बिहारः नाबालिग बहनों के पेड़ पर लटकते मिले शव, इलाके में फैली सनसनी
By एस पी सिन्हा | Published: June 28, 2018 08:37 PM2018-06-28T20:37:27+5:302018-06-28T20:37:27+5:30
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत छात्राओं की पहचान गांव के ही विनो सहनी की पुत्री एवं भगिनी रूप में की गई है। परिजन कुछ भी बोलने से फिलहाल परहेज कर रहे हैं।
पटना, 28 जूनः बिहार के बेगूसराय जिले में दो नाबालिग बहनों के शव आम के बगीचे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायण पीपर सोनापुर गांव की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात नारायण पीपर की रहने वाली वाली छात्रा वंदना और चंदा एकाएक घर से गायब हो गईं। दोनों के गायब होने के थोड़ी देर बाद ही उनका शव एक ही दुपट्टे से आम के पेड पर लटकता मिला।
दोनों का शव मिलने के बाद इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक इस मामले के कारणों का पता नहीं लग सका है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
आशंका जताई जा रही है कि छात्राओं का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या की गई है और दोनों के शवों को आम के पेड़ से लटका दिया गया। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग छात्राओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत छात्राओं की पहचान गांव के ही विनो सहनी की पुत्री एवं भगिनी रूप में की गई है। परिजन कुछ भी बोलने से फिलहाल परहेज कर रहे हैं।
वहीं, गांव में दबी जुबान से दोनों नाबालिग बहनों की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की चर्चा हो रही है। मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस के बीच अनसुलझे घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
लोकमत न्यूज के लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो और स्पेशल पैकेज के लिए यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें!