लखीसरायः जेल में बंद अविवाहित नाबालिग नक्सली है ढाई माह की गर्भवती!, नक्सली संगठन में महिला दस्ते के साथ यौन शोषण किए जाने का खुलासा
By एस पी सिन्हा | Published: February 22, 2023 07:59 PM2023-02-22T19:59:37+5:302023-02-22T20:00:48+5:30
बिहारः लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग महिला नक्सली यौन अत्याचार का शिकार हुई। अब वह जेल के अंदर गर्भवती हालत में कैद है।
पटनाः नक्सली संगठन में सक्रिए महिला नक्सलियों का यौन शोषण किये जाने का मामला सामने आया है। लखीसराय जेल में बंद महिला नक्सली के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद नक्सली संगठन में पुरूष सदस्यों का घिनौना चेहरा सामने आ गया है।
संगठन के अंदर महिलाएं मानसिक एवं शारीरिक शोषण का लगातार शिकार होती हैं। नक्सलियों के चंगुल से भाग निकली लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग महिला नक्सली यौन अत्याचार का शिकार हुई। अब वह जेल के अंदर गर्भवती हालत में कैद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला नक्सली अपने गर्भ में पल रहे पाप को हटाना चाहती है। यौन शोषण की शिकार और लखीसराय मंडल कारा में बंद अविवाहिता नक्सली महिला ने लखीसराय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष गर्भपात कराने की गुहार लगाई है। न्यायालय के आदेश पर मेडिकल टीम ने गर्भवती महिला नक्सली के गर्भ की जांच की है।
मेडिकल बोर्ड ने पाया कि महिला नक्सली करीब ढाई माह के गर्भ से है। मेडिकल बोर्ड ने कहा है कि कैदी का गर्भपात कराया जा सकता है। अब मेडिकल टीम न्यायालय के आदेश पर तारीख तय करके नक्सली कैदी का गर्भपात कराएगी। विगत 20 जनवरी को पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अविवाहिता नक्सली महिला ने बताया कि नक्सली रात में उसे जबरन घर से उठाकर ले गए।
उसे संगठन में रखकर जंगलों में इधर-उधर घुमाया जाता था। इस दौरान वह नक्सलियों के साथ करीब एक माह तक रही और इस दौरान उसके साथ लगातार यौनाचार होता रहा। फिर एक दिन मौका पाकर वह नक्सलियों के चंगुल से भाग निकली। भागकर शहर चले जाने के बाद नक्सली संगठन के लोग वापस बुलाने के लिए उसके पिता पर दबाव बनाने लगे। लेकिन, इस बीच ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।