कानपुरः गोद ली बेटी ने 62 साल के पिता और 55 साल की मां को गला काटकर हत्या की, प्रेमी ने दिया साथ, करोड़ों रुपये की संपत्ति वजह
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: July 6, 2022 10:10 PM2022-07-06T22:10:43+5:302022-07-06T22:11:36+5:30
अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग दंपति, मुन्ना लाल उत्तम (62) और उनकी पत्नी राज देवी (55) की बर्रा-2 में उनके घर पर उनकी ही बेटी और उसके प्रेमी ने गला काटकर हत्या कर दी थी।
कानपुरःकानपुर जिले के बर्रा क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बुधवार को कहा कि उनकी गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी की मदद से हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग दंपति, मुन्ना लाल उत्तम (62) और उनकी पत्नी राज देवी (55) की बर्रा-2 में उनके घर पर उनकी ही बेटी और उसके प्रेमी ने गला काटकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि दंपति ने दो दशक पहले उस लड़की को गोद लिया था।
अधिकारी ने कहा कि हत्या सरसौल में कई करोड़ रुपये की संपत्ति के पीछे की गई है, बुजुर्ग दंपति अपनी बहू को जमीन का हिस्सा देना चाहते थे। पुलिस ने कहा कि लड़की आकांशा उर्फ कोमल पर उन्हें संदेह तब हुआ जब पुलिसकर्मियों ने देखा कि उसकी छोटी उंगली में चोट लगी है।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस तुरंत उसे चिकित्सा सहायता के लिए ले गई और फिर उसे पुलिस थाने लाया गया जहां उससे पूछताछ की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरू में उसने जांच को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में गहन पूछताछ के दौरान वह टूट गई और कबूल किया कि उसके प्रेमी रोहित उत्तम ने उसके सौतेले माता-पिता की हत्या की थी।
रोहित उत्तम को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। गौरतलब है कि मंगलवार को दंपत्ति के शव उनके घर में पाए गए थे। दोनों का गला धारदार हथियार से काटा गया था। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक व्यक्ति को देखा गया था।