UP: विधवा महिला और दिव्यांग शख्स का सिर मूंडकर, जूतों की माला पहना घुमाया गया गांव, 2 रिश्तेदार गिरफ्तार
By पल्लवी कुमारी | Published: August 27, 2020 02:27 PM2020-08-27T14:27:46+5:302020-08-27T14:27:46+5:30
पुलिस के मुताबिक विधवा महिला और उसके 40 वर्षीय दिव्यांग मित्र की दोस्ती उनके रिश्तेदारों को पसंद नहीं थी इसलिए उन्होंने दोनों को अपमानित करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है।
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक गांव में एक 37 वर्षीय महिला के साथ शर्मनाक घटना हुई है। 37 वर्षीय महिला और उसके साथ एक 40 वर्षीय दिव्यांग शख्स को पहले प्रताड़ित किया गया और फिर उनका सिर मुंडवाकर, उनका मुंह काला किया गया। इतना ही इन्हें इसके बाद उन्हें जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में परेड कराई गई। घटना बुधवार (26 अगस्त) की है।
पुलिस ने बताया रिश्तेदारों ने क्यों दिया घटना को अंजाम
आरोप है कि महिला के साथ ये सबकुछ उसके रिश्तेदारों ने ही किया है। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा है कि महिला के पति ने दो महीने पहले आत्महत्या कर ली थी। पति के निधन के बाद 40 वर्षीय दिव्यांग शख्स के साथ महिला की दोस्ती हुई थी। महिला का वह शख्स अक्सर मदद करता किया करता था। पुलिस के मुताबिक महिला के रिश्तेदारों को शख्स की दोस्ती पसंद नहीं थी। जिसके बाद दोनों को अपमानित करने के लिहाज से उसके साथ ऐसा बर्ताव किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला और दिव्यांग शख्स के सिर का मुंडन किया गया है। जूतों की माला और मुंह काला कर के उनकी परैड कराई गई है। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है इसको देखने के लिए गांव के लोगों ने भीड़ लगाई हुई है। वीडियो में ज्यादातर पुरुष और बच्चे हैं जो हंसते हुए भी दिख रहे हैं।
दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि महिला के दो रिश्तेदारों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों रिश्तेदारों सहित कुछ अन्य लोगों पर आरोप है कि दोनों का सिर मूंडा गया था, चेहरे पर कालिक पोती गई थी और जूतों की माला पहनाकर परेड कराई गई थी। गांव में महिला और दिव्यांग शख्स को एक साथ देखा गया था जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर 8 लोगों को आरोपी बनाया है। जिनपर प्रताड़ित करने का आरोप है।