बिहार के पश्चिम चंपारण में नर्तकी के साथ हैवानियत, आधी रात को कई युवकों ने किया गैंगरेप, पुलिस जांच में जुटी
By एस पी सिन्हा | Published: May 10, 2023 04:34 PM2023-05-10T16:34:11+5:302023-05-10T16:35:58+5:30
बिहार के पश्चिम चंपारण में एक नर्तकी के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। घटना रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पटना: बिहार में लगातार अपराध की बढ़ती खबरों के बीच गैंगरेप का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पश्चिम चंपारण में करीब आधा दर्जन हैवानों ने साठी के धमौरा गांव में रात करीब दो बजे बारात में आर्केस्ट्रा करने आई बंगाल की नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में न्यू नेहा म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा ग्रुप की पीड़ित नर्तकी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम उस वक्त दिया गया, जब वह धमौरा गांव में बरात समाप्ति के बाद वापस मनुआपुल अपने ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के साथ जा रही थी, तभी साठी-लछनौता रोड पर गांधी चौक के पास आधा दर्जन मनचलों ने आर्केस्ट्रा की गाड़ी घेर लिया और उसमें बैठी नर्तकियों के साथ छेड़खानी करने लगे।
संचालक और नर्तकियों ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की। इसके बाद एक नर्तकी को जबर्दस्ती गाड़ी से उतार कर ले गए। नर्तकी को जबरन गाड़ी से टांग कर मनचले अपने साथ दूर सुनसान जगह पर ले गए तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। संचालक और अन्य नर्तकी थाने पर पहुंचे और शिकायत की। इधर, इस घटना की सूचना मिलने पर साठी पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू किया तब तक पीड़िता सुबह थाने पर ही पहुंच गई।
थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि पीड़ता के शिकायत के बाद एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में संलिप्त सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर कांड अंकित कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल बेतिया भेजा गया है।