बारात में नाचने को लेकर दो गुटों में हुई मारपीट के बीच एक की मौत, कई घरों में लगाई आग
By एस पी सिन्हा | Published: June 28, 2018 08:18 PM2018-06-28T20:18:25+5:302018-06-28T20:18:25+5:30
डीएसपी सरैया डॉ शंकर झा कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पटना,28 जून: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाने के अभि छपरा गांव में बरात में डांस को लेकर बुधवार 27 जून रात गोली मार कर एक महादलित युवक की हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरातियों को लेकर आई नौ गाड़ियों में आग लगा दी। यही नहीं बरातियों से लूटपाट कर उन्हें दौड़ा- दौड़ा कर पीटा भी गया। इसमें दूल्हे की भी पिटाई कर दी गई। देर रात दूल्हा समेत बरात पक्ष के तीन लोग लापता थे।
वहीं, दुल्हन के घर में भी लूटपाट की गई। उसके घर का एक भी सामान नहीं छोडा गया। सूचना मिलते ही डीएसपी सरैया डॉ शंकर झा कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। ग्रामीण पुलिस को शव उठाने नहीं दे रहे थे।
खबरों के मुताबिक अभिछपरा गांव के भगेरन राय की बेटी पारू थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव निवासी जगन्नाथ सिंह के पुत्र विपिन से तय हुई थी। बुधवार को बाजिदपुर से बरात आई थी. रात साढे दस बजे के आसपास दरवाजा लगाने के दौरान नाचने को लेकर बरातियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष के बीच गाली-गलौज के दौरान ही मारपीट होने लगी। इस पर एक ने अवैध हथियार से वासुदेव मांझी के पुत्र नवीन मांझी को गोली मार दी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लड़की पक्ष से पचास मीटर पर ही नवीन का घर था। उसकी मौत की जानकारी मिलते ही उसके टोले की महिलाएं व पुरुषों ने लाठी, डंडे व लोहे की रॉड लेकर दुल्हन समेत उसके आसपास के चार घरों पर हमला बोल दिया। बरातियों की जमकर पिटाई की गई। बराती जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बरात की गाड़ियों में लूटपाट के बाद एक-एक कर नौ गाड़ियों में आग लगा दी गई। स्थिती तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
लोकमत न्यूज के लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो और स्पेशल पैकेज के लिए यहाँ क्लिक कर के सब्सक्राइब करें।