एशियन गेम्स: पुरुष हॉकी में भारत ने आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंका को रौंदा, सेमीफाइनल में मलेशिया से सामना

By विनीत कुमार | Published: August 28, 2018 04:31 PM2018-08-28T16:31:41+5:302018-08-28T16:33:54+5:30

इस पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत अब तक 76 गोल कर चुका है और उसके खिलाफ केवल तीन गोल हुए हैं।

asian games india beat sri lanka by 20 0 will play semi final against malaysia | एशियन गेम्स: पुरुष हॉकी में भारत ने आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंका को रौंदा, सेमीफाइनल में मलेशिया से सामना

भारत ने श्रीलंका को 20-0 से हराया (फोटो- एएफपी)

जकार्ता/पालेमबांग, 28 अगस्त: मौजूदा चैम्पियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम का इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियन गेम्स में दमदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने ग्रुप-ए के अपने आखिरी मैच में मंगलवार को बेहद कमजोर श्रीलंका को 20-0 से हराया। भारत की ओर से आकाशदीप ने सबसे अधिक 6 गोल दागे जबकि हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह और मंदीप सिंह ने 3-3 गोल दागे। ललित उपाध्याय ने दो वहीं विवेक सागर प्रसाद और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल दागा। एक गोल दिलप्रीत सिंह ने किया।

इस मैच में भारत को 16 पेनल्टी कॉर्नर मिले जिसमें 7 मौकों को टीम गोल में बदलने में कामयाब रही। वहीं, 12 शानदार फील्ड गोल भारत ने दागे। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अब तक 76 गोल कर चुकी है और केवल तीन गोल उसके खिलाफ हुए हैं। ये गोल पिछले मैच में दक्षिण कोरिया ने दागे थे। भारत ने उस मैच को 5-3 से जीता था।

भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। सेमीफाइनल में भारत के सामने अब मलेशिया के रूप में बड़ी चुनौती है। यह मुकाबला गुरुवार को होना है। इंचियोन में हुए एशियन गेम्स में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। इस लिहाज से इस बार भी टीम से गोल्ड मेडल की उम्मीद है।

बहरहाल, श्रीलंका के खिलाफ पूरे मैच में भारत का दबदबा रहा। रुपिंदर पाल सिंह ने दूसरे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद छठे मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद तो भारतीय खिलाड़ियों ने गोलों की झड़ी लगा दी। हाफ टाइम तक भारत 7-0 से आगे थे। इसके बाद तीसरे क्वॉर्टर में भारत ने 7 गोल कर 14-0 की बढ़त बनाते हुए बड़ी जीत की ओर कदम बढ़ाए। 

इस पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 17-0 और फिर दूसरे मुकाबले में हांगकांग को 26-0 के बड़े अंतर से हराया था। इसके बाद तीसरे मुकाबले में भारत ने जापान को 8-0 से मात दी थी।

Web Title: asian games india beat sri lanka by 20 0 will play semi final against malaysia

हॉकी से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे