महाराष्ट्र: घर में प्लास्टिक बैग में क्षत-विक्षत हालत में मिला महिला का शव, मृतका की बेटी से पुलिस कर रही पूछताछ
By अंजली चौहान | Published: March 15, 2023 10:58 AM2023-03-15T10:58:33+5:302023-03-15T11:20:26+5:30
पुलिस ने महिला के शव को प्लास्टिक बैग से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में था। उसके शरीर के कुछ हिस्सें जैसे हाथ और पैर काटे गए थे।
मुंबई: महाराष्ट्र के लालबाग इलाके में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बुधवार को 53 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर में प्लास्टिक की थैली में मिला। पुलिस का कहना है कि महिला का शव कई महीनों तक एक कोठरी में रखा गया था।
दरअसल, लालबाग इलाके के रहने वाली महिला अपनी बेटी के साथ घर में रहती थी लेकिन कई महीनों से उसके बारे में कोई सूचना नहीं मिली। जिसके एक वादी ने अपनी बहन के गुमशुदा होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने महिला की तालाश शुरू की तो इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
पुलिस ने महिला के शव को प्लास्टिक बैग से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में था। उसके शरीर के कुछ हिस्सें जैसे हाथ और पैर काटे गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
मुंबई के लालबाग इलाके में एक वादी ने अपनी बहन के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ कराई थी। महिला के घर में तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बैग में विघटित अवस्था में महिला का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच जारी है: DCP प्रवीण मुंडे, मुंबई pic.twitter.com/fzdm92Vz4N
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 15, 2023
महिला की बेटी पर शक
गौरतलब है कि मृतक महिला अपनी 21 वर्षीय बेटी के साथ रहती थी। इस मामले में पुलिस ने महिला की बेटी को अपनी गिरफ्त में लिया है और पूछताछ कर रही है। डीसीपी प्रवीण मुंधे ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि मृत महिला के भाई और भतीजे ने मंगलवार को कालाचौकी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पहली मंजिल के अपार्टमेंट की तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक की थैली के अंदर महिला की सड़ी-गली लाश मिली है। पुलिस ने महिला की बेटी को हिरासत में ले लिया है और उसेस पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और शव के पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
बता दें कि ये पहली घटना नहीं है, हाल के महीनों में ऐसी कई घटनाएं देखने को मिली है, जिसमें मृतकों की लाश को घर में क्षत-विक्षत हालत में रखा गया है। हाल ही में मुंबई की रहने वाली श्रद्धा वार्कर का केस सामने आया था, जिसने सभी के दिल को दहला दिया था।
दरअसल, दिल्ली में रह रही श्रद्धा का शव उनके ही अपार्टमेंट में रखे फ्रिज से मिला था। हत्या के आरोप में उनके लिव-इन पार्टनर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने महिला की हत्या कर शव के टुकड़े कर उसे महरौली के जंगलों में फेंक दिया।