कोरोना वायरस का खतरा, IIT दिल्ली में एग्जाम कैंसिल, IIM अहमदाबाद में दीक्षांत समारोह रद्द, आईआईटी कानपुर में नहीं होगा टेक फेस्टिवल

By निखिल वर्मा | Published: March 13, 2020 03:30 PM2020-03-13T15:30:04+5:302020-03-13T15:30:04+5:30

Coronavirus outbreak Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक 6 मामलों की पुष्टि हुई है. कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए विभिन्न राज्यों में स्कूल बंद किए जा रहे हैं.

Coronavirus outbreak IIT Delhi cancels classes IIM Ahmedabad convocation deferred : IIT Kanpur festival postponed | कोरोना वायरस का खतरा, IIT दिल्ली में एग्जाम कैंसिल, IIM अहमदाबाद में दीक्षांत समारोह रद्द, आईआईटी कानपुर में नहीं होगा टेक फेस्टिवल

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली (फाइल फोटो)

Highlightsकोरोना वायरस के प्रकोप में दुनिया भर के 60 फीसदी से ज्यादा देश आ चुके हैं. कोरोना वायरस के चलते 40 देशों में 4900 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, भारत में एक व्यक्ति की मौत कर्नाटक में हुई है.

भारत में कोरोना वायरस (Covid-19) के संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों ने भी अपने यहां परीक्षाएं रद्द कर दी है। आईआईटी दिल्ली ने परीक्षाओं को 31 मार्च तक टाल दिया गया है। इसके अलावा आईआईएम अहमदाबाद में दीक्षांत समारोह और आईआईटी कानपुर में एक समारोह को रद्द कर दिया है। आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर वी रामगोपाल राव ने ईमेल के जरिए छात्रों और फैकल्टी को सूचित किया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच परीक्षाएं, समारोह और कक्षाएं 31 मार्च तक रद्द की जाती है।

IIM अहमदाबाद का दीक्षांत समारोह रद्द

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अहमदाबाद (आईआईएमए) ने कोरोना वायरस के कारण 21 मार्च को होने वाले अपने वार्षिक दीक्षांत समारोह को रद्द कर दिया है। दुनिया के टॉप बिजनेस स्कूलों में से एक आईआईएम अहमदाबाद ने एक बयान में कहा कि दीक्षांत समारोह को रद्द करने का निर्णय केंद्र सरकार की ओर से जारी एक परामर्श के मद्देनजर लिया गया है, जिसमें लोगों को बड़ी सभाओं व भीड़ से बचने के लिए कहा गया है। गुजरात में कहीं से भी अब तक कोरोना वायरस (कोविड-19) का कोई मामला सामने नहीं आया है।

IIT कानपुर का फेस्टिवल रद्द

कोरोना वायरस के खतरे के बीच इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कानपुर (IIT-कानपुर) में आयोजित होने वाले सबसे बड़े तकनीकी समारोहों में से एक टेककृति को रद्द कर दिया गया है। इसका आयोजन 19 मार्च को किया जाना था। इस आयोजन में सिर्फ देश से ही नहीं बल्कि विदेश से भी कई छात्र आते हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस से 11 मामलों की पुष्टि हुई है, हालांकि कानपुर में एक भी मरीज नहीं पाया है।

उत्तर प्रदेश-हरियाणा में स्कूल बंद

हरियाणा के बाद उत्तर प्रदेश ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि बेसिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के सभी स्कूल-कॉलेज 22 मार्च तक बंद रहेंगे। सिर्फ वहीं स्कूल खुलेंगे जहां परीक्षाएं चल रही हैं और रेगुलर क्लासेज बंद कर रहेंगे। इसके अलावा हरियाणा में फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत 5 जिलों में स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे जबकि राज्य के सभी कॉलेज-यूनिवर्सिटीज भी 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। हरियाणा में अब तक कोरोना वायरस के 14 केस सामने आए हैं।

 

Chief Minister Yogi Adityanath: All schools, colleges, technical and vocational education institutes will remain closed till March 22. We will review the situation on March 22 and will take a decision whether to extend it or not. pic.twitter.com/QjokinNb4m

— ANI UP (@ANINewsUP) March 13, 2020

 

जेएनयू और DU यूनिवर्सिटी 31 मार्च तक बंद

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी को 31 मार्च तक बंद कर दिया है। इस दौरान जेएनयू में सभी व्याख्यान, कक्षाएं और परीक्षाएं स्थगित रहेंगी। इस अवधि के दौरान परिसर में किसी भी कार्यक्रम, जैसे सेमिनार, सम्मेलन और कार्यशालाओं का आयोजन भी नहीं होगा। जेएनयू से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) पहले ही 31 मार्च तक सभी परीक्षाएं का आयोजन रद्द कर चुका है।

 

Registrar, Jawaharlal Nehru University: All lectures, class presentations and examinations at JNU are suspended till 31st March. Conducting any event, such as seminars, conferences&workshops, in the campus during this period should be postponed. #CoronaViruspic.twitter.com/2eCRZ2MLAr

— ANI (@ANI) March 13, 2020

 

दिल्ली में भी स्कूल-कॉलेज बंद

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 12 मार्च को घोषणा की है कि दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के 6 मामले सामने आ चुके हैं। दिल्ली के प्राइमरी स्कूलों को कुछ दिनों पहले ही पूरे मार्च महीने के लिए बंद किया जा चुका है।

छत्तीसगढ़ में हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी 6 दिनों के लिए हुआ बंद 

हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ने कुछ छात्रों में सदी, खांसी, बुखार के लक्षण को देखते हुए 18 मार्च तक यूनिवर्सिटी कैंपस बंद करने का निर्णय लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को 13 मार्च शाम तक कैंपस खाली करने के लिए कहा है।  हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अयान हाजरा ने कहा है कि विश्वविद्यालय खोलने का निर्णय 16 मार्च को लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि होली के दौरान 600-700 छात्र अपने घर केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में चले गए थे। वे होली का त्योहार मनाकर वापस लौटे थे लेकिन इनमें से कुछ छात्रों को खांसी, सर्दी और बुखार के लक्षण पाए गए। संक्रमण के खतरे से निपटने के लिए एहतियाती तौर पर छह दिनों के लिए कक्षाओं को बंद कर दिया गया है। 

कश्मीर विश्वविद्यालय में परीक्षाएं स्थगित

कश्मीर विश्वविद्यालय ने कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए 31 मार्च तक सभी कक्षाएं निलंबित करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सभी को यह सूचित किया जाता है कि कोविड- 19 (कोरोना वायरस) महामारी के मद्देनजर कश्मीर विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर और अन्य परिसरों समेत इसकी सभी कक्षाएं 31 मार्च 2020 तक एहतियातन निलंबित रहेंगी।’’ जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सभी स्कूल, कॉलेज और निजी ट्यूशन केंद्र पहले ही बंद कर दिए हैं।

राज्य/केंद्रशासित प्रदेश  भारतीय नागरिक       विदेशी नागरिक

दिल्ली                                          6                            0
हरियाणा                                      0                           14
केरल                                          17                           0
राजस्थान                                      01                         02
तेलंगाना                                       01                          0
उत्तर प्रदेश                                    10                         1
लद्दाख                                          3                           0
तमिलनाडु                                     1                            0
जम्मू-कश्मीर                                 2                            0
पंजाब                                           1                            0
कर्नाटक                                       5                            0
महाराष्ट्र                                        11                          0
आंध्र प्रदेश                                   1                             0
कुल                                           58                           17

Web Title: Coronavirus outbreak IIT Delhi cancels classes IIM Ahmedabad convocation deferred : IIT Kanpur festival postponed

पाठशाला से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे