बिहारः पिता ने ही किया नाबालिग बेटी से बलात्कार, पीड़िता ने की खुदकुशी
By भाषा | Published: April 21, 2018 04:27 AM2018-04-21T04:27:36+5:302018-04-21T04:27:36+5:30
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह पहले यौन उत्पीड़न को लेकर लड़की और उसकी मां के आग्रह पर पंचायत बुलायी गयी थी।
पटना, 21 अप्रैलः बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में 30 वर्षीय व्यक्ति को अपनी 13 वर्षीय बेटी से बलात्कार के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता की खुदकुशी के बाद उसके पिता के खिलाफ यह कार्रवाई की गयी। पुलिस अधीक्षक जयंत कांत ने बताया कि मझौलिया थानांतर्गत कल एक गांव से छत से लटकी लड़की का शव मिला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह पहले यौन उत्पीड़न को लेकर लड़की और उसकी मां के आग्रह पर पंचायत बुलायी गयी थी। इसमें आरोपी को फटकार लगायी गयी थी।
पंचायत के बाद लड़की मानसिक रूप से परेशान थी और वह बुधवार को गांव छोड़कर भाग गयी थी। सूत्रों के मुताबिक उसके परिवार के सदस्य उसे समझा-बुझाकर घर लेकर आए लेकिन कुछ दिन बाद ही उसने खुदकुशी का कदम उठा लिया।