दिल्लीः तिहाड़ जेल में दो साथी कैदियों के बीच मारपीट, एक की मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 24, 2022 01:50 PM2022-08-24T13:50:21+5:302022-08-24T14:01:25+5:30
पुलिस ने कहा कि जेल प्रहरियों और वार्डन से लापरवाही के लिए पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले हस्तक्षेप करना चाहिए था।
नयी दिल्लीःतिहाड़ जेल की एक बैरक में एक कैदी के साथ हाथापाई हो जाने के बाद 20 वर्षीय एक कैदी की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भलस्वा डेयरी निवासी समीर खान को लूटपाट के एक मामले में तिहाड़ केंद्रीय कारागार संख्या पांच में रखा गया था। जेल प्राधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार को सुबह करीब नौ बजे हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, दो कैदियों के बीच हाथापाई हो गई और इसी दौरान सिर में चोट लग जाने के कारण खान बेहोश हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अन्य कैदियों ने जेल प्राधिकारियों को घटना की सूचना दी और खान को जेल के दवाखाने ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि उसे बाद में दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि खान के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। दोनों कैदियों के बीच मुठभेड़ का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि जांच की कार्यवाही एक मजिस्ट्रेट द्वारा की जा रही है। तिहाड़ के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने घटना के बाद बैरक के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने कहा कि जेल प्रहरियों और वार्डन से लापरवाही के लिए पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले हस्तक्षेप करना चाहिए था।
भाषा इनपुट के साथ