World Health Day: एनीमिया से बचने के लिए ऐसी होनी चाहिए आपकी डाइट
By उस्मान | Published: April 5, 2018 11:15 AM2018-04-05T11:15:54+5:302018-04-05T11:25:25+5:30
विटामिन बी12, फोलिक एसिड, कैल्सियम युक्त आहार ही इससे लड़ने वाले आहार हैं।
एनीमिया रक्त संबंधित बीमारी है। शरीर में आयरन की कमी के कारण हीमोग्लोबिन का बनना सामान्य से कम हो जाता है, जिससे खून में इसकी कमी हो जाती है। यह कोशिकाओं में ऑक्सीकरण का दौरा कम कर देता और शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती है। एनीमिया से पीड़ित व्यक्ति को हर समय थकान, उठने-बैठने पर चक्कर, त्वचा और आंखों में पीलापन, सांस लेने में तकलीफ, दिल की असामान्य धड़कन और हथेलियां हमेशा ठंडी रहने जैसी परेशानियां होती हैं। यह समस्या महिलाओं में अधिक पायी जाती है।
एनीमिया से बचने के लिए डाइट
विटामिन बी12, फोलिक एसिड, कैल्सियम से भरपूर चीजें इससे लड़ने में मददगार हैं।होलिस्टिक न्यूट्रिशनिश्ट प्रियांशी भटनागर आपको बता रहे हैं कि आपको एनीमिया से बचने के लिए अपनी डाइट में किन-किन चीजों को शामिल करना चाहिए।
1) चुकंदर
चुकंदर में आयरन की भरपूर मात्रा होती है, इसे खाने से शरीर में खून की कमी नहीं होती। इसको रोज अपने खाने में सलाद या सब्जी बनाकर प्रयोग करने से शरीर में खून बनता है। इसमें विटामिन ए और सी होता है।
2) टमाटर
टमाटर में विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा इसमें बीटा केरोटिन और विटामिन ई भी पाया जाता है जो आयरन की कमी दूर करता है। टमाटर को सलाद के अलावा इसका सूप भी पी सकते हैं।
यह भी पढ़ें- एक्सपर्ट से जानिए हाइपरटेंशन से बचने के लिए क्या खाएं और क्या नहीं
3) पालक
पालक में विटामिन ए, बी9, ई, और सी होता है, इसके अलावा इसमें आयरन, फाइबर और बीटा केरोटिन होता है जो खून की कमी दूर करता है। एक कप उबले हुए पालक में 3.2 मिग्रा आयरन होता है। तो एनीमिया से बचाव के लिए पालक का सेवन करें।
4) अंडा
अंडे में प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है, यह एक अच्छा एंटीऑक्सीडेंट भी है जो शरीर को बीमारियों से बचाकर आयरन की कमी दूर करने में मदद करता है। एक बड़े अंडे में 1 ग्राम आयरन होता है, जो खून की कमी दूर करता है।
5) मछली
समुद्री मछली खाने से भी खून की कमी दूर होती है। मछली में ओमेगा-3 फैटी एसिड के अलावा आयरन भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो एनीमिया से लड़ने में मदद करता है। आपको टूना और सालमन मछली खानी चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
-आपको अपनी डाइट में मांस, हरे पत्तेदार सब्जियां, किशमिश, चना, सोयाबीन, खजूर, बादाम आदि आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करना चाहिए।
-विटामिन सी से युक्त पदार्थ हीमोग्लोबिन के उत्पादन में सहायक है। इसीलिए विटामिन सी से युक्त खाद्य पदार्थ जैसे संतरा, अमरूद, आंवला, नींबू आदि का सेवन खूब करें।
-फोलिक एसिड से युक्त खाद्य पदार्थ जैसे दाल, हरे पत्तेदार सब्जियां, भिंडी और अंडे आदि का सेवन करें। क्योंकि यह एक बी कॉम्प्लेक्स विटामिन है, जो हीमोग्लोबिन के उत्पादन के लिए आवश्यक घटक है।
(फोटो- पिक्साबे)