किसानों के समर्थन में अवार्ड लौटाने पर राष्ट्रपति भवन पहुंचे ये 30 खिलाड़ी, पुलिस ने रोका
By स्वाति सिंह | Updated: December 7, 2020 16:30 IST2020-12-07T16:25:07+5:302020-12-07T16:30:22+5:30
एशियाई खेलों के दो बार के स्वर्ण पदक विजेता पूर्व पहलवान करतार सिंह की अगुआई में पंजाब के कुछ खिलाड़ियों ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए ‘35 राष्ट्रीय खेल पुरस्कार’ लौटाने के लिए राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

किसानों के समर्थन में अवार्ड लौटाने पर राष्ट्रपति भवन पहुंचे ये 30 खिलाड़ी, पुलिस ने रोका
नए कृषि कानूनों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए कई तबकों का समर्थन मिल रहा है। इसी बीच सोमवार को कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ी कृषि कानूनों के विरोध में अपना अवॉर्ड वापस करने राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने निकले। हालांकि, यहां पुलिस ने रस्ते में ही इन सभी को रोक लिया।
ये खिलाड़ी राष्ट्रपति से मिलकर नए कृषि कानूनों के विरोध में अपने अवार्ड वापस करना चाहते थे। वर्ष 1982 में अर्जुन पुरस्कार और 1987 में पद्म श्री से नवाजे गए करतार के साथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य पूर्व हॉकी खिलाड़ी गुरमेल सिंह और महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान राजबीर कौर आदि शामिल थे।
गुरमेल को 2014 में ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया जबकि राजबीर को 1984 में अर्जुन पुरस्कार मिला। एशियाई खेल 1978 और 1986 में स्वर्ण पदक जीतने वाले करतार ने कहा, ‘‘किसानों ने हमेशा हमारा साथ दिया है। हमें उस समय बुरा लगता है जब हमारे किसान भाईयों पर लाठीचार्ज किया जाता है, सड़कें बंद कर दी जाती हैं। किसान अपने अधिकारों के लिए कड़कड़ाती सर्दी में सड़कों पर बैठे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसान का बेटा हूं और पुलिस महानिरीक्षक होने के बावजूद अब भी खेती करता हूं।’’Delhi Police stop sportspersons who were marching towards Rashtrapati Bhavan to return their awards to the President in protest against the new farm laws. Wrestler Kartar Singh says, "30 sportspersons from Punjab and some others want to return their award". pic.twitter.com/tnzMLKs35J
— ANI (@ANI) December 7, 2020
मार्च करने वाले खिलाड़ियों ने दावा किया कि उन्हें कई अर्जुन पुरस्कार और अन्य राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं का समर्थन हासिल है। इससे पहले खेल रत्न पुरस्कार विजेता और मुक्केबाजी में भारत के पहले ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह ने भी किसानों के समर्थन में अपना पुरस्कार लौटाने की धमकी दी थी। नए कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब और हरियाणा के हजारों किसान दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर एक हफ्ते से अधिक समय से डटे हुए हैं।