शादी में महिला के पैरों ने थिरकना बंद किया तो बोला- गोली चल जाएगी.. और कर दिया फायर, हालत नाजुक
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: December 6, 2019 01:34 PM2019-12-06T13:34:09+5:302019-12-06T13:34:09+5:30
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में एक शादी समारोह में एक डांस समूह की महिला जानलेवा हमला किया गया। महिला की चेहरे पर गोली मारी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वारदात को पिछले हफ्ते अंजाम दिया गया। वारदात के बाद तुरंत महिला को अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी हालत एकदम नाजुक बताई जा रही है।
वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया था। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, महिला के चेहरे पर गोली मारी गई। वीडियो में वारदात रिकॉर्ड हो गई थी। वीडियो में देखा जा रहा है कि महिला अपने साथी डांसर के साथ नाच रही थी लेकिन जैसे ही उसके पैर थिरकना बंद करते है तो शराब के नशे में धुत एक शख्स मौके पर पहुंचता है और कहता है, ''गोली चल जाएगी।''
एक और शख्स कहता है, "सुधीर भैया, आप गोली चला ही दो।'' शख्स के इतना कहते ही महिला को पीछे से गोली मार दी जाती है, जिसे देख लोगों के होश फाख्ता हो जाते हैं। गोली महिला के चेहरे पर लगती है।
वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि उसे 1 दिसंबर को शूट किया गया था, इसका मतलब है कि वारदात को उसी तारीख में अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम प्रधान की बेटी के बेटी शादी के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के वक्त दूल्हे के दो रिश्तेदार मिथलेश और अखिलेश भी स्टेज पर थे, गोली लगने से वे भी घायल हो गए।
ग्राम प्रधान के परिवार के ही एक सदस्य ने कथित तौर पर महिला पर गोली चलाई। रविवार को दूल्हे के एक चाचा राम प्रताप ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''हम आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं। हम अपराधियों को सजा दिलाने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।'' महिला कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती है।