मध्य प्रदेश: शख्स ने की पत्नी और तीन बच्चियों की गला घोंट कर कर हत्या, फिर खुद भी फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या
By मुकेश मिश्रा | Published: March 12, 2023 02:09 PM2023-03-12T14:09:23+5:302023-03-12T14:23:07+5:30
मध्य प्रदेश में एक शख्स द्वारा अपनी पत्नी और बेटियों की हत्या के बाद खुद फांसी पर झूल जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह पूरा मामला बुरहानपुर जिले के नेपा नगर थाना क्षेत्र का है।
इंदौरः मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपा नगर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चियों की गलाघोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद उसने खुद फाँसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि युवक कुछ सालों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। थाना प्रभारी नेपानगर बिरजू गोयल ने बताया कि घटना डाबलीखुर्द पंचायत की है।
सामने आई जानकरी के अनुसार मनोज अपनी पत्नी साधना (32) तथा तीन बेटियों अप्सरा (10), नेहा (8) और तन्नू (3) के साथ रहता था। घर पर ही एक किराने की दुकान थी। मछली बेचने और दूध बेचने का काम भी करता था। उसके घर के सामने ही उसका छोटा भाई अपने परिवार के साथ रहता था। रविवार सुबह वह दूध लेने के लिए अपने बड़े भाई के यहाँ पहुंचा। काफी देर तक वह घर का दरवाजा बजता रहा।
दरवाजा जब नही खुला तो वह खिड़की तोड़ कर घर के अंदर घुस। अंदर भाई मनोज फाँसी के फंदे पर लटका हुआ था और बच्चे तथा भाभी मरे पड़े थे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बताया कि घर के पीछे वाले हिस्से में तीन कमरे बने हुए थे। उन कमरों में से एक मे तीनो बच्चियों की लाश पड़ी हुई थी। वही दूसरे कमरे में मनोज फांसी पर लटका हुआ था और ज़मीन पर पत्नी की लाश पड़ी हुई थी।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि मनोज ने आत्महत्या करने से पहले अपनी तीनो बच्चियों और पत्नी की दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या की।
घटना के बारे में जो प्रारंभिक जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार मनोज पिछले एक-डेढ़ साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसका इलाज चल रहा था। वह झाड़ फूंक भी करा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।