बेटी ने मां को उतारा मौत के घाट, पति के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, जानिए पूरा मामला
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: March 13, 2022 07:22 PM2022-03-13T19:22:06+5:302022-03-13T19:25:49+5:30
बिहार के बांका जिले के टाउन थाना के अलीगंज मुहल्ले में फरजाना की हत्या उशकी बेटी और दामाद ने इसलिए कर दी क्योंकि वो उसका मकान हड़पना चाहते थे। दोनों ने मिलकर पहले फरजाना की हत्या की और उसके बाद शव को फंदे से लटका कर हत्या को आत्महत्या की शक्ल देने की कोशिश की।
बांका:बिहार में एक बेटी ने संपत्ति की लालच में अपनी उस मां को मार डाला, जिसकी कोख में वह जन्म लेने से पहले 9 महीनों तक पली थी। जी हां, बांका में बेटी ने अपने पति के साथ मिलकर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया है और वो भी मकान के लालच में।
बेटी ने इस जुर्म को करने के लिए अपने पति की मदद ली और दोनों ने मिलकर पहले हत्या की और उसके बाद शव को फंदे से लटका कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक जिले के टाउन थाना के अलीगंज मुहल्ले में यह जघन्य वारदात हुई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मृत फरजाना घर में अपने पति और बेटी-दामाद और उनके बच्चों के साथ रहती थी।
बांका शहर स्थित फरजाना के मकान को बेटी बेटी निजहत और दामाद किसी भी तरह हड़पना चाहते थे। उनकी बुरी नियत पहले से मकान को हड़पने पर थी।
इसी बीच फरजाना के पति मोहम्मद फारूक जो मेकैनिक का काम करते हैं, मकान को बनवा रहे थे। इसी दौरान बेटी और दामाद दोनों को मकान से बेदखल करने की तैयारी कर रहे थे।
निजहत ने धोखे से उस जमीन को अपने नाम करवा लिया, जिस पर मकान बन रहा था। जब मकान की जमीन बेटी द्वारा अपने नाम करवाने की जानकारी पिता मोहम्मद फारूक को हुई तो उन्होंने दामाद से मकान में लगे साढ़े आठ लाख रुपये देने की मांग की।
इस मामले को लेकर बेटी-दामाद और फरजाना-फारूक के बीच भीतर ही भीतर मनमुटाव बढ़ता गया। इसी बीच फरजाना की फंदे से लटक कर कथित आत्महत्या का मामला सामने आया। इस बात की जानकारी पड़ोस के लोगों को हुई तो उन्होंने मामले की जानकारी बांका पुलिस को दी।
बाकां पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और मामले की जांच में डुट गई। इस मामले में बांका सदर एसडीपीओ डीसी श्रीवास्तव के नेतृत्व में जांच कर रही पुलिस टीम को मामला संदिग्ध लगा। जिसके बाद पुलिस ने फरजाना की बेटी निजहत को हिरासत में ले लिया। वहीं साथ में पुलिस ने फरजाना के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिये बांका सदर अस्पताल भेज दिया।
इसके बाद मृत फरजाना के पति मोहम्मद फारूक ने बेटी निजहत और दामाद इब्राहिम पर घर हड़पने की नीयत से हत्या करने का आरोप लगाते हुए बांका थाना में मामला दर्ज कराया।
मामले में बांका थानाध्यक्ष शंभु यादव ने कहा कि मामले जांच की बांका के एसडीपीओ सदर डीसी श्रीवास्तव के निगरानी में चल रही है, आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। अगर उनका दोष प्रमाणित होता है तो उन्हें कोर्ट से कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।