कैंसर से बचने के उपाय : खाने-पीने की ये 12 चीजें बढ़ा सकती हैं कैंसर का जोखिम, सीमित कर दें इनका सेवन
By उस्मान | Published: August 6, 2021 12:01 PM2021-08-06T12:01:40+5:302021-08-06T12:01:40+5:30
अगर आप भी इन चीजों का अधिक सेवन करते हैं तो आपको कैंसर का जोखिम हो सकता है
कैंसर एक खतरनाक और जानलेवा बीमारी है और इसके कई प्रकार होते हैं। आमतौर पर कैंसर की बीमारी खराब जीवनशैली और खाने-पीने से जुड़ी गलत आदतों की वजह से होती है।
कैंसर को लेकर दुर्भाग्य यह है कि इसके लक्षण बहुत देरी से सामने आते हैं। हालांकि हर प्रकार के अलग-अलग लक्षण हो सकते हैं।
एक्सपर्ट कैंसर से बचाव के लिए बेहतर जीवनशैली और खानपान की सलाह देते हैं। कुछ चीजों के अधिक मात्रा में सेवन से शरीर में धीरे-धीरे कैंसर बनने लगता है। हम आपको उन चीजों के बारे में बता रहे हैं।
कुछ खाद्य पदार्थों के बहुत अधिक सेवन से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है लेकिन यह जरूरी नहीं है कि इन्हें खाने से कैंसर हो ही जाएगा। कई अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि खाने-पीने की कुछ चीजें कैंसर होने की संभावना बढ़ सकती है।
शुगर और रिफाइंड कार्ब्स
प्रोसेस्ड फूड्स में शुगर की मात्रा अधिक होती है और इनमें फाइबर और पोषक तत्व कम होते हैं। इनके अधिक सेवन से कैंसर का अधिक जोखिम होता है। इस तरह की चीजें ब्लड शुगर बढ़ाती हैं जिससे कई तरह के कैंसर का खतरा होता है जिसमें मुख्यतः पेट, ब्रेस्ट और कोलोरेक्टल कैंसर आदि शामिल हैं।
प्रोसेस्ड मीट
इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर के अनुसार, मीट के अधिक सेवन से कैंसर होने का जोखिम होता है। इस तरह के मांस में स्वाद बनाने के लिए नमक और स्मोक कस इस्तेमाल किया जाता है, जिनसे कैंसर का जोखिम है। रिसर्च के अनुसार इससे पेट के कैंसर का खतरा होता है।
ज्यादा पकी चीजें
अधिक तापमान पर बनी चीजें जैसे ग्रिलिंग, फ्राई, सकी गई चीजों के अधिक सेवन से भी कैंसर का खतरा होता है। इनमें हेट्रोसाइक्लिक एमाइंस (एचए) और एडवांस ग्लाइकेशन एंड-प्रोडक्ट्स (एजी) जैसे हानिकारक यौगिकों का उत्पादन बढ़ जाता है।
फुल क्रीम दूध
फुल क्रीम दूध के अधिक सेवन से आपको कैंसर का जोखिम हो सकता है। एक रिसर्च के अनुसार इससे प्रोस्टेट कैंसर का खतरा होता है। इतना ही नहीं इससे पेट की अन्य समस्याओं का भी जोखिम होता है। इसका कारण यह है कि इसमें ज्यादा कैल्शियम, आईजीएफ-1 पाए जाते हैं, जो प्रोस्टेट कैंसर से जुड़े हैं।
अचार और नमकीन चीजें
अधिक नमकीन चीजें जैसे नमकीन मछली, मसालेदार सब्जियाँ, अचार और नमकीन स्नैक्स का अधिक सेवन पेट के कैंसर से जुड़ा हुआ है। बेहतर यह है कि आप इन चीजों का कम सेवन करें या छोड़ दें।
इन चीजों को अधिक खाने से भी होता है कैंसर का जोखिम
इनके अलावा अधिक मात्रा में शराब का सेवन, अधिक गर्म कॉफ़ी, चाय, सूप, पैकेज फूड्स, ट्रांस फैट वाली चीजें, डिब्बाबंद खाने की चीजें, आर्टिफीसियल फ्लेवर वाली आदि चीजों के सेवन से भी कैंसर का जोखिम बढ़ता है।