्वे में खुलासा, कोरोना से ठीक हुए 30 फीसद मरीजों में नई पाई गई एंटीबॉडी
By विनीत कुमार | Updated: September 15, 2020 22:05 IST2020-09-15T07:46:35+5:302020-09-15T22:05:29+5:30

15 सितंबर: संसद लाइव अपडेट, कोरोना से जुड़ी ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 15 सितंबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 49 लाख के पार हो गए हैं। भारत में अब तक करीब 80 हजार से अधिक लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 38 लाख के ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 49,30,237 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 9,90,061 है। दूसरी ओर 38,59,400 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 80,776 हो गई है। ये आंकड़े मंगलवार (15 सितंबर) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो आज से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हो चुकी है और आज इसका दूसरा दिन है। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत और चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव पर संसद में बयान दे सकते हैं।
विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर चर्चा कराये जाने की मांग के बीच यह बयान काफी महत्व रखता है। राजनाथ की हाल में मॉस्को में चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगहे के साथ मुलाकात भी हुई थी।
दूसरी ओर बिहार की ओर आज एक बार फिर नजरें होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में शहरी अवसंरचना से जुड़ी सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इनमें चार परियोजनाएं जल आपूर्ति से संबंधित है, दो जल-मल शोधन संयंत्र और एक परियोजना रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबंधित है। इन सभी परियोजनाओं की लागत 541 करोड़ है।
15 Sep, 20 : 09:55 PM
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अर्धसैनिक बलों के 100 कर्मियों की मौत हुई है। उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि 10 सितंबर तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस के कारण सीआरपीएफ के 35, सीआईएसएफ के 24, बीएसएफ के 23, आइटीबीपी के सात, सशस्त्र सीमा बल के छह और असम राइफल्स के पांच लोगों की मौत हुई। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में राय ने कहा कि 2016-17 और 2018-19 के दौरान विदेशी अनुदान नियमन अधिनियम के तहत पंजीकृत गैर सरकारी संगठनों को कुल 58000 करोड़ रुपये से अधिक चंदा मिला।
15 Sep, 20 : 09:55 PM
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,263 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 2.25 लाख हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि 36 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,806 हो गई। शहर में इलाज करा रहे लोगों की संख्या बढ़कर 29,787 हो गई। इससे एक दिन पहले यह संख्या 28,641 थी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 62,000 से ज्यादा नमूने की जांच हुई। शहर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,25,796 हो गई।
15 Sep, 20 : 09:53 PM
भारत ने नेपाल को कोविड-19 रोगियों के लिये इलाज के लिये रेमडेसिविर दवा भेजी है । काठमांडू में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि नेपाल में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने भारत सरकार की ओर से रेमडेसिविर दवा की 2,000 से अधिक शीशियां मंगलवार को विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञावली को सौंपी हैं। भारत सरकार ने कोविड-19 से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने में सहयोग के तौर पर नेपाल को ये दवा भेजी है।
15 Sep, 20 : 09:46 PM
हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 से चार और मरीजों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या मंगलवार को बढ़ कर 85 पर पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विशेष सचिव (स्वास्थ्य) निपुण जिंदल ने कहा कि सोमवार रात से अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ा, शिमला, मंडी और सोलन में मरीजों ने महामारी से अपनी जान गंवाई। सोलन में अब तक कोविड-19 से सर्वाधिक 19 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके बाद कांगड़ा में 18 और शिमला में 13 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि मंडी में नौ, उना में आठ, हमीरपुर और चंबा में पांच-पांच और कुल्लू और बिलासपुर में एक-एक मरीज की मौत हुई।
15 Sep, 20 : 08:57 PM
झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी और न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने मंगलवार को शपथ ग्रहण किया। मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन ने न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी एवं न्यायमूर्ति दीपक रोशन को अदालत के व्हाइट हॉल में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। दोनों को उच्च न्यायालय का स्थाई न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। अदालत में अब कुल 17 न्यायाधीश हो गए हैं। अभी भी यहां आठ न्यायाधीशों के पद रिक्त हैं। शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के महापंजीयक अंबुज नाथ ने हिंदी व अंग्रेजी में न्यायाधीशों का नियुक्ति पत्र पढ़़ा। दोनों को फरवरी 2019 में उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
15 Sep, 20 : 07:34 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से 98 वर्ष की आयु में अर्थशास्त्र से स्नातकोत्तर करने वाले राजकुमार वैश्य के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। वह 101 वर्ष के थे। नीतीश ने अपने शोक-संदेश में कहा है, ‘‘दिवंगत राजकुमार वैश्य ने 98 वर्ष की आयु में नालन्दा मुक्त विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए किया, जिसके लिए उनका नाम लिमका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। मैंने उनके घर जाकर उन्हें बधाई दी थी। उनका आशीर्वाद लिया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके पुत्र संतोष कुमार बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, पटना में मेरे प्रोफेसर थे। दिवंगत राजकुमार वैश्य मेरे लिए पिता तुल्य थे। मैं उन्हें नमन करते हुये श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’ मुख्यमंत्री ने प्रोफेसर संतोष कुमार से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
15 Sep, 20 : 07:34 PM
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2017 से 2019 के बीच अर्धसैनिकों बलों के कुल 4,132 लोगों की ड्यूटी के दौरान मौत हुई। उन्होंने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। राय ने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई उनमें राजपत्रित अधिकारी और दूसरे अधिकारी शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि सीआरपीएफ के 1,597 लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि इस दौरान बीएसएफ के 725, सीआईएसएफ के 671, आईटीबीपी के 429, एसएसबी के 329 और असम राइफल्स के 381 कर्मियों की ड्यूटी के दौरान मौत हुई।
15 Sep, 20 : 06:37 PM
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने मंगलवार को बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कोरोना वायरस का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के प्रत्यक्ष, परोक्ष या निकट संपर्क से फैलता है। मसलन थूक और श्वसनीय निस्सरण अथवा संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने, बात करने या गाना गाने के दौरान निकलने वाली श्वसनीय बूंदों के माध्यम से यह फैल सकता है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में चौबे ने कहा, ‘‘वायरस का वायुजनित संचरण स्वास्थ्य परिचर्या स्थापनाओं में हो सकता है। यहां एयरोसोल उत्पन्न करने वाली प्रक्रिया नामक विशिष्ट चिकित्सा प्रक्रिया में एयरोसेल नामक बहुत छोटी बूंदें उत्पन्न होती हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वैयक्तिक सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के तर्कसगंत प्रयोग संबंधी अपने दिशा- निर्देशों में एयरोसोल उत्पन्न करने वाली प्रक्रियाओं में वायुजनित संचरण की संभाव्यता का उल्लेख किया है तथा ऐसी सभी स्थापनाओं हेतु उपयुक्त पीपीई की सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि इस समय देश में केवल 10 राज्यों में 77 फीसद सक्रिय मामले हैं। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, असम और केरल शामिल हैं।
15 Sep, 20 : 06:20 PM
गुजरात सरकार में एक मंत्री और भाजपा के एक विधायक ने मंगलवार को कहा कि उनकी जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुजरात के खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री जयेश रादडिया ने कहा कि वे संक्रमित हो गए हैं और घर पर पृथक-वास में रह रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “मेरी कोरोना वायरस रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अभी मैं घर पर पृथक-वास में हूं और मेरी हालत स्थिर है। पिछले एक सप्ताह में मेरे संपर्क में आए लोगों को अपनी जांच करानी चाहिए।” जामनगर से भाजपा विधायक राघवजी पटेल ने भी अपने संक्रमित होने की जानकारी ट्विटर के जरिये दी। पटेल ने कहा कि वह जामनगर में कोविड-19 के एक निर्दिष्ट अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं।
15 Sep, 20 : 05:54 PM
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार के दरभंगा में एक नया अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी प्रदान कर दी । अधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई । आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस संस्थान की स्थापना प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत की जायेगी और इस पर कुल 1264 करोड़ रूपये की लागत आयेगी । इसमें कहा गया है कि नये एम्स का निर्माण कार्य केंद्र की मंजूरी की तिथि से 48 महीने में पूरा हो जायेगा । बयान के अनुसार, इसमें 100 स्नातक (एमबीबीएस) सीट, 60 बीएससी (नर्सिंग) सीटें जुड़ेंगी । इसमें 15-20 सुपर स्पेशियालिटी विभाग तथा 750 बिस्तरों का अस्पताल होगा ।
15 Sep, 20 : 05:54 PM
सरकार ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में कोई भी नजरबंद नहीं है और वर्तमान में 223 लोग हिरासत में हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोकसभा को बताया कि जम्मू-कश्मीर से पिछले साल अगस्त महीने में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाए जाने के बाद वहां शांति बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए गए। इनमें कुछ व्यक्तियों को ऐहतियात के तौर पर हिरासत में भी लिया गया। रेड्डी ने कहा, ‘‘11 सितंबर, 2020 तक 223 व्यक्ति हिरासत में हैं। कोई भी व्यक्ति नजरबंद नहीं है।’’ केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि पांच अगस्त 2019 को तत्कालीन जम्मू कश्मीर राज्य के विभाजन के बाद यहां आतंकवाद की घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि 29 जून 2018 से चार अगस्त 2019 के बीच 402 दिनों में जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद की 455 घटनाएं हुई थी जबकि पांच अगस्त 2019 से नौ सितंबर 2020 के बीच 402 दिनों में ऐसी 211 घटनाएं हुई।
15 Sep, 20 : 05:43 PM
सरकार ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच गतिरोध के विषय पर संसद में चर्चा कराने की विपक्ष की मांग को मंगलवार को खारिज कर दिया। सूत्रों ने बताया कि लोकसभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) में कांग्रेस नेताओं ने पूर्वी लद्दाख में चीन के सैनिकों के साथ भारतीय सैनिकों के गतिरोध पर चर्चा कराने की मांग उठाई थी। सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मुद्दा संवेदनशील है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है इसलिए इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
15 Sep, 20 : 04:35 PM
संयुक्त राष्ट्र की प्रवास एजेंसी ने मंगलवार को कहा कि प्रवासियों को लेकर यूरोप जा रही एक नौका लीबिया के भूमध्य सागर तट पर पलट गई और इसमें सवार दो दर्जन लोग डूब गए या लापता हैं। एजेंसी ने इन सभी की मौत का अंदेशा जताया है। उत्तरी अफ्रीकी देश से जुड़े जहाज या नौका संबंधी यह नवीनतम दुर्घटना है। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन की प्रवक्ता सफा सेली ने द एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि लीबिया के तटरक्षक दल ने सोमवार को तीन नौकाओं को रोका और उनमें से एक नौका पलट गई। उन्होंने कहा कि तटरक्षकों ने दो शव बरामद किए हैं, और अन्य 24 लोग लापता हैं जिन्हें मृत मान लिया गया है। उन्होंने कहा कि तीनों नौकाओं पर जीवित बचे कम से कम 45 लोगों को तट पर भेज दिया गया है। सभी प्रवासी पुरुष हैं और उनमें से अधिकांश मिस्र और मोरक्को के निवासी थे।
15 Sep, 20 : 03:54 PM
लद्दाख में कोविड-19 से एक और मरीज की मौत हो गई जिसके बाद संघ शासित प्रदेश में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 74 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 3,419 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कोविड-19 के 2,475 मरीज ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 903 मरीजों का इलाज चल रहा है। करगिल में सोमवार को एक मरीज की मौत हो गई थी। अब तक करगिल में कुल 24 और लेह में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। नए मरीजों में से 56 मरीज लेह और 18 मरीज करगिल से हैं।
15 Sep, 20 : 03:54 PM
एक टेस्ट मैच में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व क्रिकेटर सदाशिव रावजी पाटिल का मंगलवार को कोल्हापुर में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 86 बरस के थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। कोल्हापुर जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी रमेश कदम ने पीटीआई को बताया, ‘‘उनका (पाटिल का) कोल्हापुर की रुईकर कॉलोनी में अपने आवास पर मंगलवार तड़के सोते हुए निधन हो गया। ’’ तेज गेंदबाजी आलराउंडर पाटिल ने 1955 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने हालांकि इसके बाद देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला। पाटिल ने 1952-1964 के बीच महाराष्ट्र के लिए 36 प्रथम श्रेणी मैचों में 866 रन बनाने के अलावा 83 विकेट चटकाए। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र की कप्तानी भी की।
15 Sep, 20 : 03:20 PM
देहरादून यहां क्लेमेंटाउन क्षेत्र में मंगलवार को एक मोटरसाइकिल और ट्रक की आमने-सामने भिडंत होने से उत्तर प्रदेश के दो युवकों की मृत्यु हो गयी । पुलिस ने यहां बताया कि दुर्घटना आशारोडी के पास एक मोड़ पर हुई। यहां सहारनपुर से देहरादून आ रहे ट्रक और सामने से आ रही मोटर साइकिल में भिडंत हो गयी । भिडंत इतनी भीषण थी कि मोटर साइकिल पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी । मृतकों की पहचान सहारनपुर जिले के मांडूवाला निवासी जतिन (17) और मुजफ्फरनगर के चरथावल के रहने वाले संदीप कुमार (30) के रूप में की गयी है । पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके पर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है । पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
15 Sep, 20 : 02:35 PM
तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,058 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1.60 लाख से अधिक हो गयी है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी मिली। सोमवार रात आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सर्वाधिक मामले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम क्षेत्र में सामने आए हैं जिनकी संख्या 277 है। इसके बाद रंगारेड्डी में 143, करीमनगर में 135, वारंगल शहर में 108, सिद्दीपेट में 106 और खम्मम में 103 मामले सामने आए हैं। संक्रमण से एक दिन में 10 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 984 हो गयी है। राज्य में अब तक 1.29 लाख लोग संक्रमण से उबर चुके हैं और 30,400 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में प्रति दस लाख आबादी पर 59,811 नमूनों की जांच की गयी है। राज्य में अब तक कुल 22.20 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।
15 Sep, 20 : 02:26 PM
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोने की चेन छीनने के दौरान पड़ोसी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 20 वर्षीय एक बेरोजगार व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिले के पदघा गांव के एक खेत में 11 सितंबर को 20 वर्षीय एक युवक का शव बरामद किया गया। शव पर कई घाव पाए गए थे। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वेंकट अंदले ने कहा कि एक पुख्ता सूचना पर पुलिस ने उसके पड़ोसी से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि पीड़ित युवक को गांव में एक सुनसान जगह पर बुला बल्ले से हमला कर उसकी सोने की चेन छीन ली। उन्होंने कहा कि पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी ने शव को एक खेत में फेंक दिया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। उसे अदालत में पेश किया गया जिसने 20 सितंबर तक के लिए उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया।
15 Sep, 20 : 01:43 PM
राज्यसभा में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य ने कोविड—19 महामारी के सिलसिले में उपयोग किए जा रहे शब्द ‘‘सामाजिक दूरी’’ को संदर्भ से पूरी तरह प्रतिकूल बताते हुए कहा कि इसकी जगह ‘‘शारीरिक दूरी’’ शब्द का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उच्च सदन के सभापति एम वेंकैया नायडू ने इसे एक महत्वपूर्ण सुझाव बताते हए कहा कि ‘‘सुरक्षित दूरी’’ कहना भी बेहतर होगा। तृणमूल कांग्रेस के डा शांतनु सेन ने विशेष उल्लेख के जरिये यह मुद्दा उठाते हुए कहा ''सामाजिक दूरी कहने पर एक तरह से सामाजिक कलंक का अहसास होता है। इसके और भी प्रतिकूल मायने हैं जैसे सामाजिक बहिष्कार या अलग—थलग कर दिया जाना आदि। '' सेन ने कहा ''कोविड—19 महामारी कब तक रहेगी , कहा नहीं जा सकता। इसलिए कोविड—19 को लेकर सामाजिक दूरी शब्द का इस्तेमाल कतई नहीं किया जाना चाहिए।'' सभापति नायडू ने उनके इस सुझाव को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी कहा ''सामाजिक दूरी की जगह सुरक्षित दूरी भी कहा जा सकता है। ''
15 Sep, 20 : 01:37 PM
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हैंडपंप से पानी लेने गई सात वर्षीय बच्ची का एक व्यक्ति ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को पुरकाजी क्षेत्र के एक गांव में हुई। आरोपी व्यक्ति बच्ची को अपने घर ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया। बच्ची के शोर मचाने पर वह भाग गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी राजकुमार सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
15 Sep, 20 : 01:23 PM
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कोरोना माहमारी के बीच अस्पतालों में आक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र से तुरंत प्रभावी कदम उठाने की मांग की। बसपा नेता ने एक ट्वीट में कहा कि "देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच इस महामारी के विरूद्ध जारी संघर्ष में पीपीई किट के बाद अब खासकर यूपी, बिहार व महाराष्ट्र आदि के अस्पतालों में आक्सीजन के कमी अति-चिन्ता की बात है। ऐसे में केंद्र तुरंत प्रभावी कदम उठाये ताकि कोरोना से होने वाली बढ़ती मौतों को रोका जा सके।"
15 Sep, 20 : 01:21 PM
संसद ने मंगलवार को उस विधेयक को मंजूरी प्रदान कर दी जो भारत की विमानन सुरक्षा रेटिंग में सुधार लाने और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) सहित विभिन्न नियामक संस्थानों को वैधानिक दर्जा प्रदान करने से संबंधित है। राज्यसभा ने वायुयान (संशोधन) विधेयक 2020 को चर्चा के बाद ध्वनि मत से पारित कर दिया। इस विधेयक में देश के सशस्त्र बलों से संबंधित विमानों को वायुयान कानून, 1934 के दायरे से बाहर रखने का भी प्रावधान है। विधेयक में नए नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने का भी प्रस्ताव है। यह विधेयक बजट सत्र के दौरान लोकसभा में पारित हुआ था।
15 Sep, 20 : 01:06 PM
मायावती ने अस्पतालों में आक्सीजन की कमी पर चिंता जतायी
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कोरोना माहमारी के बीच अस्पतालों में आक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र से तुरंत प्रभावी कदम उठाने की मांग की। बसपा नेता ने एक ट्वीट में कहा कि "देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच इस महामारी के विरूद्ध जारी संघर्ष में पीपीई किट के बाद अब खासकर यूपी, बिहार व महाराष्ट्र आदि के अस्पतालों में आक्सीजन के कमी अति-चिन्ता की बात है। ऐसे में केंद्र तुरंत प्रभावी कदम उठाये ताकि कोरोना से होने वाली बढ़ती मौतों को रोका जा सके।"
15 Sep, 20 : 01:05 PM
राज्य सभा बुधवार सुबह 9 बजे तक के लिए स्थगित हुई।
Rajya Sabha adjourned till 9 am tomorrow. pic.twitter.com/lNhP3ycHR7
— ANI (@ANI) September 15, 2020
15 Sep, 20 : 12:51 PM
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 799 नये मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 799 नये मामले सामने आने से राज्य में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,04,937 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह साढे दस बजे तक बीते 12 घंटों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से सात और मौत हुईं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 1257 हो गयी है। अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस के 799 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,04,937 हो गयी है। नये मरीजों में जयपुर में 141, जोधपुर में 93, कोटा में 69, अलवर में 53, अजमेर में 49 संक्रमित शामिल हैं। राज्य में फिलहाल 17,468 रोगी उपचाराधीन हैं।
15 Sep, 20 : 10:31 AM
महाराष्ट्र: राज्यपाल से मिलेंगे हमले का शिकार नेवी के पूर्व अफसर
महाराष्ट्रः कार्टून शेयर करने पर कथित तौर पर शिवसैनिकों के हमले का शिकार हुए नेवी के पूर्व ऑफिसर मदन शर्मा आज राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलेंगे।
Maharashtra: Madan Sharma, retired Navy officer who alleged he was beaten up by Shiv Sena workers in Mumbai, to meet Governor Bhagat Singh Koshyari today.
— ANI (@ANI) September 15, 2020
15 Sep, 20 : 09:58 AM
भारत में कोरोना से 80 हजार से ज्यादा की मौत
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 83,809 नए मामले सामने आए हैं। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई है। इसी के साथ देश में कोरोना संक्रमण के अब कुल मामले 49 लाख के पार हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1054 लोगों की मौत भी हुई है। पूरी खबर पढ़ें
15 Sep, 20 : 09:55 AM
राज्यसभा में सांसद जया बच्चन ने कहा, 'इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों को सोशल मीडिया के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। जिन लोगों को इंडस्ट्री ने नाम दिया वही इसे गटर कह रहे हैं। मैं इससे असहमत हूं। सरकार को इन लोगों से कहना चाहिए कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करें।'
Just because there are some people, you can't tarnish the image of the entire industry. I am ashamed that yesterday one of our members in Lok Sabha, who is from the film industry, spoke against it. It is a shame: Samajwadi Party MP Jaya Bachchan in Rajya Sabha https://t.co/cSvxi5dioc
— ANI (@ANI) September 15, 2020
15 Sep, 20 : 09:23 AM
लेफ्ट पार्टियों का प्रदर्शन
लेफ्ट पार्टियों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में आज प्रदर्शन किया। 'किसान विरोधी नीतियों' की वापसी की मांग रखी है।
Members of Parliament (MPs) of the Left parties protest in front of Gandhi statue at the Parliament, over their demand for withdrawal of 'anti-farmers policies.' pic.twitter.com/jqrnABkUtI
— ANI (@ANI) September 15, 2020
15 Sep, 20 : 09:07 AM
जम्मू-कश्मीर: पुलवामा मुठभेड़ अपडेट
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलवामा के मारवाल इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ अभी चल रही है, विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। (पीटीआई के हवाले से खबर)
15 Sep, 20 : 09:06 AM
राज्य सभा की कार्यवाही
टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों पर राज्य सभा में शून्य काल का नोटिस दिया है। वहीं, समाजवादी पार्टी की जया बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम करने को लेकर सदन में जीरो आवर नोटिस दिया है।
15 Sep, 20 : 08:24 AM
भारत में कोरोना टेस्ट
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अब तक कोरोना के 5,83,12,273 सैंपल टेस्ट हुए हैं। ये आंकड़े 14 सितंबर तक के हैं। इसमें कल यानी 14 तारीख को ही 10,72,845 सैंपल की जांच हुई।
5,83,12,273 samples tested up to 14th September for #COVID19, of these 10,72,845 were tested yesterday: Indian Council of Medical Research (ICMR) pic.twitter.com/ukp7LCK7tf
— ANI (@ANI) September 15, 2020
15 Sep, 20 : 07:47 AM
पुलवामा में मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में मरवाल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। फिलहाल इस बारे में और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Jammu and Kashmir: Encounter underway at Marwal area of Pulwama. Police and security forces are carrying out the operation. More details awaited. (Visuals deferred by unspecified time) pic.twitter.com/hcFOIXtAk9
— ANI (@ANI) September 15, 2020