असम पुलिस ने बीते 48 घंटों में प्रतिबंधित अंसार अल-इस्लाम से संबंधित 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार

By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: July 29, 2022 07:51 PM2022-07-29T19:51:42+5:302022-07-29T20:00:32+5:30

असम पुलिस ने बांग्लादेश के प्रतिबंधित आतंकी संगठन अंसार अल-इस्लाम के खिलाफ जबरदस्त छापेमारी की कार्रवाई करते हुए मोरीगांव और बारपेटा जिलों से कुल 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

Assam Police arrested 11 accused related to banned Ansar al-Islam in last 48 hours | असम पुलिस ने बीते 48 घंटों में प्रतिबंधित अंसार अल-इस्लाम से संबंधित 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सौजन्य से: ट्विटर

Highlightsअसम पुलिस ने 48 घंटे में आतंकी संगठन अंसार अल-इस्लाम के कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया हैपुलिस ने इन सभी संदिग्धों की गिरफ्तारी मोरीगांव और बारपेटा जिलों से की हैपुलिस ने गिरफ्तार संदिग्धों में कुछ को कोर्ट से रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है

दिसपुर:असम पुलिस ने बांग्लादेश के प्रतिबंधित आतंकी संगठन अंसार अल-इस्लाम के बड़े स्पीपर सेल का भंडाफोड़ किया है। असम पुलिस ने शुक्रवार को बीते 48 घंटे में सघन छापेमारी करते हुए मोरीगांव जिले से इस आतंकी मॉड्यूल को बेनकाब किया है। इस संबंध में जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक कथित इस्लामी आतंकी संगठन अंसार अल-इस्लाम से ताल्लूक रखने वाले एक शख्स को मुखबिर की निशानदेही पर पकड़ा, जिसके बाद सारा भेद उजागर हुआ।

इस संबंध में मोरीगांव पुलिस ने बताया कि मिलनपुर इलाके के वार्ड नंबर 3 से अफसरुद्दीन भुयान को आतंकी संगठन के साथ संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। भुयान की गिरफ्तारी उसके घर से कई गई। वह मिलनपुर इलाके में कंप्यूटर की दुकान चलाता था और प्राइवेट ट्यूटर के तौर पर भी काम करता था।

समाचार वेबसाइट 'ईस्टमोजो' के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद मोरीगांव के एडिशनल एसपी सुप्रोटिव लाल बरुआ ने कहा, “हमने आरोपी अफसरुद्दीन भुयान को आतंकी संगठन अंसार अल-इस्लाम से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उससे मोरीगांव थाने में पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।"

वहीं इससे पहले गुरुवार को पुलिस ने मुफ्ती मुस्तफा अहमद को मोरीगांव जिले के ही सोहोरिया गांव से गिरफ्तार किया था। इस संबंध में मोइराबारी पुलिस थाने का कहना है कि मुफ्ती मुस्तफा को भी अंसार अल-इस्लाम के साथ कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया। अहमद एक मदरसे का संचालन करता था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मुफ्ती मुस्तफा अहमद कथित तौर पर आतंकवादी संगठन के मिलकर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

मुफ्ती की गिरफ्तारी के मामले में एएसपी बरुआ ने कहा, “अहमद को गुरुवार शाम मोरीगांव की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 12 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हम मुफ्ती से लगातार पूछताछ कर रहे हैं।”

इन दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के साथ असम पुलिस ने गुरुवार से लेकर अबतक मोरीगांव और बारपेटा जिलों से अंसार अल-इस्लाम के साथ कथित संबंधों के आरोप में कम से कम 11 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं बुधवार को भी असम पुलिस ने अंसार अल-इस्लाम के कथित स्लीपर सेल मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए गोलपारा जिले के पखिउरा गांव से 22 साल के अब्बास अली को गिरफ्तार किया था। अली कथित तौर पर अंसार अल-इस्लाम के एक सदस्य को ठिकाना देने और छुपाने का आरोप है।

मालूम हो कि अंसार अल-इस्लाम बांग्लादेश से संबंधित आतंकी संगठन है, जिसे भारतीय उप-महाद्वीप में अल-कायदा से संबंधित माना जाता है। असम पुलिस ने अब तक इस संगंठन से संबंध रखने वाले कम से कम 27 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Web Title: Assam Police arrested 11 accused related to banned Ansar al-Islam in last 48 hours

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे