मुंबई: ब्रिटिश एम्बेसी में काम करने वाली ब्रिटिश महिला के साथ क्लब में हुई छेड़छाड़, एक गिरफ्तार
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: May 6, 2022 14:28 IST2022-05-06T14:17:50+5:302022-05-06T14:28:38+5:30
मुंबई में एक ब्रिटिश महिला उस वक्त छेड़छाड़ की शिकार हुई, जब वह बांद्रा स्थित एक क्लब में अपने पति और दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए गई हुई थी।

सांकेतिक तस्वीर
मुंबई: ब्रिटिश एम्बेसी में काम करने वाली एक ब्रिटिश महिला अधिकारी के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक ब्रिटिश महिला उस वक्त छेड़छाड़ की शिकार हुई, जब बांद्रा स्थित एक क्लब में अपने पति और दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए गई हुई थी।
घटना के संबंध में मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि विदेशी महिला की शिकायत पर पुलिस ने फौरन ऐक्शन लिया और घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 44 साल की ब्रिटिश महिला दफ्तर का काम खत्म करने के बाद उपनगरीय बांद्रा स्थित एक क्लब में पार्टी करने गई थी, वहीं बार में आरोपी ने ब्रिटिश महिला के साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता विदेशी महिला के साथ यह घटना बीते मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे हुई, जब वो अपने पति और दोस्तों के साथ बार में गई थी।
ब्रिटिश एम्बेसी में काम करने वाली पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा, "जब वह पार्टी के दौरान क्लब के वॉशरूम गई तो वहां पर 35 साल के आरोपी शख्स ने उसके साथ छेड़छाड़ की।"
घटना से आहत महिला फौरन क्लब में अपने पति के पास पहुंची, जो कल्ब की टेबल पर दोस्तों के साथ बातें कर रहे थे। महिला ने पति और दोस्तों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया, जिसके बाद पति और उसके दोस्तों ने भाद रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया।
इस बीच मामले की जानकारी क्लब प्रशासन को हुई तो उन्होंने मामले की जानकारी फौरन पुलिस को दी। क्लब से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की टीम फौरन घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी शख्स को मौका-ए-वारदात से हिरासत में ले लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम घनश्याम लालचंद यादव है। पुलिस ने आरोपी घनश्याम लालचंद यादव पर आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल), 354 ए (अवांछनीय शारीरिक संपर्क की प्रकृति का यौन उत्पीड़न) के तहत गिरफ्तार किया है।
इस पूरे मामले में सबसे दुखद और आश्चर्यजनक पहलू यह है कि गिरफ्तार आरोपी एमबीए ग्रेजुएट है और किसी प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी करता है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)