गुजरात: क्रिकेट मैदान में दलित भतीजे के गेंद उठाने से भड़के दबंग, काटा चाचा का अंगूठा
By अंजली चौहान | Published: June 6, 2023 10:11 AM2023-06-06T10:11:29+5:302023-06-06T10:28:35+5:30
गुजरात के पाटन जिले में ग्रामीणों ने एक दलित व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसका अंगूठा काट दिया क्योंकि उसके भतीजे ने रविवार को एक स्कूल के खेल के मैदान में मैच के दौरान क्रिकेट की गेंद उठा ली थी।

फाइल फोटो
पाटन: गुजरात के पाटन में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जिले में कुछ ग्रामीणों ने एक दलित व्यक्ति के साथ मानवता की सारी हदें पार कर दी और उसका अंगूठा काट लिया।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार की है जब एक दलित बच्चे ने स्कूल के खेल के मैदान में मैच के दौरान क्रिकेट की गेंद उठा ली। इसके बाद आरोपी भड़क गए और उन्होंने बच्चे के चाचा के साथ मारपीट की और उनका अंगूठा काट दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार, घटना पाटन जिले के काकोशी गांव की है। जहां कुछ लोगों ने एक दलित शख्स का अंगूठा काट दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि कथित तौर पर दलित समुदाय के सदस्यों का अपमान करने और डराने के इरादे से लड़के पर जातिसूचक शब्द कहे गए। अधिकारी के अनुसार, जब लड़के के चाचा धीरज परमार ने गालियों पर आपत्ति जताई, उस वक्त तक मामला शांत हो गया।
हालांकि, बाद में उसी शाम में धारदार हथियारों से लैस सात लोगों के एक समूह ने शिकायतकर्ता धीरज और उसके भाई कीर्ति पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, जानलेवा हमला करने के दौरान कीर्ति का अंगूठा काट लिया गया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326 (खतरनाक हथियारों से जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और एससी और एसटी (अत्याचार निवारण अधिनियम) के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।पुलिस केस से संबंधित और साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है।
बताते चले कि कीर्ति परमार को अहमदाबाद के वैष्णोदेवी सर्कल के पास एक अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दलित शख्स की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। वहीं, दूसरी ओर गांव में इस वारदात के बाद से तनाव का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों के पकड़ने का आश्वासन दे रही है।