पटनाः चलती ऑटो पर ताड़ का पेड़ गिरा, चालक सहित तीन यात्रियों की मौत, कुल 7 लोग थे सवार
By एस पी सिन्हा | Published: September 26, 2022 05:12 PM2022-09-26T17:12:54+5:302022-09-26T17:13:54+5:30
बिहारः पुलिस ने हादसे के शिकार हुए तीनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाकर यातायात को बहाल कराया।
पटनाः बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को घटी एक ह्रदयविदारक घटना में ऑटो में सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के महावीर कैंसर अस्पताल के पास हुई, जहां चलती ऑटो पर ताड़ का पेड़ गिर गया। जिसकी वजह से ऑटो चालक सहित तीन यात्रियों की मौत हो गई।
ऑटो पर कुल 7 लोग सवार थे। इनमें चार का इलाज बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी ऑटो जा रही थी, तभी ताड़ का पेड़ ऑटो पर ही गिर गया। जिसकी वजह से ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और ऑटो में सवार यात्री उसमें दब गए और तीन की मौत हो गई।
जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। बीच सड़क पर हुए इस हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने हादसे के शिकार हुए तीनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाकर यातायात को बहाल कराया। कहा जा रहा है कि ऑटो सवार लोग किसी मरीज का इलाज कराने के लिए पटना लेकर आए थे। मरीज को डॉक्टर से दिखाने के बाद सभी लोग वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान महावीर कैंसर संस्थान के पास ताड़ का पेड़ ऑटो पर गिर गया।