गाजियाबाद के फ्लैट में मिला दंपति का शव, आत्महत्या का शक, बगल में खेलता मिला 9 महीने का मासूम

By विनीत कुमार | Published: June 27, 2020 07:53 AM2020-06-27T07:53:19+5:302020-06-27T07:53:19+5:30

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक फ्लैट में पति-पत्नी का शव पंखे से लटकता मिला जबकि उनका 9 महीने का बेटा भी उसी फ्लैट में मौजूद था।

Ghaziabad Indirapuram couple hangs themselves leaves 9 month infant behind | गाजियाबाद के फ्लैट में मिला दंपति का शव, आत्महत्या का शक, बगल में खेलता मिला 9 महीने का मासूम

गाजिबाद में फ्लैट में मिला दंपति का मिला शव (प्रतिकात्मक तस्वीर)

Highlightsगाजियाबाद के इंदिरापुरम में मिला दंपति का पंखे से लटकता हुआ शवपति का शव बेडरूम में मिला जबकि पत्नी का शव ड्राइंग रूम में झूल रहा था

गाजियाबाद के इंदिरापुरम के एक फ्लैट में शुक्रवार को मिले एक दंपति के मिले शव से सनसनी फैल गई। पति और पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में पड़े हुए थे। मामला तब सामने आया जब एक पड़ोस में रहने वाली महिला उनके फ्लैट में दाखिल हुई। सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि दंपति का एक 9 महीने का बच्चा भी था जो वहीं घर के ड्रॉइंग रूम में अपने खिलौने से खेल रहा था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार 31 साल के निखिल नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स मैनेजर के तौर पर काम करते थे। पल्लवी भूषण (28) से निखिल की शादी दो साल पहले हुई थी और ये दंपति मूल रूप से पटना का रहने वाला था। दोनों इंदिरापुरम के ज्ञान खंड-1 में पिछले कुछ महीनों से दो कमरों वाले एक फ्लैट में रह रहे थे।

पुलिस शुरुआत जांच में इसे सुसाइड का मामला लेकर चल रही है। पुलिस के अनुसार दंपति ने घर में लगे पंखों से तौलिये के जरिए खुद को बांधा था। पुलिस जब फ्लैट में दाखिल हुई तो निखिल का बेडरूम में मिला। जबकि उनकी पत्नी का शव ड्राइंग रूम में पड़ा हुआ था। पुलिस को शक है कि पल्लवी ने शुरू में अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश की होगी।

पल्लवी ने अपने फोन से आखिरी व्हाट्सएप मैसेज अपनी बहन अंजली को शुक्रवार तड़के 3.45 बजे भेजा था। अंजली ग्रेटर नोएडा में रहती है। पल्लवी ने अपने इस मैसेज में बहन को उसके फ्लैट सुबह 6 बजे आने को लिखा था और कहा था कि वह उनके बेटे को अपने साथ लेकर जाए क्योंकि वह तब अकेला होगा।

अंजली ने सुबह 6.30 बजे देखा फोन

पल्लवी की बहन ने सुबह करीब 6.30 बजे फोन देखा और उसे शक हुआ कि कुछ ठीक नहीं है। इसके बाद उन्होंने फोन करना शुरू किया लेकिन कोई जवाब नहीं आया। अंजली ने निखिल को भी फोन किया। अंजली ने इसके बाद अपनी दोस्त मेघा को फोन किया और अपनी बहन के फ्लैट पर जाकर देखने को कहा कि सबकुछ ठीक है या नहीं। दरअसल, मेघा भी ज्ञान खंड में ही रहती है।

मेघा जब फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। वह झिझकते हुए अंदर गई। मेघा ने तब पल्लवी के शरीर को पंखे से झूलते हुए पाया और उनका बच्चा वहीं ड्राइंग रूम के सोफा पर खेल रहा था। मेघा ने इसके बाद अंजली को फोन किया और पूरी बात बताई। मेघा को हालांकि तब भी अंदाजा नहीं था कि निखिल का शव भी बेडरूम में पड़ा हुआ है।

कुछ देर बाद और पड़ोसी भी जुटने लगे। पुलिस के अनुसार उन्हें इस बारे में जानकारी फोन से सुबह करीब 7.30 बजे मिली। इसके बाद पुलिस की टीम तत्काल फ्लैट पर पहुंची। इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन के एसएचओ संजीव शर्मा के अनुसार किसी ने दूसरे शव के बारे में नहीं बताया था। पुलिस के पहुंचने के बाद इस बारे में खुलासा हुआ।

पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच

पुलिस के अनुसार संभवत: पहले निखिल ने सुसाइड किया। इसके बाद उनकी पत्नी ने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या करने की कोशिश की होगी। पल्लवी जब ऐसा नहीं कर सकी तब शायद उसने अपने बेटे को उठाया होगा और ड्राइंग रूम में सोफे पर उसे सुलाकर खुद को पंखे से टांग दिया। 

पुलिस के अनुसार बच्चे के कपड़े पर भी खून के धब्बे मिले हैं। वहीं, पल्लवी के हाथों पर भी कट के निशान मिले हैं। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पुलिस दंपति के फोन को भी खंगाल रही है। इस बीच पल्लवी के 9 महीने बच्चे को उनकी बहन को सौंप दिया गया है क्योंकि पूरा परिवार अभी पटना से आना बाकी है।

Web Title: Ghaziabad Indirapuram couple hangs themselves leaves 9 month infant behind

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे