Bulli Bai ऐप मामले में उत्तराखंड की एक महिला है मुख्य आरोपी, बेंगलुरु से 21 साल का इंजीनियरिंग छात्र भी गिरफ्तार

By विनीत कुमार | Published: January 4, 2022 03:30 PM2022-01-04T15:30:05+5:302022-01-04T16:08:33+5:30

Bulli Bai ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से पकड़े गए 21 साल के एक इंजीनियरिंग छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उत्तराखंड की एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है। महिला को इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी बता रही है।

Bulli Bai app case Bengaluru engineering student arrested main accused women also detained | Bulli Bai ऐप मामले में उत्तराखंड की एक महिला है मुख्य आरोपी, बेंगलुरु से 21 साल का इंजीनियरिंग छात्र भी गिरफ्तार

Bulli Bai ऐप मामले में एक महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार (फाइल फोटो)

Highlights'बुल्ली बाई' ऐप मामले में दो आरोपी मुंबई पुलिस के हत्थे चढ़ें, इसमें एक महिला शामिल। पुलिस के मुताबिक 'बुल्ली बाई' केस में महिला मुख्य आरोपी है, उसने ऐप से जुड़े तीन अकाउंट खोल रखे थे।

मुंबई: विवादित 'बुल्ली बाई' ऐप पर जानी-मानी मुस्लिम महिलाओं की तस्वीर की 'नीलामी' करने के मामले में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से हिरासत में लिए गए 21 साल के इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को साथ ही बताया कि मामले की मुख्य आरपी एक महिला है जो उत्तराखंड से है। उसे भी हिरासत में लिया गया है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। मामले में गिरफ्तार 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र की पहचान विशाल कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने विशाल को सोमवार को बेंगलुरु में हिरासत में लिया था और मुंबई लेकर आई थी।

बुल्ली बाई ऐप से जुड़े तीन अकाउंट चलाती है महिला

मुंबई पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी महिला 'बुल्ली बाई' ऐप से जुड़े तीन अकाउंट चलाती है। वहीं, दूसरे आरोपी विशाल ने खालसा नाम से अकाउंट खोल रखा था। विशाल ने 31 दिसंबर को दूसरे अकाउंट के नाम भी बदले और सिख नाम के आधार पर उसे रखा। 

पुलिस ने कहा है कि ऐप का सिखों से कोई संबंध नहीं है, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर ऐसा दिखाने की कोशिश की कि जैसे यह खालिस्तानी समूहों से जुड़ा ऐप है।

क्या है 'बुल्ली बाई' ऐप विवाद का ये मामला 

'बुल्ली बाई' विवाद मामला 1 जनवरी को सामने आया जब कई मुस्लिम महिलाओं ने खुद को इस ऐप पर 'नीलाम' किए जाने के तौर पर पाया। इस ऐप को गिट हब (GitHub) प्लेटफॉर्म द्वारा होस्ट किया जा रहा था। आरोप लगे कि ऐप ने इन महिलाओं की तस्वीर बिना उनकी इजाजत के इस्तेमाल किए और तस्वीरों में भी छेड़छाड़ की गई।

इस ऐप पर खासकर उन मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाया गया जो अहम राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहती हैं। इसमें कई सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, वकील के तौर पर काम करने वाली महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था। ऐप में इन्हें नीलामी के लिए उपलब्ध बताया गया और भद्दे कमेंट इनकी तस्वीरों पर किए गए थे।

Web Title: Bulli Bai app case Bengaluru engineering student arrested main accused women also detained

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे