इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लड़की को कर रहा था न्यूड वीडियो कॉल के लिए ब्लैकमेल, डेढ़ साल बाद पुलिस ने पकड़ा
By विनीत कुमार | Published: February 7, 2023 03:24 PM2023-02-07T15:24:06+5:302023-02-07T15:27:22+5:30
आंध्र प्रदेश में पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ा है जो इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर एक नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल कर रहा था। लड़की ने करीब डेढ़ साल पहले इस बारे में शिकायत दर्ज कराई थी।
हैदराबाद: आंध्र प्रदेश में एक ईंट भट्ठे में सुपरवाइजर के रूप में काम करने वाले एक 27 वर्षीय इंजीनियरिंग स्नातक को एक नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। शख्स ने लड़की के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर लिया था और इसके बाद उसपर लगातार न्यूड वीडियो कॉल करने का दबाव बना रहा था।
डेढ़ साल बाद पकड़ा गया आरोपी युवक
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले के इब्राहिमपटनम के रहने वाले जी मनोज को एक विशेष टीम ने रविवार को उनके घर से गिरफ्तार किया। 17 वर्षीय लड़की ने अपनी शिकायक करीब डेढ़ साल पहले 2021 में दर्ज कराई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी युवक के पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड जब्त किया है।
राचकोंडा के साइबर अपराध एसीपी एसवी हरि कृष्ण ने बताया, 'आरोपी ने लड़की को धमकी दी कि अगर वह न्यूड वीडियो कॉल नहीं करती है तो वह उसके छेड़छाड़ की गई अश्लील तस्वीरों को उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से इंटरनेट पर डाल देगा।'
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने अपने बारे में शिकायत का पता चलने के बाद अपना फोन नष्ट कर दिया था। आखिरकार बाद में एक विशेष टीम ने तकनीकी सबूत जुटाने के बाद मनोज को गिरफ्तार किया।
मनोज ऐसे करता था प्रोफाइल हैक
मनोज के बारे में ये बात सामने आई है कि वह पोर्न देखने का आदि रहा है। वह फिशिंग लिंक भेजकर सोशल मीडिया लॉगइन क्रेडेंशियल्स कलेक्ट करता था। वह सबसे पहले लड़कियों की फोटो लगाकर फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाता और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था।
कोई यदि उसका अनुरोध स्वीकार करता, तो वह एक फिशिंग लिंक भेजता था। इसे देखने के लिए अपने लॉगइन डिटेल डालने की जरूरत पड़ती थी। ऐसे में जब भी कोई अपना लॉगइन डिटेल डालता तो इसकी जानकारी आरोपी तक पहुंच जाती थी और फिर वह उस अकाउंट को हैक कर लेता था।
एसीपी ने कहा, 'लड़की के अकाउंट तक पहुंचने के बाद, मनोज ने लड़की की तस्वीरों के साथ अश्लील टिप्पणियां पोस्ट कीं। लड़की ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो वह उसे न्यूड वीडियो कॉल करने के लिए ब्लैकमेल करने लगा।' आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।