वरिष्ठ टीवी पत्रकार रजत शर्मा को फोन पर दी गई धमकी, दिल्ली पुलिस से मांगी सुरक्षा

By शिवेंद्र राय | Published: July 20, 2022 01:05 PM2022-07-20T13:05:20+5:302022-07-20T13:07:47+5:30

इंडिया टीवी के प्रधान संपादक रजत शर्मा को जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में इंडिया टीवी के मानव संसाधन विभाग द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

TV journalist Rajat Sharma alleges threat calls requested Delhi Police to provide security | वरिष्ठ टीवी पत्रकार रजत शर्मा को फोन पर दी गई धमकी, दिल्ली पुलिस से मांगी सुरक्षा

इंडिया टीवी के प्रधान संपादक रजत शर्मा (फाइल फोटो)

Highlightsटीवी पत्रकार रजत शर्मा को जान से मारने की धमकी मिलीअज्ञात लोगों ने फोन पर दी धमकीरजत शर्मा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है

नईदिल्ली: वरिष्ठ टीवी पत्रकार रजत शर्मा ने दिल्ली पुलिस को बताया है कि उन्हें अज्ञात लोगों ने फोन कर के धमकी दी है। रजत शर्मा ने दिल्ली पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध भी किया है। रजत शर्मा द्वारा सुरक्षा प्रदान करने के अनुरोध के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खतरे का आकलन किया और अपनी रिपोर्ट सुरक्षा शाखा को भेज दी है।

अग्रेजी अखबार 'द इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के मुताबिक शिकायत कुछ दिनों पहले इंडिया टीवी के मानव संसाधन विभाग द्वारा रजत शर्मा के आधिकारिक नंबर पर एक कॉल आने के बाद दर्ज की गई थी। कॉल करने वाले ने इंडिया टीवी के प्रधान संपादक रजत शर्मा को जान से मारने की धमकी दी थी। इंडियन एक्सप्रेस को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अपनी शिकायत में रजत शर्मा ने उन्हें मिली धमकी भरे कॉल्स का उल्लेख किया और यह भी बताया कि धमकी देने के कुछ दिनों बाद चार लोग एक कार में दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित उनके आवास के बाहर आए और उनके सुरक्षा गार्ड से उनकी दिनचर्या के बारे में पूछा।

इस मामले में इंडिया टीवी की लीगल हेड रितिका तलवार ने कहा है कि रजत शर्मा को कई वर्षों से निजी सुरक्षा मिली हुई है। हाल के कुछ घटनाक्रमों के कारण सुरक्षा विशेषज्ञों ने हमें पुलिस की मदद लेने की सलाह दी है। उनकी सुरक्षा हमारे लिए गंभीर चिंता का विषय है और हम सार्वजनिक रूप से खतरों या सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करना नहीं चाहेंगे।

रजत शर्मा की शिकायत मिलने के बाद स्पेशल सेल की दक्षिणी रेंज ने डीसीपी जसमीत सिंह की देखरेख में खतरे का आकलन करना शुरू किया। जसमीत सिंह ने धमकी के आकलन की रिपोर्ट दिल्ली पुलिस की सुरक्षा शाखा को भेज दी है। बता दें कि सुरक्षा शाखा व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी प्रदान करने के लिए नोडल इकाई है।

यह पहली बार नहीं है जब रजत शर्मा को धमकी भरे फोन आए हैं। साल 2012 में भी रजत शर्मा ने दिल्ली पुलिस में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि उनके चैनल द्वारा एक कार्यक्रम प्रसारित करने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों से धमकी भरे कॉल और टेक्स्ट संदेश मिल रहे थे। रजत शर्मा की शिकायत पर तब ग्रेटर कैलाश पुलिस स्टेशन में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Web Title: TV journalist Rajat Sharma alleges threat calls requested Delhi Police to provide security

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे