पश्चिम बंगाल: टीएमसी नेता के बेटे पर 14 साल की नाबालिग के साथ रेप का आरोप, लड़की की हुई मौत; आरोपी गिरफ्तार
By विनीत कुमार | Published: April 11, 2022 08:38 AM2022-04-11T08:38:24+5:302022-04-11T08:52:42+5:30
पश्चिम बंगाल में एक टीएमसी नेता के बेटो को नाबालिग लड़की से रेप के मामले में गिरफ्तार किया गया है। लड़की की मौत घटना के बाद हुई। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में एक तृणमूल कांग्रेस के ग्राम पंचायत के सदस्य के बेटे पर 14 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। कथित घटना के बाद नाबालिग लड़की की मौत हो गई। मामला नादिया जिले का है। घटना के बाद शनिवार को पीड़िता के पिता ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई।
प्राथमिकी के अनुसार नाबालिग लड़की सोमवार (4 अप्रैल) को टीएमसी पंचायत सदस्य समर गोअली के बेटे सोहेल द्वारा आयोजित जन्मदिन की पार्टी में गई थी। रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता नौवीं कक्षा की छात्रा थी।
जन्मदिन की पार्टी से घर लौटने पर पीड़िता गंभीर रूप से बीमार हो गई थी। इसके बाद लड़की को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज हुआ, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पीड़ित की दोपहर में मौत हुई और फिर आननफानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिवार के अनुसार लड़की की मौत अत्यधिक खून बहने से हुई। परिवार ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
बहरहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लड़की अकेले पार्टी में गई थी या किसी महिला के साथ थी। नाबालिग के पिता ने कहा कि पीड़िता को कथित तौर पर पार्टी में शराब पीने के लिए मजबूर किया गया था और उसे एक महिला और कुछ अज्ञात पुरुषों ने घर छोड़ा था।
पीड़िता के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें धमकाया है, जो एक स्थानीय तौर पर दबंग है। आरोपी ने पीड़िता के पिता को कथित तौर पर धमकाया था और पीड़िता को अस्पताल ले जाने या शिकायत दर्ज कराने के खिलाफ भी चेतावनी दी थी।
इस बीच नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म के आरोप में रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान सोहेल के रूप में की है।
इस बीच टीएमसी पंचायत सदस्य समर अपने परिवार के साथ फरार है। पीड़िता के पिता ने नदिया जिला चाइल्डलाइन पुलिस के माध्यम से आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने कहा कि वे घटना की गहनता से जांच कर रहे हैं और सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं।