भारतीय महिला हॉकी टीम का कमाल, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जापान को 4-1 से रौंदा
By अभिषेक पाण्डेय | Published: May 14, 2018 11:27 AM2018-05-14T11:27:26+5:302018-05-14T11:27:26+5:30
Women's Asian Champions Trophy: भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले मैच में जापान को 4-1 से दी मात
नई दिल्ली, 14 मई: गत चैंपियन भारत ने पांचवें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारत ने रविवार को खेले गए अपने पहले मैच में जापान को 4-1 से रौंद दिया। दक्षिण कोरिया के डोंगाई सिटी में खेले गए इस मैच में भारत के लिए नवनीत कौर ने गोलों की हैट-ट्रिक बनाई जबकि एक गोल अनूपा बारला ने दागा।
भारतीय टीम ने इस मैच में शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और बेहतरीन रणनीति के साथ जापान की रक्षा पंक्ति में सेंध लगाई। भारत के लिए पहला गोल 7वें मिनट में वंदना के पास पर नवनीत कौर ने दागा। नवनीत कौर ने 25वें मिनट में एक और शानदार गोल से भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
वर्षा प्रभावित तीसरे क्वॉर्टर में भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गुरजीत कौर और दीप ग्रेस एक्का गोल दाग पाने में नाकाम रहीं। जापान को भी इस क्वॉर्टर में लगातार तीन पेनल्टी मिले लेकिन वह भारतीय गोलकीपर सवित का छका पाने में नाकाम रहा।
FT| The Indian Women's Hockey Team showcase a dominant performance with Navneet Kaur scoring a hat-trick to defeat Japan 4-1 in their opening game of the Women's Asian Champions Trophy 2018, in Donghae City, South Korea on 13th May 2018. #INDvJPN#IndiaKaGamepic.twitter.com/9wrIJkaMDv
— Hockey India (@TheHockeyIndia) May 13, 2018
भारत का तीसरा गोल 53वें मिनट में उदिता के पास पर अनूपा बारला ने दागा। इसके दो ही मिनट बाद नवनीत कौर ने जापानी गोलकीपर को छकाते हुए भारत का चौथा गोल दागा। जापान के लिए मैच का एकमात्र गोल ने अकी यमादा ने दागा। मैच में तीन गोल दागने वालीं नवनीत कौर को उनके बेहतरीन खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जापान ने भारत को 2013 की वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हराया था। भारत ने 2016 में पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। उस टूर्नामेंट के पूल चरण में जापान ने भारत को 2-2 से ड्रॉ पर रोक दिया था।