भारतीय पुरुष हॉकी टीम का दमदार प्रदर्शन, आस्ट्रेलिया ए को 3-0 से दी मात

By भाषा | Published: May 10, 2019 02:34 PM2019-05-10T14:34:10+5:302019-05-10T14:34:10+5:30

Indian men's hockey team: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हरा दिया, भारत के लिए सुमित कुमार ने दो जबकि रुपिंदर पाल ने एक गोल दागा

Indian men's hockey team registers 3-0 win against Australia A | भारतीय पुरुष हॉकी टीम का दमदार प्रदर्शन, आस्ट्रेलिया ए को 3-0 से दी मात

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया-ए को 3-0 से हराया

पर्थ, 10 मई: वापसी करने वाले रुपिंदर पाल सिंह के खाता खोलने के बाद युवा स्ट्राइकर सुमित कुमार जूनियर के दो गोल से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ पर 3-0 से जीत हासिल की। चोट के कारण आठ महीने बाद प्रतिस्पर्धा में खेल रहे ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर ने छठे मिनट में गोल कर मेहमानों को बढ़त दिला दी।

इसके बाद सुमित ने 12वें और 13वें मिनट में गोल करके भारत को लगातार दूसरे मैच में जीत दिलायी। भारतीयों ने आक्रामकता से पहले क्वॉर्टर में दबदबा बनाये रखा और लगातार विपक्षी टीम के खेमे में सेंध लगायी। यह रणनीति कारगर रही जिससे सभी तीनों गोल पहले क्वॉर्टर में ही हुए और घरेलू टीम बैकफुट पर आ गयी। भारत का पहला गोल तब हुआ जब टीम ने मैच का पहला शॉर्ट कार्नर हासिल किया। रुपिंदर ने अच्छी फॉर्म दिखाते हुए फ्लिक को बेहतरीन तरीके से टाइम किया और प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को छकाते हुए गोल कर दिया।

डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह की बेहतरीन टैकलिंग से ऑस्ट्रेलिया ए के हाथ से बॉल पर पहुंच ढीली होती गयी जिससे भारत ने दूसरा गोल दागा। मनप्रीत सिंह की मदद से युवा खिलाड़ी ने 12वें मिनट में शानदार मैदानी गोल किया। अगले ही मिनट में भारत ने तीसरा गोल कर दिया जब स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह ने गोल का अच्छा मौका बनाया और 21 वर्षीय सुमित ने इसे गोल में तब्दील किया। इस तरह पहले ही क्वॉर्टर में 3-0 की बढ़त से भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ गया।

हरमनप्रीत भारतीय डिफेंस में अहम रहे, 'जिन्होंने कई बार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से बॉल लेकर घरेलू टीम की लय तोड़ दी। भारतीय टीम अब अगला मैच सोमवार को खेलेगी जहां टीम दौरे पर अपनी शानदार लय जारी रखना चाहेगी। भारतीय टीम के मुख्य कोच ग्राहम रेड ने कहा, 'अगला मैच मुश्किल होगा और हम इसके लिये तैयार हैं। आज की जीत के बाद टीम मजबूत होगी क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई सीनियर टीम के सात राष्ट्रीय खिलाड़ी उनकी टीम में थे। लेकिन यह अच्छी प्रगति है।'

Web Title: Indian men's hockey team registers 3-0 win against Australia A

हॉकी से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे