FIFA World Cup: इस खिलाड़ी ने किए हैं सबसे ज्यादा गोल, यहां देखें गोल्डन बूट रेस की पूरी लिस्ट
By सुमित राय | Published: June 30, 2018 06:41 AM2018-06-30T06:41:10+5:302018-06-30T06:41:10+5:30
FIFA World Cup 2018: इस साल सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों के बीच गोल्डन बूट को लेकर कड़ी टक्कर होगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2018 के लीग मैच खत्म हो गए हैं और प्री-क्वार्टर फाइनल यानि राउंड ऑफ 16 में पहुंचने वाली टीमों के नाम फाइनल हो गए हैं। 14 जून को शुरू हुए फुटबॉल के इस महाकुंभ के नॉकआउट मुकाबले शनिवार (30 जून) से शुरू होंगे और 3 जुलाई तक चलेंगे। इस दौरान इनमें से आठ टीमें बाहर हो जाएंगी और बाकी बची 8 टीमें क्वॉर्टर फाइनल में पहुंच जाएंगी, वहीं टूर्नामेंट का फाइनल 15 जुलाई को खेला जाना है। लीग मैचों के खत्म होने के साथ ही इस साल वर्ल्ड कप के गोल्डन बूट के दावेदारों के नाम भी साफ होते जा रहे हैं।
गोल्डन बूट की रेस में इंग्लैंड के हैरी केन सबसे आगे
पनामा के खिलाफ हैट्रिक गोल करने वाले इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन इस साल फीफा विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में नंबर एक पर चल रहे हैं और गोल्डन बूट की रेस में नंबर एक पर हैं। केन के नाम इस साल विश्व कप में पांच गोल हैं। हैरी इस साल वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद दूसरे खिलाड़ी हैं। प्री-क्वॉर्टर फाइनल में इंग्लैंड की टीम का मुकाबला 3 जुलाई को कोलंबिया से होगा।
दूसरे नंबर पर बेल्जियम के रोमेलू लुकाकू
गोल्डन बूट की रेस में हैरी केन के बाद बेल्जियम के रोमेलू लुकाकू है, जिन्होंने इस साल वर्ल्ड कप में कुल 4 गोल किए हैं। लुकाकू ने ट्यूनीशिया के खिलाफ दो गोल किए थे, जबकि इससे पहले उन्होंने अपने पहले मैच में पनामा के खिलाफ भी दो गोल किए थे। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह फुटबॉलर गोल्डन बूट अवॉर्ड के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहा है। प्री-क्वॉर्टर फाइनल में बेल्जियम की टीम का मुकाबला 2 जुलाई को जापान से होगा। (फीफा वर्ल्ड कप की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें)
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम चार गोल
फीफा विश्व कप के शुरू होने के साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो काफी लय में नजर आ रहे हैं और सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। रोनाल्डो के नाम इस साल अब तक चार गोल हैं। रोनाल्डो ने इस साल वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ पहले मैच में हैट्रिक लगाया था, जबकि दूसरे मैच में मोरक्को के खिलाफ उन्होंने एक गोल किया था। प्री-क्वॉर्टर फाइनल में रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल की टीम का मुकाबला 30 जून को उरुग्वे से होगा।
गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं ये खिलाड़ी
खिलाड़ी | देश | गोल |
हैरी केन | इंग्लैंड | 5 गोल |
रोमेलू लुकाकू | बेल्जियम | 4 गोल |
क्रिस्टियानो रोनाल्ड | पुर्तगाल | 4 गोल |
डेनिस चेरीशेव | रूस | 3 गोल |
डिएगो कोस्टा | स्पेन | 3 गोल |
विश्व कप में गोल्डन बूट के पिछले पांच विजेता
खिलाड़ी | देश | साल | गोल |
जेम्स रोड्रिगेज | कोलंबिया | 2014 | 6 गोल |
थोमस म्युलर | जर्मनी | 2010 | 5 गोल |
मिरोस्लाव क्लोसे | जर्मनी | 2006 | 5 गोल |
रोनाल्डो | ब्राजील | 2002 | 8 गोल |
दावोर सुकर | क्रोएशिया | 1998 | 6 गोल |
किसे दिया जाता है गोल्डन बूट
गोल्डन बूट देने की शुरुआत साल 1930 में फीफा वर्ल्ड कप के शुरुआत के साथ ही हुई थी। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद गोल्डन बूट का खिताब उस खिलाड़ी को दिया जाता है, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल दागता है। फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सिर्फ तीन बार ऐसा हुआ है कि सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की संख्या एक से ज्यादा रहने पर संयुक्त रूप से यह पुरस्कार दिया गया था।