लड़की को घर में अकेला देख पहले किया रेप, फिर आग के हवाले कर भागा
By भाषा | Published: May 7, 2018 03:41 AM2018-05-07T03:41:27+5:302018-05-07T03:41:27+5:30
पाकुड़ शहर थाना के प्रभारी अधिकारी इंद्रशेखर झा ने बताया कि आरोपी लड़की के घर तब घुसा जब वह घर में अकेली थी। इसके बाद उसने बलात्कार किया।
पाकुड़ (झारखंड), 7 मईः झारखंड के पाकुड़ जिले में एक नाबालिग लड़की से उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसे आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य के चतरा जिले में भी इसी तरह की घटना हुई है। वहां पर भी नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद आग लगाकर उसकी हत्या कर दी गयी।
मामले में जांच के लिए विशेष जांच टीम बनायी गयी और शनिवार तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पाकुड़ जिले में यह घटना शुक्रवार को हुई और मामला शनिवार को सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
लड़की को पड़ोस के पश्चिम बंगाल में जंगीपुर में एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। लड़की 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही है ।
पाकुड़ शहर थाना के प्रभारी अधिकारी इंद्रशेखर झा ने बताया कि आरोपी लड़की के घर तब घुसा जब वह घर में अकेली थी। इसके बाद उसने बलात्कार किया। पीड़िता ने जब कहा कि वह घटना के बारे में अपने परिजनों को बताएगी तो उसने आग लगा दी ।