Top Morning News: भारत-चीन ‘मतभेदों’ को दूर करने पर सहमत, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

By गुणातीत ओझा | Published: June 6, 2020 06:58 AM2020-06-06T06:58:14+5:302020-06-06T06:58:14+5:30

6 june big news till 6 am | Top Morning News: भारत-चीन ‘मतभेदों’ को दूर करने पर सहमत, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

पढ़ें सुबह 6 बजे तक की बड़ी खबरें।

 भारत-चीन ‘मतभेदों’ को दूर करने पर सहमत

पूर्वी लद्दाख में जारी सैन्य गतिरोध के बीच भारत और चीन ने शुक्रवार को अपने ‘‘मतभेदों’’ को विवाद में नहीं बदलने देने की प्रतिबद्धता जताई और एक- दूसरे की संवेदनशीलता, चिंता एवं आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए उन्हें वार्ता के माध्यम से दूर करने पर सहमत हुए। वीडियो कांफ्रेंस के जरिये विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया), नवीन श्रीवास्तव और चीनी विदेश मंत्रालय में महानिदेशक वु जिआनघाओ के बीच हुई वार्ता में दोनों देशों ने तनाव को दूर करने में सकारात्मक रूख अपनाने के संकेत दिए। 

महाराष्ट्र: किशोरी से बलात्कार के मामले में छात्रावास अधीक्षक, नर्स और मां गिरफ्तार

नागपुर जिले के कटोल में एक छात्रावास के अधीक्षक को 14 वर्षीय दिव्यांग लड़की के साथ बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कटोल थाना निरीक्षक महादेव आचरेकर ने कहा कि पीड़िता का घर पर ही जबरन गर्भपात कराने के आरोप में पीड़िता की मां और एक नर्स को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘कक्षा छह में पढ़ने वाली पीड़िता पिछले पांच वर्षों से छात्रावास में रह रही थी। इस साल मार्च से ही छात्रावास के अधीक्षक राजेंद्र कालबंदे (44) ने कई बार उसके साथ बलात्कार किया। जब वह गर्भवती हो गई तो पीड़िता की मां ने सिंधु देहानकर नाम की एक नर्स से अपने घर पर गर्भपात कराया।” गर्भपात के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ भादंसं, पॉक्सो अधिनियम और अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए अगले सप्ताह से खुलेंगे सबरीमला और तिरुमला मंदिर के द्वार

भारत के सबसे बड़े मंदिरों में शामिल केरल के भगवान अयप्पा मंदिर और आंध्र प्रदेश के भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के द्वार केंद्र के दिशा-निर्देशानुसार अगले सप्ताह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। हालांकि, इस दौरान कुछ प्रतिबंध लागू रहेंगे। बुजुर्गों और बच्चों को इनमें प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सीमा तय की जाएगी। तिरुपति में भगवान बालाजी मंदिर की प्रशासनिक इकाई टीटीडी ने बताया कि मंदिर 80 दिन के अंतराल के बाद 11 जून को श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोलेगा। टीटीडी ने बताया कि रोजाना केवल 6,000 श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति होगी। इस दौरान छह फुट की दूरी का पालन किया जाएगा और मास्क पहनना अनिवार्य होगा। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि सबरीमला मंदिर नौ जून से खोला जाएगा। कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के लिए दोनों मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया था।

कोविड-19 महामारी के कारण पाकिस्तान में जा सकती हैं 30 लाख नौकरियां

आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान में कोविड-19 महामारी की वजह से 30 लाख नौकरियां जाने की आशंका है। देश के वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। महामारी के कारण अर्थव्यवस्था को हुए अनुमानित नुकसान के बारे में सीनेटर मुश्ताक अहमद के सवाल के जवाब में वित्त मंत्रालय ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में 10 लाख नौकरियां और सेवा क्षेत्र में 20 लाख नौकरियां जाने की संभावना है। मंत्रालय ने पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट इकोनॉमिक्स के अध्ययन का हवाला दिया और कहा कि कृषि, सेवा और औद्योगिक क्षेत्रों की अनुमानित एक करोड़ 80 लाख नौकरियों में कई नौकरियां इस महामारी के कारण चली जाएंगी। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के कुल 89,249 मामले सामने आए हैं और अब तक कुल 1838 लोगों की मौत हो चुकी है।

एअर इंडिया ने वंदे भारत मिशन के तहत तीसरे चरण की बुकिंग शुरू की

वंदे भारत मिशन के तीसरे चरण के तहत एअर इंडिया ने शुक्रवार को अमेरिका और ब्रिटेन सहित विभिन्न देशों के लिए करीब 300 विमानों के लिए बुकिंग शुरू की। बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों की तरफ से ‘‘अत्यधिक’’ मांग बढ़ गई और पहले दो घंटे के अंदर ही इसकी वेबसाइट को छह करोड़ लोगों ने देखा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा कि खुलने के कुछ घंटे के दौरान एअर इंडिया की वेबसाइट ने ठीक तरीके से काम नहीं किया और अधिकतर उड़ानों की टिकटें बिक गईं। एअर इंडिया ने शुक्रवार की शाम पांच बजे बुकिंग शुरू की और छह बजकर आठ मिनट पर इसने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मिशन वंदे भारत-3 के तहत सीटों की मांग अत्यधिक है। वेबसाइट पर उड़ानों के लिए बुकिंग को चरणबद्ध तरीके से खोला जा रहा है।’’

Web Title: 6 june big news till 6 am

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे