दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का उल्लंघन करने पर 903 की गिरफ्तारी, जानें दिल्ली में कितने हुए अरेस्ट

By भाषा | Published: November 8, 2018 07:53 PM2018-11-08T19:53:42+5:302018-11-08T19:53:42+5:30

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि दिवाली के दिन रात आठ से दस बजे तक ही पटाखें जलाएं। वहीं, दिल्ली एनसीआर में ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने को कहा गया था।

903 people arrested including delhi kolkata chandigarh for violating supreme court order crackers | दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का उल्लंघन करने पर 903 की गिरफ्तारी, जानें दिल्ली में कितने हुए अरेस्ट

दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का उल्लंघन करने पर 903 की गिरफ्तारी, जानें दिल्ली में कितने हुए अरेस्ट

नई दिल्ली के अधिकारियों ने गुरूवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दीपावली की रात पटाखे जलाने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने के 550 से अधिक मामले दर्ज किये गये और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दीपावली की रात पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों से 2776 किलो पटाखे भी जब्त किये। अवैध रूप से पटाखों की बिक्री के संबंध में 72 मामले दर्ज किये गए और इसमें कुल 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (आज्ञा का उल्लंघन) के तहत करीब 562 मामले दर्ज किये गए हैं और शीर्ष अदालत के आदेशों का उल्लंघन करने के मामले में 310 लोगों को गिरफ्तार किया गया है ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उन्हें बाद में जमानत दे दी गयी । उन्होंने बताया कि शीर्ष अदालत के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में 24 किशोरों के खिलाफ भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गयी है । उच्चतम न्यायालय ने दीपावली की रात पटाखे जलाने की समय सीमा रात दस बजे तक निर्धारित की थी।

कोलकाता में 1300 किलोग्राम पटाखे की जब्ती, 566 लोग गिरफ्तार


काली पूजा और दिवाली के दो दिनों के उत्सव के दौरान कोलकाता महानगर में 1300 किलोग्राम से ज्यादा प्रतिबंधित पटाखों की जब्ती हुई और कम से कम 566 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ई एम बायपास, बेलियाघाट, भवानीपुर, बेहाला, दमदम, कस्बा, पटूली सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर छापे मारे गए और इस अभियान के दौरान 1,348.80 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखों की जब्ती हुई।

उन्होंने बताया कि दो दिनों में प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने के आरोप में 306 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कुछ लोगों को हंगामा करने के कारण पकड़ा गया। दो दिनों के पर्व के दौरान कोलकाता पुलिस को कुल 176 शिकायतें मिली।

चंडीगढ़ में भी 37 गिरफ्तार


चंडीगढ़ पुलिस ने गुरूवार को बताया कि चंडीगढ़ में पटाखों के संबंध में उच्चतम न्यायालय के निर्देश का उल्लंघन करने पर 37 लोग गिरफ्तार किये गये। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न शहरों में लोगों ने रात आठ से दस बजे तक ही पटाखे जलाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का खूब उल्लंघन किया।

पुलिस के अनुसार देश के सबसे प्रदूषित शहरों में एक लुधियाना में शीर्ष अदालत के समय संबंधी आदेश का उल्लंघन करने पर 14 मामले दर्ज किये गये।

चंडीगढ़ में शीर्ष अदालत के आदेश का उल्लंघन करने के संबंध में कुल 38 मामले दर्ज किये गये। ये मामले सार्वजनिक प्राधिकारों द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दर्ज किये गये।

हरियाणा के फरीदाबाद में नियम के खिलाफ पटाखे बेचने पर एक दर्जन और जींद में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पटाखे बरामद किये गए हैं ।

पंजाब और हरियाणा प्रदेशों में कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक दिवाली की अगली सुबह बृहस्पतिवार को सुबह ‘‘खराब’’ से ‘‘बेहद गंभीर’’ रहा । 

वैसे प्रदूषण का विनियमन करने वाले प्राधिकारों का कहना था कि इस बार दिवाली के बाद वायु की गुणवत्ता पिछले साल की तुलना में बेहतर रही।

लुधियाना के पुलिस उपायुक्त अश्विनी कपूर ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘हमने (उच्चतम न्यायालय के आदेश के) उल्लंघन को लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अब तक 14 मामले दर्ज किये हैं। ’’ 

Web Title: 903 people arrested including delhi kolkata chandigarh for violating supreme court order crackers

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे