वजन बढ़ाने के तरीके : अब कोई नहीं कहेगा 'सूखा पापड़', मोटा होने के लिए 8 घरेलू उपाय अपनाएं
By उस्मान | Updated: January 4, 2021 11:29 IST2021-01-04T11:18:22+5:302021-01-04T11:29:27+5:30
मोटा होने के लिए क्या खाना चाहिए : एक्सपर्ट्स मानते हैं कि वजन बढ़ाने के लिए जंक फूड़ जैसे अन्हेल्दी फूड का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए

वजन बढ़ाने के उपाय
बेशक मोटापा आज की सबसे बड़ी समस्या है लेकिन कुछ लोग अपने पतलेपन से भी परेशान हैं। यह वो लोग हैं जिन्हें लोग सूखा पापड़, हड्डियों का ढांचा और ना जाने किस-किस नाम से चिढ़ाते हैं। ऐसे लोगों के शरीर में कुछ भी खाया-पिया नहीं लगता है।
अपने दुबले-पतले शरीर को हेल्दी बनाने के लिए ना जाने क्या-क्या नहीं करते हैं। अगर आप भी पतलेपन से छुटकारा पाकर मोटा होना चाहते हैं, तो आपको अपने खान-पान में बदलाव करना चाहिए।
ध्यान रहे कि खाने-पीने का मतलब यह नहीं है कि आप जंक फूड या अन्य अन्हेल्दी चीजें खाने लग जाएं। इस तरह की चीजें मोटापा तो बढ़ाती हैं लेकिन वो अन्हेल्दी फैट होता है जो आपको कई बीमारियों का मरीज बना सकता है।
आपको हेल्दी तरीके से वजन बढ़ाने पर जोर देना चाहिए। हम आपको कुछ ऐसे हेल्दी फूड्स बता रहे हैं जिनके सेवन से आप एक संतुलित वजन पा सकते हैं और वो भी किसी नुकसान के।
साबुत अनाज
वजन बढ़ाने के लिए साबुत अनाज खाना चाहिए। साबुत अनाज में कार्बोहाइड्रेट प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। साबुत अनाज में गेहूं, ज्वार बाजरा, मकई, जौ, ओट, कट्टू और पास्ता आदि हैं। साबुत अनाज में पिसे हुए अनाज की तुलना में ज्यादा कैलोरी और विटामिन होता है। साबुत अनाज को दूध के साथ भी लिया जा सकता है।
बादाम
बादाम खाने से तंत्रिकाओं का विकास होता है। साथ ही यह वजन बढ़ाने के लिए एक अच्छे विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। आप हर रोज बादाम खाएं तो शारीरिक कार्यों और तंत्रिकाओं में स्थिरता आयेगी और वजन बढ़ेगा।
गुड़-चना
ऐसा कहा जाता है कि गुड़ में भरपूर मात्रा में कैल्शियम और फास्फोरस पाया जाता है। यह दोनों तत्व हड्डियों को मजबूती देने में बेहद मददगार हैं। अगर आप बहुत अधिक थकान या कमजोरी महसूस करते रहे हैं, तब भी गुड़ आपकी मदद कर सकता है। क्योंकि यह आपके शरीर में उर्जा के स्तर को बढ़ा देता है, और आपको थकान महसूस नहीं होती।
मूंगफली
मूंगफली स्वस्थ आहार का बेहतर विकल्प है। इसमें ज्यादा मात्रा में कैलोरी और वसा पाया जाता है। लडके मूंगफली को हर प्रकार से प्रयोग कर सकते हैं। लंच और डिनर के बाद भी मूंगफली खाया जा सकता है। इसके प्रयोग से पेट तो नही भरता लेकिन शरीर को ज्यादा मात्रा में कैलोरी और वसा मिलती है।
खजूर और केला
खजूर बहुत मीठा फल होता है। बहुत से लोग खजूर के गुणों को नहीं जानते हैं। आपको बता दें कि खजूर में विटामिन और कार्बोहाइड्रेट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। सुबह कुछ खजूर और केले का शेक पीने से शरीर को ताकत मिलती है और चेहरे की सुंदरता भी बढ़ने लगती है।
अखरोट
वजन बढ़ाने के लिए अखरोट अच्छा प्राकृतिक सप्लीमेंट है। अखरोट में आवश्यक मोनोअनसेचुरेटेड फैट होता है जो स्वस्थ कैलोरी को उच्च मात्रा में प्रदान करता है। नियमित रूप से यदि 20 ग्राम अखरोट खाया जाये तो वजन तेजी से बढ़ता है।
नारियल का दूध
यह आहार तेलों का भरपूर स्रोत होता है। नारियल का दूध भोजन के लिए अच्छा तथा स्वादिष्ट जायके के लिए जाना जाता है। नारियल के दूध में भोजन पकाकर खाने से शरीर में कैलोरी की मात्रा बढ़ेगी।
अंडा
अंडे में भरपूर मात्रा में विटामिन और प्रोटीन होता है। इसे खाने से मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं। अंडे का प्रयोग ब्रेकफास्ट में दूध और जूस के साथ किया जा सकता है। इसके अलाव अंडे को काटकर सैंडविच और बर्गर में डालकर खाएं, इससे वजन आसानी से बढ़ेगा।


