मध्य प्रदेश: शादी की रात ही ससुराल छोड़कर भाग निकली दुल्हन, कुछ देर के बाद पुलिस स्टेशन में मिली, जानिए पूरा मामला
By अभिषेक पारीक | Published: July 30, 2021 07:20 PM2021-07-30T19:20:17+5:302021-07-30T19:25:03+5:30
भिंड के गोरमी इलाके के रहने वाले दिव्यांग सोनू जैन की काफी समय से शादी नहीं हो रही थी। ऐसे में ग्वालियर में रहने वाले उदल खटीक नाम के एक परिचित ने 90 हजार रुपये में उसे शादी कराने का भरोसा दिलाया।
मध्य प्रदेश के भिंड में रहने वाले एक दिव्यांग को शादी की जितनी खुशी थी, अब उतना ही गम है। हो भी क्यों ना, जब किसी को काफी वक्त बाद कोई लड़की मिले और वो भी शादी की रात ही अपने पति को इंतजार करवाता छोड़कर हमेशा-हमेशा के लिए चली जाए।
भिंड के गोरमी इलाके के रहने वाले दिव्यांग सोनू जैन की काफी समय से शादी नहीं हो रही थी। ऐसे में ग्वालियर में रहने वाले उदल खटीक नाम के एक परिचित ने 90 हजार रुपये में उसे शादी कराने का भरोसा दिलाया। सोनू ने उदल के झांसे में आकर शादी करना स्वीकार कर लिया।
उदल खटीक दुल्हन के साथ सोनू के घर पहुंचा और दोनों पक्षों के कुछ खास लोगों की मौजूदगी में शादी कराई गई। दुल्हन का नाम अनीता रत्नाकर बताया गया। जिसके साथ एक और शख्स आया था। जिसे दुल्हन के भाई के रूप में मिलवाया गया। काफी इंतजार के बाद शादी होने से सोनू भी बेहद प्रसन्न था। हालांकि उसे जरा भी भनक नहीं थी कि उसकी खुशियां जल्द ही हवा होने वाली हैं।
शादी के बाद हर कोई अपने-अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। दुल्हन के साथ में आए दोनों लोगों ने गर्मी का बहाना बनाया और बाहर सोने की बात कहकर निकल गए। इसी दौरान दुल्हन ने भी कहा कि उसकी तबीयत खराब है। इसके बाद वह छत पर चली गई। हालांकि कुछ देर तक जब वह नीचे नहीं आई तो उसे छत पर तलाशा गया। जहां पर वह नहीं मिली।
इसके बाद पता लगा कि अनीता छत से कूदकर के भाग निकली है तो घरवालों को धोखाधड़ी का पता चला। आधी रात को घर पर सोनू के सपने बिखर गए। हालांकि दुल्हन भी ससुराल से सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। दअरसल, जब वह छत से कूदकर के भागी तो वहां पर पुलिस गश्त कर रही थी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान सोनू भी गोरमी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने के लिए पहुंचा।
पुलिस ने अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उदल खटीक, जीतेंद्र रत्नाकर, अरुण खटीक और अनीता रत्नाकर सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।