भाजपा सांसद महेश शर्मा बोले, महिला से बदसलूकी करने वाला श्रीकांत त्यागी 48 घंटे में पकड़ा जाएगा
By शिवेंद्र राय | Published: August 6, 2022 05:47 PM2022-08-06T17:47:26+5:302022-08-06T17:50:38+5:30
नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में कथित भाजपा नेता द्वारा एक महिला से गाली गलौज और बदसलूकी का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर के दोषी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा है कि 48 घंटे के अंदर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
नोएडा: नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में महिला से बदसलूकी करने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। फेज दो थाना क्षेत्र के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह एक महिला से बदसलूकी करते दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष भाजपा पर हमलावर हुआ तो सांसद महेश शर्मा ओमेक्स सोसाइटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री अमित शाह ने मुझे यहां भेजा है। मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि श्रीकांत त्यागी भाजपा का नेता नहीं है। महेश शर्मा ने कहा कि दोषी श्रीकांत त्यागी को 48 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार किया जाएगा। महेश शर्मा ने ओमैक्स सोसाइटी में पीड़ित महिला से भी बात की और कहा किये जांच का विषय है कि श्रीकांत त्यागी कौन है। उन्होंने कहा मैंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में उसे आजतक किसी कार्यक्रम में नहीं देखा है।
इस मामले में श्रीकांत त्यागी वीडियो वायरल होने के बाद से फरार है। त्यागी को पकड़ने के लिए पुलिस ने 4 टीमें गठित की हैं। पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की पत्नी और ड्राइवर को भी हिरासत मे लिया है। पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की कुल 4 गाड़ियों को भी जब्त किया है जिसमें से एक गाड़ी फॉर्च्यूनर है। बता दें कि घटना के वायरल वीडियो में श्रीकांत त्यागी महिला के साथ गाली गलौज करते दिखा था। श्रीकांत ने पहले महिला के पति को गाली दी। इसके बाद आसपास के लोग जब त्यागी को रोकने लगे तो उसने सबको धमकी दी।
इस मामले में नोएडा की एडिशनल डेप्युटी कमिश्नर (जोन-II) अंकिता शर्मा का बयान भी आया है। उन्होंने कहा, "दिनांक 5 अगस्त 2022 को थाना क्षेत्र फेज-दो के अंतर्गत ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक श्रीकांत त्यागी नाम का व्यक्ति एक महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर अश्लील टिप्पणियां कर रहा है, गाली-गलौज कर रहा है और हाथापाई कर रहा है। इस मामले का नोएडा पुलिस के द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया और मामला दर्ज किया गया। इस वक्त आरोपी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस मामले में नोएडा पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।" बता दें कि श्रीकांत त्यागी पर IPC की धारा 354 (किसी भी महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत FIR दर्ज की गई है।
थाना फेस-2 नोएडा क्षेत्रांतर्गत श्रीकांत त्यागी नाम के व्यक्ति द्वारा उसी सोसायटी की महिला के साथ किए गए अभद्र व्यवहार की घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए FIR पंजीकृत की गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) August 5, 2022
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा दी गई बाइट। pic.twitter.com/nzKLwMOPvI